नॉन-स्टिक पैन इन दिनों हर घर की पहली पसंद बन गया है। दरअसल, इस पर खाना ना चिपकने के कारण महिलाएं इसका इस्तेमाल करना काफी पसंद करती हैं। यह आपकी कुकिंग को क्विक व ईजी बनाता है। लेकिन इसके साथ एक समस्या यह होती है कि इसे अन्य बर्तनों की अपेक्षा अधिक केयरिंग की जरूरत होती है। अगर नॉन-स्टिक पैन की क्लीनिंग से लेकर केयरिंग तक में लापरवाही बरती जाए तो पैन के उपर मौजूद नॉन-स्टिक कोटिंग हट जाती है और फिर उस पैन में खाना बनाना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको नॉन-स्टिक पैन की केयरिंग का सही तरीका बता रहे हैं, जिसे जानने के बाद आप अपने पैन लंबे समय यूं ही बनाए रख सकती हैं-

अपने नॉन-स्टिक तवे पर मेटल्स के बर्तनों का का प्रयोग न करें

यह नॉन-स्टिक पैन की केयर का सबसे पहला व महत्वपूर्ण नियम है। कभी भी इस तरह के बर्तनों पर मेटल के चम्मच व कड़छी आदि का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। यह आपके नॉन-स्टिक पैन की कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसकी जगह नॉन-स्टिक पैन के लिए मार्केट में अलग से मिलने वाले बर्तनों का ही इस्तेमाल करें। आप लकड़ी से लेकर रबर, सिलिकॉन, नायलॉन या प्लास्टिक से बने बर्तनों का इस्तेमाल कर सकती हैं।

तापमान का रखें ख्याल

 

 

जब आप नॉन-स्टिक पैन का इस्तेमाल कर रही हैं तो उसके तापमान पर ध्यान देना भी इतना ही जरूरी है। मसलन, अगर आपका पैन बहुत गर्म है तो उसे एकदम से ठंडा करने की कोशिश ना करें। इसके अलावा, नॉन-स्टिक पैन में कुकिंग करते समय भी आंच को तेज पर ही ना रखें। बल्कि मध्यम आंच पर खाना पकाएं। नॉन-स्टिक पैन के लिए बहुत अधिक हीट अच्छी नहीं मानी जाती है।

अपने नॉन-स्टिक पैन को स्क्रैच प्रूफ पैड से साफ करें

नॉनस्टिक सतहें स्टील, मेटल स्कोअरिंग पैड्स, शार्प स्क्रेपर्स, और हार्श क्लीनिंग डिटर्जेंट के प्रति संवेदनशील होती हैं। इसलिए, अगर आप अपने पैन को क्लीन कर रही हैं तो उसे स्क्रब करने की जगह पैन को थोड़ी देर के लिए भीगने दें। यदि आप मेटल स्कोअरिंग पैड का उपयोग करते हैं, तो यह पैन की कोटिंग को थोड़ा खराब कर सकता है। वहीं, इसे क्लीन करने के लिए आप हार्श स्पॉन्ज का इस्तेमाल करने से भी बचें।

कभी भी एरोसोल कुकिंग स्प्रे का इस्तेमाल न करें

कुकिंग स्प्रे आपके पैन को तेज़ी से बर्बाद कर देगा। स्टोर से खरीदे गए एरोसोल कुकिंग स्प्रे गर्म होने पर पैन की सतह को बिल्ड अप करते हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं। हो सकता है कि आपको पहली बार में अपने नॉन-स्टिक पैन में इसका प्रभाव नजर ना आए, लेकिन लगातार और बार-बार इस्तेमाल से यह जल्दी खराब हो हजाता है। इसलिए, इसके बजाय, सेल्फ-पंप तेल या थोड़ा सा नियमित तेल का उपयोग करें। यह सभी पैन के लिए जाता है।

अपने पैन को ठीक से स्टोर करें

यह भी एक महत्वपूर्ण टिप है, जिस पर अमूमन हमारा ध्यान जाता ही नहीं है। नॉन-स्टिक पैन को स्टोर करने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपने पैन को लटका कर रखें और यह सुनिश्चित करें कि उनके बीच बहुत सी जगह है। हालाँकि, अगर आपकी किचन में इतना स्पेस नहीं है और आप सभी नॉन-स्टिक पैन को एक साथ स्टोर कर रही हैं तो उन्हें कुछ इस तरह रखें कि एक पैन के निचला हिस्सा दूसरे पैन के ऊपर के हिस्से की कोटिंग को डैमेज ना करें।

अपने नॉनस्टिक पैन को इस्तेमाल करने के बाद साफ और सुखा लें

 

 

अगर आप अपने नॉनस्टिक पैन में कुकिंग कर रही हैं तो इस्तेमाल करने के तुरंत बाद उसे क्लीन करके सुखा लें। अपने फ्राइंग पैन को साफ करने या डिशवॉशर में धोने के लिए बहुत लंबा इंतजार करने से बचे हुए तेल की कोटिंग आपके नॉन-स्टिक पैन को नुकसान पहुंचा सकती है। कारमेल कलर के दाग जो आप अपने पैन पर देखती हैं, वे ग्रीस और तेल के धब्बे हैं। उन्हें निकालना मुश्किल है और आपके भोजन को चिपकाने का कारण बनता है।

अपने पैन में खाना न रखें

अमूमन हम खाना बनाने के बाद बचा हुआ खाना पैन में ही छोड़ देते हैं। लेकिन नॉन-स्टिक पैन इसके लिए नहीं बना है, इसलिए ऐसा न करें। इसके बजाय अपने भोजन को स्टोर करने के लिए कंटेनर का प्रयोग करें। अगर आप नॉन-स्टिक पैन में खाना छोड़ेगी तो इससे उसका स्वाद भी बदल जाएगा और यह आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है।

अपने नॉनस्टिक पैन को साफ करने के लिए सॉफ्ट डिटर्जेंट का उपयोग करें

अपने नॉन-स्टिक पैन को क्लीन करने के लिए हमेशा सॉफ्ट डिटर्जेंट का प्रयोग करें। डिशवॉशर डिटर्जेंट, ब्लीच, अजाक्स और अन्य क्लीनर कठोर होते हैं और ये नॉनस्टिक कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए जहां तक हो सके, इनके इस्तेमाल से बचने की कोशिश करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें-जेगिंग्स में स्टाइलिश दिखने के लिए कुछ इस तरह करें इसे पेयर

किचन संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही किचन से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें –editor@grehlakshmi.com