Celebs Fitness Mantra: क्या आप बॉलीवुड अभिनेत्रियों-सा टोंड बॉडी पाना चाहती हैं तो यह लेख आपके लिए है। अब आप भी उनके जैसा ही खूबसूरत फिगर पा सकती हैं। तो आइए जानते हैं सेलेब्स के फिटनेस मंत्र-
अनन्या करती है हवाई आसन

अनन्या पांडे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और उनके फैंस उनकी फिटनेस टिप्स के लिए काफी एक्टिव रहते हैं। उन्हें सबसे ज्यादा हवाई आसन पसंद है। आपको बता दें हवाई आसन में उल्टा लटककर अपने शरीर को पूरा स्ट्रेच करना होता है। एक्ट्रेस के अनुसार उल्टा लटके हुए आप अपनी बॉडी को बेहतर तरीके से स्ट्रेच कर सकते हैं। सुबह-सुबह उठकर कसरत करने से आपके दिन के लिए एक बेहतर शुरुआत होती है। अनन्या पांडे भी सुबह जल्दी उठकर सबसे पहले वर्कआउट करती हैं। उनका कहना है कि सुबह-सुबह व्यायाम करने से शरीर में पूरे दिन फुर्ती रहती है। सामान्य रूप से अनन्या किसी भी डाइट को अच्छे से फॉलो नहीं करतीं, लेकिन वे सेहतमंद खाना खाती हैं। आपको बता दें कि अनन्या अपने दिन की शुरुआत ग्रीन जूस से करती हैं। यह जूस पानी और खूब सारी हरी सब्जियों से मिलकर बनता है। नाश्ते में ऑमलेट या फिर टोस्ट बटर खाना पसंद करती हैं। अनन्या का कहना है कि वो जितना ज्यादा हो सकता है उतना पानी पीती हैं। पानी पीने से आपकी बॉडी हाइड्रेट रहती है और आपकी स्किन भी ग्लो करती है। अनन्या दिन में 1 बार नारियल का पानी भी नियमित रूप से पीती है।
करीना का वर्कआउट रूटीन

करीना कपूर खान के बारे में सभी जानते हैं कि चालीस की उम्र में भी वह काफी फिट हैं, जो केवल उनके फिटनेस रुटीन के कारण ही संभव हो पाया है। अभिनेत्री करीना कपूर खान अपनी बॉडी शेप को मेंटेन रखने के लिए कड़ी मेहनत करती हैं। वह जिम के साथ-साथ घर पर योगा भी करती हैं। जिम में वे कार्डियो एक्सरसाइज पर ज्यादा ध्यान देती हैं, इसके साथ-साथ योग करना भी पसंद करती हैं। इसके अलावा करीना कपूर खान अपने डाइट का भी खास ध्यान रखती हैं। करीना जंक फूड के साथ-साथ ऑयली फूड से भी दूरियां बना कर चलती हैं। वे कभी भी अपनी डाइट मिस नहीं करती, साथ ही हफ्ते में एक दिन चीट डे भी मनाती हैं।
योग और डाइट पर है अलिया को विश्वास

आपको बता दें कि बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां योग को अपने जीवन का एक हिस्सा मानते हैं। जिनमें से एक अभिनेत्री आलिया भट्ट भी है। आलिया को कई बार जिम के बाहर भी स्पॉट किया गया है साथ ही उन्हें कई बार घर पर योगा करते हुए भी देखा गया है। इसके अलावा उन्होंने कई बार सोशल मीडिया पर भी योगा करते हुए अपनी फोटो शेयर की है। आपको बता दें कि आलिया भट्ट एक्सरसाइज वर्कआउट के अलावा अपनी डाइट का भी बेहद खास ध्यान रखती हैं। बहुत कम लोग यह जानते हैं कि आलिया एक फूडी इंसान हैं लेकिन इसके बावजूद भी वे अपनी डाइट का ध्यान रखती हैं और हफ्ते में 1 दिन चीट डे मनाती हैं।
सलाद से खुद को फिट रखती हैं कियारा

