थकी-थकी सी जिंदगी हंस के चल पड़े, इसके लिए महिलाओं को अपने खानपान का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। महिलाओं के दिन भर के ईंधन के लिए जरूरी है कि आप अपनी दिनचर्या में बढिय़ा और हैल्दी खाएं ताकि आप फिट भी रहें और आपको एनर्जी भी मिलती रहे।
फल हैं आपके सुपरफूड्स
आप पर बहुत जिम्मेदारियां होती हैं, घर ऑफिस एक साथ बैलेंस करना, बच्चे संभालना, फिर भी अब ऐसा नहीं है कि किचन में जो बच जाए बस उसी को आप खा-पीकर अपना पेट भर लें। आपको अपने खाने में इन सुपरफूड्स को शामिल करना बेहद जरूरी है।
एवोकैडो से पाएं हैल्दी फैट
इसमें कोलेस्ट्रॉल कम करने वाला मोनोसैचुरेटेड फैट होता है, जो आपके शरीर को मजबूत बनाने के साथ ही दर्द रहित भी रखता है। यह कम लोगों को ही पता है कि लो फैट डाइट लेने से आपकी मांसपेशियां और जोड़ कमजोर हो जाते हैं। एक दिन में एवोकैडो की कुछ स्लाइस खाने से ही शरीर को पर्याप्त फैट मिलता है।
बेरी है वेरी गुड
इसमें भरपूर एंटीऑक्सीडेंट होता है। चाहे ब्लूबेरी खाएं, रसबेरी या ब्लैकबेरी, इसमें पोषण इतना ज्यादा होता है कि यह फ्री रैडिकल डैमेज से आपकी मांसपेशियों की सुरक्षा करता है। बेरी खरीदने का एक ही मंत्र है। इस फल का रंग जितना गहरा होगा, यह उतना ही अधिक स्वास्थ्यवर्धक होगा। इसलिए स्ट्रॉबेरी की बजाय ब्लूबेरी और ब्लैकबेरी खाने पर जोर दें।
केले से पाएं एनर्जी

मांसपेशियों में दर्द का कारण सोडियम होता है लेकिन हम इससे इनकार नहीं कर सकते हैं कि इसका एक अन्य कारण हमारे शरीर में पोटेशियम की कमी भी है। इस लिहाज से देखा जाए तो पोटेशियम के लिए केले से बेहतर कोई अन्य फल नहीं है। केले में ऊर्जावान कार्बोहाइड्रेट भी होता है। एक मध्यम आकार के केला में 400 मिलीग्राम पोटेशियम और करीब 30 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होता है, जो होल व्हीट ब्रेड की दो स्लाइस के बराबर है।
गाजर है आपके लिए खास

अपनी आंखें बंद करके गाजर देखिए। आपको किसी क्रंची कैंडी जैसी लगने वाली गाजर में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो मांसपेशियों को ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसमें पोटेशियम भी होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखने के साथ ही मसल्स कॉन्ट्राडिक्शन को भी नियंत्रित करता है।
शामिल करें होल ग्रेन सीरियल्स भी
इसमें एंडरेंस बूस्टिंग कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन होता है। यदि आप फिटनेस फ्रीक हैं तो वर्कआउट करने से एक घंटे पहले 3/4 कप होल ग्रेन सीरियल को फैट फ्री दूध के साथ खाएं। इस तरह से आपको ऊर्जा ज्यादा मिलेगी, साथ ही आप अच्छी तरह से वर्कआउट करके एनर्जी भी महसूस करेंगी।
अंडे से मिले आयरन

कई लोग अंडे का सफेद भाग खा लेते हैं और जर्दी को छोड़ देते हैं। ऐसा बिल्कुल न करें। जर्दी आयरन का बेहतरीन स्रोत है जो महिलाओं के लिए बेहद जरूरी है। साथ ही इसमें लेसिथिन भी होता है, जो मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए
जरूरी है।
दूध को बनाएं चॉकलेटी
दूध एक ऐसा पेय है जिममें भरपूर मात्रा में ऊर्जा मिलती है। साथ ही यह कैल्शियम से भी भरपूर है। यह आपकी कैलोरी इनटेक को कम करता है। चॉकलेट युक्त दूध में कैल्शियम, विटामिन और मिनरल आपकी मांसपेशियों की लगातार मरम्मत करते रहते हैं। इसलिए दूध में थोड़ा सा कोको डालकर पिएं, इससे आपका स्वाद भी चेंज होगा और एनर्जी भी मिलेगी।
लो फैट दही खाएं
कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत होने के साथ ही लो फैट दही मिनरल का भी स्रोत होता है। यदि आपके शरीर को भरपूर कैल्शियम नहीं मिलता है तो कैल्सिट्रिओल नामक हार्मोन का स्राव होता है, जो शरीर में फैट जमा करने का कारण बनता है। इसलिए रोजाना की कैल्शियम की जरूरतों को पूरा करके हम बेहतरी से फैट का खात्मा कर पाते हैं।
मूंगफली है आपके लिए सही

