पाचन की सेहत के लिए कौन कौन से मोटे अनाज सेहतमंद हैं?
पाचन शक्ति को मजबूत करने के लिए मोटे अनाजों को अपने आहार में शामिल करें। इससे आपको कई अन्य लाभ मिल सकते हैं। आइए जानते हैं पाचन शक्ति को मजबूत करने वाले मोटे अनाज कौन से हैं?
Millets for Digestion : पाचन शक्ति को मजबूत करना बहुत ही जरूरी है। अगर आपका पाचन तंत्र कमजोर है, तो इससे कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इन समस्याओं में पेट का भारीपन, कब्ज, अपच, एसिडिटी इत्यादि शामिल है। अगर आप चाहते हैं कि आपका पाचन तंत्र मजबूत हो तो इसके लिए आप अपने आहार में मोटे अनाजों को शामिल करें। मोटे अनाज में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो पाचन की मजबूती को बढ़ावा दे सकते हैं। इन पोषक तत्वों में सबसे प्रमुख फाइबर होता है, जो पाचन के लिए काफी अच्छा माना जाता है। आइए जानते हैं पाचन की सेहत के लिए कौन कौन से मोटे अनाज सेहतमंद हैं?
बाजरा है पाचन के लिए बेस्ट

बाजरा पाचन तंत्र को मजबूत कर सकता है। यह न सिर्फ फाइबर का काफी अच्छा स्त्रोत है, बल्कि इसमें कैल्शियम और आयरन भी होता है, जो आपके शरीर के लिए फायदेमंद है। बाजरा को अपने आहार में शामिल करके आप अपनी पाचन शक्ति को मजबूत कर सकते हैं। इससे कब्ज, अपच जैसी परेशानियों से राहत पा सकते हैं। बाजरा का सेवन आप रोटी, लड्डू जैसी चीजों के रूप में कर सकते हैं।
रागी से करें पाचन मजबूत

पाचन शक्ति को बढ़ावा देने के लिए रागी का सेवन करें। रागी में न सिर्फ फाइबर होता है, बल्कि यह आयरन का भी काफी अच्छा स्त्रोत है। इसके सेवन से शरीर में खून की कमी दूर की जा सकती है। इसके अलावा रागी कब्ज की परेशानियों से भी राहत दिलाने में प्रभावी है। रागी से कई तरह के डिशेज बनाए जा सकते हैं।
मक्का है हेल्दी
मक्का पाचन के लिए काफी हेल्दी होता है। यह भी बाजरा और रागी की तरह फाइबर के भरपूर होता है। नियमित रूप से मक्का को अपने आहार में शामिल करने से आपकी पाचन शक्ति को मजबूती मिल सकती है। मक्का का सेवन आप पॉपकॉर्न से लेकर रोटी के रूप में कर सकते हैं। हालांकि, मार्केट के पॉपकॉर्न से आपको उतना अधिक फायदा नहीं होता है, क्योंकि इसमें कई तरह की प्रीजर्वेटिव चीजे होती हैं, जो सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकती हैं।

ज्वार है फायदेमंद
पाचन शक्ति की मजबूती को बढ़ावा देने के लिए ज्वार को भी अपने आहार में शामिल किया जा सकता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व जैसे- प्रोटीन, फाइबर, पोटैशियम, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स पाए जाते हैं, जो पाचन के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। अगर आप पाचन शक्ति को मजबूत करना चाहते हैं तो ज्वार को अपने आहार में जरूर शामिल करें।

कुट्टू का करें सेवन
पाचन के लिए आप अपने आहार में कुट्टू को शामिल करें। कुट्टू में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन के लिए फायदेमंद हैं। इसमें भरपूर रूप से प्रोटीन, शुगर, फाइबर, कार्ब्स और मैग्नीज पाए जाते हैं, जो पाचन शक्ति को बढ़ावा दे सकते हैं। इससे आपको काफी लाभ होगा।

पाचन शक्ति की मजबूती को बढ़ाने के लिए आप इन मोटे अनाज को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको पाचन से जुड़ी किसी तरह की समस्या पहले से है तो एक्सपर्ट की सलाह पर ही इन आहार का सेवन करें।
