गर्मी हो या सर्दी का मौसम, आइसक्रीम हमेशा ही पसंद आती है। आइसक्रीम के साथ अगर फलों का गुण भी मिल जाए तो यह रेसिपी हेल्दी हो जाती है। तभी तो ताजे फलों की आइसक्रीम घर पर बनाने और खाने का आइडिया शानदार होता है। इसमें फलों का पोषण तो मिलता ही है और आइसक्रीम के रूप में सेवन करने से टेस्ट भी बदल जाता है। आमतौर पर गर्मी में आम का मौसम हो तो उसका जूस, लस्सी तो पी ही होगी। एक बार मैंगो आइसक्रीम ट्राय कर सकते हैं। यहां मैंगो आइसक्रीम की ऐसी रेसिपी दी गई है जिसमें कोई केमिकल यूज नहीं किया गया है। वहीं केले को भी केवल शेक तक सीमित मत रखिए क्योंकि इससे भी टेस्टी आइसक्रीम बनकर तैयार हो सकती है। स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम का फ्लेवर बच्चों को हमेशा से ही भाता है लेकिन एसेंस की बजाए अगर ताजे स्ट्रॉबेरी की आइसक्रीम बनाकर देंगी तो टेस्ट दोगुना होगा और साथ ही इसके स्वास्थ्यवर्धक गुण भी शरीर में जाएंगे। अनार को लेकर दादी-नानी कहती ही रहती है कि इसे खाओ, खून बढ़ेगा। तो बच्चों को क्यों ना आइसक्रीम के रूप में अनार खिला दें। अगर घर में कई सारे फल मौजूद हैं तो मिक्स फ्रूट आइसक्रीम बनाने का आइडिया सबसे बढ़िया है। यहां इन सभी फलों से बनीं आइसक्रीम की रेसिपी दी है जिसे बनाना ज्यादा मशक्कत का काम नहीं है।

मैंगो आइसक्रीम

सामग्री

1 लीटर या 4 कप फुल फैट दूध

4 टेबलस्पून मिल्क पाउडर

1 कप ठंडा दूध

1/2 कप शक्कर

3 हापुस आम

विधि

एक बाउल में 1 कप ठंडे दूध में मिल्क पाउड मिल्क कर घोल लें। इसमें गुटलियां न रहे।

– एक मोटे तले वाले बर्तन में 1 लीटर दूध लें। इसे मध्यम आंच पर उबाल लें।

– आधा हो जाने तक हिलाते हुए उबालें।

– दूध आधा हो जाने पर इसमें मिल्क पाउडर वाला दूध डालकर हिलाएं।

– इसे 10 मिनट के लिए मध्यम आंच पर उबने देंगे।

– इसके बाद आधा कप शक्कर डाल देंगे और 5 मिनट के लिए उबालेंगे। दूध गाढ़ा होने पर गैस से उतार लेंगे। रूम टेम्परेचर पर आने दें। 

– अब एक मिक्सर में तीन हापुस आम के टुकड़े काट करे इसकी प्यूरी बना लेंगे। इसमें थोड़ा दूध डालकर बना सकते हैं।

– दूध के रूम टेम्परेचर में आने पर इसमें यह प्यूरी मिलाकर अच्छे से मिक्स कर देंगे।

– अब आइसक्रीम ट्रे में यह घोल डाल देंगे। इसे फॉइल पेपर से ढंककर 6-7 घंटे के लिए फ्रिजर में रख दें।

– सेट हो जाने के बाद आइसक्रीम को एक बाउल में निकाल दें। चम्मच की मदद से हल्के से कट करेंगे। इसे व्हिप मशीन या मिक्सर में फिर चलाकर घुमा लेंगे।

– यह काफी सॉफ्ट हो जाएगा और इसे फिर आइसक्रीम ट्रे में डाल देंगे।

– इसे 8 घंटे के लिए फ्रिजर में रख देंगे। आइसक्रीम तैयार है।

स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम

सामग्री

5-6 बड़े साइज का स्ट्रॉबेरी

250 मिली फ्रेश क्रीम

200 मिली कंडेस्ड मिल्क

3-4 बूंद रेड फ्रूट कलर

विधि

– स्ट्रॉबेरी के ठंडल तोड़ लें और इसके टुकड़े कर इसे पीस लें और फिर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।

– फ्रेश क्रीम को फ्रीज में पहले खूब ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद इसे एक बाउल में निकाल लें और व्हिप कर लें।

