इस मौसम में गिरता तापमान और ठिठुरती सर्दी फिटनेस प्रेमियों को डरा देती है। शोध बताते हैं कि फिटनेस प्रेमियों में से करीब 30 फीसद लोग इस मौसम में घर पर ही रहना पसंद करते हैं। वे एक्सरसाइज के लिए बाहर जाना पसंद नहीं करते। ठिठुरते मौसम में एक्सरसाइज न करना ठीक नहीं है। सर्दियों में लोगों का वजन बढ़ जाता है और उनमें स्टैमिना की कमी आ जाती है। इससे बचने के लिए एक्सरसाइज ही एकमात्र विकल्प है।
जब बाहर करें वर्कआउट
आउटडोर एक्सरसाइज के लिए जरूरी है कि आप खुद को लेयर्ड कपड़ों में पैक कर लें। शरीर को गर्मी प्रदान करने का यह बेहतरीन तरीका है। सबसे ऊपर विंड प्रूफ कपड़े पहनें ताकि जब आप गर्म महसूस करें तो इसे आसानी से निकाल सकें।
खुद को करें वॉर्म-अप
कम तापमान में हमारी मांसपेशियां जकड़ जाती हैं और चोट लगने की आशंका ज्यादा रहती है। इसलिए फिजिकल एक्टिविटी से पहले सही वॉर्म-अप जरूरी है। दरअसल हमारे शरीर को सर्दियों में शारीरिक गतिविधि के लिए तैयार करने के लिए अधिक समय चाहिए होता है। वर्कआउट के शुरुआती 10 मिनट में आपकी श्वसन प्रणाली और कार्डियोवस्कुलर सिस्टम आपकी मांसपेशियों के साथ काम नहीं करता है। इसलिए सर्दियों में कम से कम दस मिनट का वॉर्म-अप जरूरी है। शुरुआत घर के भीतर से ही करें तो बेहतर रहेगा। स्ट्रेचिंग, स्क्वैट्स और मल्टीडायरेक्शनल लंजेज इसके लिए सही हैं। इसके बाद ब्रिस्क वॉक के लिए निकलें और धीरे-धीरे जॉगिंग पर आएं।
दास्ताने जरूर पहनें
सर्दियों में हाथ भी बेहद ठंडे हो जाते हैं। ऐसे में बाहर निकलकर वर्कआउट करने से हाथों के साथ पूरे शरीर की हालत खराब हो जाती है। आप बार-बार अपने हाथ को जेब में डालेंगी तो सही तरीके से वर्कआउट नहीं हो पाएगी। इसलिए दास्ताने जरूर पहनें। आपके हाथ सूखे रहें, इसके लिए आप पतले सिंथेटिक लाइनर वाले दास्ताने पहन सकती हैं।
इंसुलेटेड जूते पहनें
आपका लक्ष्य है वर्कआउट के दौरान पैरों को भी गर्म और सूखा रखना। यदि आप भारी जुराबें पहनेंगे तो पैर जूते में कसे महसूस होंगे। यदि आप जूते पहन भी लेते हैं तो अधिक दबाव के कारण जुराब का इंसुलेटिंग प्रभाव और पैरों में खून का प्रवाह भी कम हो जाएगा। इसलिए विशुद्ध सूती जुराबों की जगह पर इंसुलेटेड जूते पहनें।
पसीने का वर्कआउट से संबंध
यह न सोचें कि अच्छे वर्कआउट के लिए पसीना निकलना जरूरी है। पसीने का वर्कआउट से कोई संबंध नहीं है। पसीने से बचना चाहिए ताकि कपड़े गीले न हो। इससे ज्यादा ठंड लगेगी।
तुरंत कपड़े न उतारें
एक्सरसाइज के बाद जैसे ही अंदर आते हैं आपका मन करता है कपड़े हटा देने का जो ठीक नहीं है। अपने शरीर के तापमान को एडजस्ट होने का समय दें। घर आने के बाद कम से कम पांच-दस मिनट शांति से बैठें और उसके बाद ही कपड़े बदलें।
पानी पीते रहें
गर्मियों की तरह सर्दियों में भी पानी पीते रहना चाहिए। एक्सरसाइज करते समय हाइड्रेटेड रहना चाहिए, तब भी जब प्यास न लग रही हो।
जब इनडोर वर्कआउट करें
- किसी भी इनडोर लोकेशन जैसे मॉल या सोसायटी के क्लब हाउस में वॉक लीजिए। यदि आपको अतिरिक्त मोटिवेशन की जरूरत है तो कोई वॉकिंग ग्रुप ज्वाइन कर लें।
- बेहतर होगा कि इन दिनों के लिए आप किसी फिजिकल एक्टिविटी की क्लास ज्वाइन कर लें।
- हेल्थ क्लब में हर सप्ताह अलग-अलग एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटी में भाग ले सकते हैं।
- घर पर ही जिम बना लें। कुछ डंबल्स, एक्सरसाइज बॉल और कूदने वाली रस्सी से ही आप घर के एक कोने को जिम में परिवर्तित कर सकते हैं।
- संभव हो तो ट्रेडमिल खरीद ले।
(फिटनेस इंस्ट्रक्टर दिनेश सिंह से बातचीत पर आधारित)
इन्हें भी पढ़ें-
बड़े काम के हैं नींबू के ये घरेलू नुुस्खे
वेट लॉस के लिए ट्राई करें ये 7 होम रेमेडीज़