मूंगफली आपकी भूख की क्रेविंग कम करती हैं। शोध बताते हैं कि जिन लोगों ने अपने तीन सप्ताह की डाइट में 500 कैलोरी मूंगफली का सेवन किया, उनके वजन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई, बल्कि ट्राइग्लिसराइड्स में 24 फीसद की कमी पाई गई, जो दिल के रोग से जुड़ा ब्लड फैट होता है।
बादाम खाएं फिट रहें

प्रोटीन, मैंग्नीज, कॉपर और रिबोफ्लेविन युक्त बादाम को आप कभी भी किसी भी समय स्नैक्स के तौर पर खा सकती हैं। सेल्स के अंदर ही टॉक्सिन को न्यूट्रिलाइज करके शरीर में ऊर्जा का संचार करने में कॉपर और मैंग्नीज अहम भूमिका निभाते हैं। रिबोफ्लेविन ऑक्सीजन आधारित ऊर्जा का संचार करता है।
कैसे रखें खुद को एनर्जेटिक
अगर आप इन सब के साथ कुछ और चीजें करेंगी तो यकीनन आपको रोज-रोज की थकान और ऊर्जा में कमी से मुक्ति मिलेगी बस कुछ बातों का ध्यान रखें।
ताजा खाना खाएं सुबह का रात को और रात का बचा खाना अगले दिन सुबह को न खाएं। खाना बनाने के साथ ही उसके बर्बाद न होने की जिम्मेदारी भी आप पर ही है। ऐसा बिल्कुल ना करें। ताजा भोजन करें।
बाहर का खाना कम खाएं

कभी-कभी तो ठीक है लेकिन अक्सर अगर आप बाहर का खाना खाती हैं, तो ध्यान रखिए कि घर का खाना ही ठीक होता है।
तेल, नमक मसाले कम खाएं
तेल मसाले का कम सेवन करना ही सही है। ध्यान रहे कि जब भी आप घर पर खाना बनाती हैं तो कम तेल, कम मसाले और कम नमक का इस्तेमाल करें, इससे आप फिट रहेंगी साथ ही एनर्जेटिग भी।
स्वास्थ्यवर्धक हो खानपान
कुछ भी खाना सही नहीं है। भोजन में सभी पोषक तत्वों को शामिल करना जरूरी है, जैसे हरी सब्जियां, दालें, सलाद, दही वगैरह। भले ही आप रोटी या चावल थोड़ा कम खाएं लेकिन इन चीजों को शामिल जरूर करें।
सिक्स मील इन ए डे
जी हां, अगर आप इस बात को फॉलो नहीं करतीं तो आज से ही शुरू करें। थोड़ा-थोड़ा खाएं लेकिन दिन भर में कम से कम छह बार खाएं। इन छह बार को आप ब्रेकफास्ट, फ्रूट्स, लंच, स्नैक्स, सलाद और डिनर में बांट सकते हैं।
भरपूर नींद लें
आप सब कुछ करती हैं लेकिन पर्याप्त नींद ना लें तो आपका सारा किया कराया बेकार। आपको पता है कि कम से 8 घंटे की नींद अत्यंत आवश्यक है। आप रात को अच्छी तरह नींद लें फिर देंखे कि कैसे रहती हैं आप सुबह तरोताजा। तो अब समय आ गया है कि आप सोचें कि आपके लिए क्या खाना सही है, कैसे खाना सही है और कैसी हो आपकी दिनचर्या। तो फिर अपनाइए इन सारी टिप्स को और पाइए खुद को तरोताजा हर दिन, हर पल।
सौजन्य : (पचौली स्पा एंड वेलनेस डेस्टिनेशन नई दिल्ली की न्यूट्रीशनिस्ट प्रीति सेठ से बातचीत पर आधारित)
इन्हें भी देखें-