– इसमें कंडेस्ड मिल्क मिलाकर फिर व्हिप करें लेकिन केवल 2 से 3 मिनट तक ही करें।

– अब इसमें फ्रिज में रखा हुआ स्ट्रॉबेरी का पेस्ट डाल देंगे।

– इसके बाद अब नॉर्मल चम्मच से हिलाएंगे। व्हिप नहीं करेंगे।

– अब इसमें फ्रूट कलर की बूंदें डालकर मिलाएंगे।

– अब किसी एयर टाइट कंटेनर में क्रीम का मिक्चर डाल दें।  

– इसे 7 से 8 घंटे फ्रिजर में जमने दें। इसके बाद स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम तैयार है।

बनाना आइसक्रीम

सामग्री

5-6 बड़े केले

1/2 कप पीसी हुई शक्कर

250 मिली फ्रेश कीम

1 कप दूध

वेनिला एसेंस

पिस्ता, बादाम कतरन

विधि

– केले को छील लें और इसके टुकड़े काट लें।

– प्लास्टिक कंटेनर में इन्हें डालकर दो घंटे के लिए फ्रिजर में रख दें।

– फ्रिजर से बाहर निकालने के बाद केले को मिक्सर में डाल दें।

– अब इसमें दूध, पीसी हुई शक्कर, फ्रेश क्रीम, आधा चम्मच वेनिला एसेंस और कटे हुए बादाम डालकर पीस लें।

– अब इसके कंटेनर में डाल दें। इसे कवर करके 1 घंटे के लिए फ्रिजर में रख दें।

– एक घंटे बाद थोड़ी जमी हुई आइसक्रीम को फिर मिक्सर जार में डालकर ग्राइंड कर दें।

– इसे उसी कंटेनर में डालकर इसमें ऊपर से पिस्ता और बादाम की कतरन डाल दें।

– अब इसे कवर कर फॉइल से कवर कर फ्रिजर में रख दें।

– 8-9 घंटे बाद यह सेट हो जाएगी।

अनार की आइसक्रीम 

सामग्री

100 ग्राम मिल्कमेड

50 ग्राम क्रीम

1 कप अनार के दाने की प्यूरी

विधि

– एक बाउल में क्रीम को व्हिप करें। क्रीम ठंडी होनी चाहिए इससे यह अच्छी व्हीप होगी।

– अब इसमें मिल्कमेड डालकर व्हिप करें।

– इसमें अनारदाने की प्यूरी डालकर मिलाएंगे।

– इसके बाद कुछ अनार के दाने भी डालेंगे।

– अब इसे कंटेनर में रखकर फ्रिज में 1 घंटे के लिए रख देंगे।

– इसे फिर अच्छी तरह फेंट लेंगे और कवर कर देंगे।

– अब 8 घंटे के लिए जमने के लिए रख देंगे। आठ घंटे बाद आइसक्रीम सेट हो गई है।

मिक्स फ्रूट आइस्क्रीम

सामग्री

2 बड़े केले

1 बड़ा आम

1 कप अनार दाना

1/2 कप काले अंगूर

फ्रेश मलाई

शक्कर

दही

ड्राय फूट्स

शहद

विधि

– सबसे पहले मिक्सर में अनार दाने के मिक्सर में पीस लें।

– इसके छानकर बीज अलग कर लें।

– अब मिक्सर में फिर अनार जूस में छिले हुए काले अंगूर डालें, दो केले, कटे हुए आम  काटकर डाल दें।

– इसमें छना हुआ दही, मलाई, शक्कर डालकर पीस लें।  

– अब इसे कंटेनर में निकल लें और शहद डालकर मिक्स कर लें।

– इसे फ्रिजर में पहले 2 घंटे के लिए रखें।

– इसके बाद निकालकर मिक्सर में पीस लें।

– अब फिर कंटेनर में निकाल कर ऊपर से कटे हुए ड्रायफ्रूट्स डाल दें।

– इसे अब 8 घंटे के लिए जमने के लिए रख दें।

यह भी पढ़ें :


मिल्कमेड से झटपट बनाइए ये 5 मिठाइयां

बच्चों को हाइड्रेटेड रखेगी यह समर ड्रिंक, शिल्पा शेट्टी ने बताया कितना आसान है बनाना

मिल्कमेड से झटपट बनाइए ये 5 मिठाइयां