Valentine's Day पर Heart-Shaped Food सर्व कर पार्टनर को करें खुश
घर पर ही रोमांटिक डेट चाहते हैं तो बनाएं ये दिल के आकार के व्यंजन। होम शेफ टीना आहूजा ने शेयर की रेसिपी।
5 Heart-Shaped Recipes: Valentine’s Day करीब है और ऐसे में यह लगता ही है कि इस बार अपने पार्टनर के लिए क्या खास किया जाए। अगर आप भी इसी सोच में डूबी हैं तो यहां उत्तरप्रदेश के कानपुर की रहने वाली गृहलक्ष्मी होम शेफ टीना आहूजा की बताई 5 Heart-Shaped Recipes फॉलो कर अपने पार्टनर के चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान ला सकती हैं। टीना हमेशा नई-नई रेसिपी प्रयोग करती रहती हैं। इस बार उन्होंने वैलेंटाइन्स डे की रोमांटिक डेट के लिए एक विशेष हार्ट-शेप्ड रेसिपी साझा की है, उम्मीद है कि आपको ये जरूर पसंद आएगी।
हार्ट पनीर कोकोनट बर्फ़ी

सामग्री
(4 लोगों के लिए)
- 1 कप- नारियल चूरा
- 1 कप- कद्दूकस पनीर
- 3/4 कप- चीनी
- 1/4 कप- दूध
- 1 टेबल स्पून- घी
बनाने की विधि
- एक पैन में पनीर, नारियल चूरा और शक्कर डाल दें। अब इसमें दूध और घी भी मिला लें।
- अब पैन को गैस पर रखकर पकाना शुरू करेंगे। जब मिश्रण गाढ़ा होना शुरू हो जाए तो इसे 5-7 मिनट लगातार चलाते हुए पका लेंगे। इसके बाद गैस बंद कर दें।
- अब इस गाढे़ मिश्रण को ग्रीस की हुए थाली में सेट कर देंगे। अब इसे आप हार्ट के आकार में काट लें। आपकी हार्ट कोकोनट बर्फी बनकर तैयार है। अब इसे अपने लव्ड वन को सर्व कर अपने प्यार का इजहार कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें | Khaja Recipe : जानिए क्रिस्पी खाजा कैसे बनाएं
हार्ट शेप चॉकलेट केक

सामग्री
- 1 कप – आटा
- 4 बड़े चम्मच – कोको पाउडर
- 1/2 कप – ब्राउन शुगर
- 1/3 कप – रिफाइंड ऑयल
- 1/4 चम्मच – बेकिंग सोडा
- 1 चम्मच – बेकिंग पाउडर
- आवश्यकतानुसार दूध
बनाने की विधि
- सबसे पहले आटा, कोको पाउडर, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर को बाउल में छान लीजिये।
- एक बाउल में ब्राउन शुगर और रिफाइंड ऑयल को अच्छे से मिक्स कीजिये फिर इसे आटे वाले मिश्रण में डाल कर मिक्स कीजिये।
- अब आवश्यकतानुसार दूध डालकर स्मूथ बैटर तैयार कीजिये।
- अब कुकर को गैस पर रखकर 10 मिनट तक गर्म कर लीजिये। फिर केक के हार्ट शेप के मोल्ड मे थोड़ा सा रिफाइंड तेल लगा कर मोल्ड को अच्छे से ग्रीस कर लीजिये
- अब इसमें केक के मिश्रण को मोल्ड में डालकर दो बार टैप करे जिससे एयर ना रह जाये
- अब कुकर मे एक स्टैंड रखे उसके ऊपर केक वाला मोल्ड रख दीजिये और कवर करके 50से 60 मिनट बेक कर लीजिये।
- अब कवर हटाकर टूथपिक से चैक कीजिये यदि टूथपिक साफ निकल जाये तो समझ लीजिये केक बेक हो चुका है।
- अब ठंडा हो जाने पर नाइफ की सहायता से किनारे से निकालकर धीरे से एक प्लेट मे पलटकर निकाल लीजिये। हमारा हार्ट शेप चॉकलेट केक तैयार है।
आटा बेसन हार्ट शेप कुकीज़

सामग्री
(4 लोगों के लिए)
- 1 कप- आटा
- 1 कप- बेसन
- 1/2 कप- चीनी पाउडर
- 3 चम्मच- देशी घी
- 1/2 कप- दूध
- 1/2 छोटा चम्मच- छोटी इलायची पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच- पिस्ता कतरा हुआ
- हार्ट शेप कुकी कटर
बनाने की विधि
- एक बाउल में देशी घी, चीनी पाउडर और इलायची पाउडर डालकर मिक्स करें।
- अब चीनी घी के बाउल में आटा और बेसन डालकर हलके हाथ से अच्छे से मिक्स कर लें। साथ ही दूध भी डालें और मीडियम डो बना लें।
- अब डो के 2 हिस्से करें और मोटा बेल लें. अब कुकी कटर से काट लें. कटे कुकी को बादाम पिस्ता से सजा लें।
- एक नॉन स्टिक पैन को हल्का गरम करें और कुकी रखकर ढक्कन लगा दें. बीच में चेक करते रहें। आंच बिलकुल कम रखें। 8 से 10 मिनट तक पकाएं। कुकी को पलट लें और गैस बंद कर दें।
- कुकी दोनों तरफ से बेक हो जायेगी। तैयार है वैलेंटाइन स्पेशल कुकीज़।
चीज़ी हार्ट कटलेट

