बिहारी स्टाइल में घर पर बनाएं सत्तू की चटनी
Sattu Chutney Recipe : सत्तू चटनी बहुत ही स्वादिष्ट डिश होती है। इसके सेवन से स्वास्थ्य को कई लाभ हो सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी और फायदे
Sattu Chutney Recipe : गर्मी में सत्तू से बना शरबत आपने कई बार पिया होगा, लेकिन क्या आपने कभी सत्तू से तैयार चटनी का सेवन किया है? अगर नहीं, तो एक बार इसे जरूर ट्राई करें। सत्तू की चटनी एक ऐसी स्वादिश डिश है, जिसके सेवन से आपके खाने का स्वाद दोगुना बढ़ सकता है। अगर आप एक ही तरह की चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो सत्तू से तैयार चटनी जरूर खाएं। आज हम आपको इस लेख में बिहारी स्टाइल में बनी स्वादिष्ट सत्तू की चटनी की रेसिपी बताएंगे, जो न सिर्फ स्वादिष्ट होती है। बल्कि इसके सेवन से स्वास्थ्य को भी लाभ हो सकते हैं।
सत्तू के चटनी की रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- सत्तू – 1 कप
- बारीक कटा हुआ प्याज – 1
- हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 2-3
- ताजा धनिए की पत्तियां – 2 बड़े चम्मच
- सरसों का तेल – 1 छोटा चम्मच
- नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
- नमक स्वाद अनुसार
- पानी – आवश्यकतानुसार

विधि
सत्तू की चटनी तैयार करने के लिए सबसे पहले 1 कटोरी लें। इसमें सत्तू, हरी मिर्च, कटा हुआ प्याज, धनिया डालकर इसे अच्छे से मिक्स करें। इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक और नींबू का रस डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। सभी चीजों को तब तक मिक्स करें, जब तक यह अच्छे से चिकना हो हो जाए। अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए मिक्स करें।
इसके बाद एक पैन में सरसों तेल डालकर तेल को गर्म करें। इसके बाद इसे थोड़ा सा ठंडा होने दें। बाद में इसे चटनी के ऊपर डालें और फिर इसे दोबारा मिक्स करें। अब इसे करीब 5 से 10 मिनट के लिए रख दें। लीजिए सत्तू की चटनी तैयार है, अब आप इसे पराठा, रोटी या फिर अपनी पसंदीदा डिश के साथ खा सकते हैं।

सत्तू खाने से सेहत को क्या फायदे होते हैं?
गर्मियों के दिनों में सत्तू से तैयार डिशेज आपके लिए काफी हेल्दी साबित हो सकती है। मुख्य रूप से इसका शरबत और चटनी काफी ज्यादा हेल्दी होती है। इससे आपके स्वास्थ्य को कई लाभ हो सकते हैं।
- डिहाइड्रेशन की समस्या करे दूर : गर्मियों में अगर आप नियमित रूप से नींबू और कच्चे प्याज से तैयार सत्तू की चटनी का सेवन करते हैं, तो इससे आपके शरीर में पानी की कमी दूर होती है। इससे आप डिहाइड्रेशन की परेशानी को काफी हद तक दूर कर सकते हैं। साथ ही यह लू होने के खतरे को भी कम कर सकता है।
- शरीर की बढ़ाए एनर्जी : शरीर की एनर्जी को बढ़ाने के लिए आप सत्तू से तैयार डिशेज का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है। साथ ही यह बिना वजह होने वाली थकान को भी कम कर सकता है।

- मोटापा करे कंट्रोल : सत्तू फाइबर और प्रोटीन का काफी अच्छा स्त्रोत होता है, जो आपके बढ़ते मोटापे को कंट्रोल करने में मददगार हो सकता है। अगर आप वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, तो नियमित रूप से सत्तू का सेवन करें।
- पाचन के लिए फायदेमंद : पाचन के लिए भी सत्तू अच्छा होता है। इससे ब्लोटिंग गैस जैसी परेशानियां कंट्रोल में रहती हैं।
सत्तू स्वास्थ्य के लिए काफी हेल्दी आहार है। आप इससे कई तरह के डिशेज को तैयार करके खा सकते हैं। हालांकि, आपको किसी तरह की समस्या है, तो एक्सपर्ट की सलाह पर ही सत्तू का सेवन करें।