कियारा का डेली रूटीन कुछ ऐसा है कि वह रोजाना सुबह उठते ही गर्म पानी में नींबू मिलाकर पीती हैं। इससे उनकी बॉडी पूरी तरह से डिटॉक्स रहती है। इसकी मदद से बॉडी पूरा दिन फ्रेश फील करती है। उसके बाद वह नाश्ते में सबसे पहले ओट्स खाना पसंद करती हैं। कियारा सभी को फिट रहने के लिए एक घंटे एक्सरसाइज की सलाह भी देती हैं। सबसे खास बात यह है कि कियारा जितना फिटनेस के लिए मेहनत करती हैं उतना ही वह खाने पर भी ध्यान देती हैं। कियारा घर का खाना खाना काफी ज्यादा पसंद करती हैं। अपनी डाइट के बारे में बताते हुए कियारा ने बताया कि ब्रेकफास्ट में हाई प्रोटीन और लो कार्बोहाइड्रेट की चीजें खाती हूं। साथ ही लंच में चपाती, दाल, सब्जी, चावल और ढेर सारा सलाद खाती हूं। शाम में सूखे मेवे लेती हूं और फिर रात में डिनर में प्रोटीन युक्त आहार लेती हूं। वहीं ढेर सारा पानी पीती हूं और तली-भुनी चीजों से दूर रहती हूं।
फिट रहने के लिए करती हैं श्रद्धा कपूर डांस

श्रद्धा खुद को फिट रखने के लिए योग, स्विमिंग और डांस जैसे गतिविधियां करती हैं। योग के साथ ही श्रद्धा कपूर अपने वर्कआउट में पिलेट्स को भी पसंद करती हैं। श्रद्धा कहती हैं कि यदि आप इसे रोजाना करते हैं, तो आपको किसी अन्य प्रकार की कसरत की आवश्यकता नहीं है। यह पूरे शरीर के वर्कआउट के लिए काम आ सकता है। इससे आपके शरीर में फैट जमा नहीं होता। श्रद्धा का कहना है, ‘मैं अपने आपको एक कमरे में बंद कर लेती हूं, जोर से संगीत बजाती हूं और घंटों तक डांस करती हूं।
दिशा पटानी

उनकी एक्सरसाइज की शुरुआत कार्डियो से होती है। इसके साथ वह डांसिंग, जिमनास्टिक और किक बॉक्सिंग को भी अपने वर्कआउट का हिस्सा बनाती हैं। वहीं दिशा अपने दिन की शुरुआत तो वर्कआउट से करती हैं और वो शाम को भी एक्सरसाइज करती हैं। शाम के समय दिशा वेट लिफ्ंिटग को अपने वर्कआउट का पार्ट बनाती हैं। वह नाश्ते में 2-3 अंडे, टोस्ट, दूध और जूस लेती हैं। इसके अलावा भी वो कभी-कभी एक बाउल सीरियल्स और दूध लेती हैं। दिशा अपने लंच और डिनर में ताजे फल और जूस जरूर शामिल करती हैं। इसके अलावा अभिनेत्री हरी सब्जी की सलाद, ब्राउन राइस, दाल खाती हैं। वहीं दिन की भूख मिटाने के लिए दिशा बादाम और मूंगफली के दाने का सहारा लेती हैं। वहीं दिशा लंच में ऐसी चीजे लेती हैं जिसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन हो। वो ज्यादातर खाने में चावल और चिकन खाना पसंद करती हैं। वह डिनर में भी अधिक प्रोटीन वाली चीजें जैसे- एक बाउल अंडा खाती हैं और भरपूर मात्रा में पानी पीती हैं।
भाग्यश्री को पसंद है इमली

अभिनेत्री भाग्यश्री को देखकर कोई नहीं कह सकता कि उनकी उम्र 53 है, क्योंकि वह नियमित व्यायाम और योग करने के साथ अपने खानपान का विशेष ध्यान भी रखती हैं। वह पानी वाली और फाइबर युक्त सब्जियों जैसे- लौकी, खीरा, टमाटर, बंदगोभी, पालक, जुकिनी आदि का सेवन ज्यादा करती हैं। वह सलाद खूब खाती हैं और उन्हें इमली भी बहुत पसंद है। उनका मानना है कि इमली कई पोषक तत्वों से भरपूर है। इसमें बड़ी मात्रा में विटामिन सी, कैल्शियम और मैग्नीशियम भी होता है, जो हड्डियों को मजबूत करता है। यह विटामिन ए और आयरन से भी भरपूर है। भाग्यश्री का कहना है कि मेनोपॉज के दौरान और बाद में महिलाओं को अनार खाना चाहिए। यह एंटीऑक्सीडेंट गुणों की वजह से स्किन के लिए बेहद अच्छा है।