सामग्री
समय- 25 मिनट
(4 लोगों के लिए)
- 1 कप- उबले और कद्दूकस किये आलू
- 3/4 कप- ब्रेड क्रमब्स
- 2- बारीक़ कटी हरी मिर्च
- 1/4 कप- हरा धनिया बारीक़ कटा
- 2 टेबल स्पून- हरा प्याज़ बारीक़ कटा
- 1/4 कप- बारीक़ कटा प्याज़
- 2-3- चीज़ क्यूब
- 1/2 टी स्पून- जीरा
- 1/2 टी स्पून- धनिया पाउडर
- 1/4 टी स्पून- गरम मसाला
- 1/2 टी स्पून- लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 टी स्पून- अमचूर पाउडर
- स्वाद अनुसार नमक
- 1/4 कप- ब्रेड क्रम्ब्स (कटलेट रोल करने के लिए)
- आवश्यकतानुसार तेल फ्राई करने के लिए
बनाने की विधि
- सभी सामग्री को एक साथ लें।
- एक कटोरे में आलू, ब्रेड क्रम्ब्स और कटी सब्जियां और मसाले मिला लें और डो बना लें।
चीज़ क्यूब को छोटे टुकड़ों में काट लें। - थोड़ा आलू का डो हाथ पर फैलाएं, इस पर चीज़ का एक टुकड़ा रखें।
- इसे चारों तरफ से समेटकर बंद कर लें और बॉल बना लें, अब हार्ट का शेप दें। इसके बाद ब्रेड क्रम्ब्स में कोट कर लें।
- ऐसे ही सभी कटलेट बना लें। फिर इन्हें 15 मिनट के लिए फ्रिज में रखें।
- पैन में तेल गर्म करें, अब कटलेट को मध्यम आंच पर तल लें, जब सुनहरे और क्रिस्प हो जाये तब किचन पेपर पर निकाल लें।
- क्रिस्पी और चीज़ी कटलेट सर्व करने के लिए तैयार हैं, इन्हें टोमेटो केचप के साथ अपने साथी को परोसेें।
इंस्टेंट हार्टी कलाकंद

सामग्री
- 3/4 कप- मावा (खोया)
- 3/4 कप- पनीर
- 5 छोटे चम्मच या स्वाद के अनुसार चीनी पाउडर
- आवश्यकतानुसार पिस्ता बारीक कटे हुए
- आवश्यकतानुसार काजू
- 1/2 चम्मच- छोटी इलायची पाउडर
- 1 टीस्पून- घी
- 3 बूंद- पिंक फूड कलर (ऑप्शनल)
बनाने की विधि
- पनीर को क्रम्बल या कददूकस कर लें और पिस्ता को बारीक काट लें।
- पैन को गर्म कर घी डालें। अब आंच धीमी कर दीजिए और मावा को क्रम्बल करके कढ़ाई में डालिए।
- लगातार चलाते हुए मावा को अच्छी तरह सुगन्ध आने तक भून लीजिये।
- अब क्रम्बल किये हुए पनीर को मावा के ऊपर ही डाल दीजिये और लगातार चलाते हुये, मावा और पनीर के अच्छी तरह मिलने और सूखा (ड्राई) होने तक भून लीजिये।
- सुगंध और स्वाद को बढ़ाने के लिए हरी इलायची पाउडर मिलाएं।
- अब 3 बूंद पिंक फूड कलर डालकर मिला लें। फूड कलर डालना बिल्कुल ऑप्शनल हैं।
- हमें लगभग 2 मिनट तक भूनना है। अब गैस ऑफ कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दीजिए।
- मिश्रण के थोड़ा ठंडा होने के बाद, अब इसमें चीनी पाउडर डालेगें और चलाते हुये अच्छी तरह मिक्स कर लेंगे।
- किसी भी थाली या ट्रे को थोड़ा सा घी लगाकर चिकना कर लेंगे और चिकनी की हुई प्लेट में मिश्रण डालेंगे और एक जैसा फैला देंगे। इसपर बारीक कटे पिस्ते डाल देंगे।
- स्पैटूला की मदद से पिस्ते को हल्का दबा दें और काजू लगाकर हार्ट शेप में काट लें। आप चाहे तो कलाकंद को 1 घंटे के लिए फ्रिज में भी रख सकती हैं।
