5 सिम्पल डिशेज़ बनाएं जब पेट हो गड़बड़
पेट गड़बड़ होने पर सबसे बड़ी समस्या यह है कि आखिर इस समय खाया क्या जाए क्योंकि नहीं खाने से कमजोरी और बढ़ सकती है, इसलिए कुछ ना कुछ खाना जरूरी है।
Upset Stomach Food: पेट गड़बड़ होने से हमारी पूरी दिनचर्या खराब हो जाती है। इससे कमजोरी, शरीर में पानी की कमी के साथ ही दूसरी शारीरिक समस्याएं भी हो जाती हैं। पेट खराब होने के कई कारण हो सकते हैं। अस्वस्थ जीवन शैली और बाहर के खाने की वजह से पेट खराब हो सकता है। बदलते मौसम के कारण भी कई बार पेट खराब हो सकता है। पेट गड़बड़ होने पर सबसे बड़ी समस्या यह है कि आखिर इस समय खाया क्या जाए क्योंकि नहीं खाने से कमजोरी और बढ़ सकती है। इसलिए कुछ ना कुछ खाना जरूरी है। अगर आप भी इस समस्या से गुजर रहे हैं और आपको ये समझ नहीं आ रहा कि इस समय क्या खाया जाए, तो हमारे पास आपकी इस परेशानी का हल है। चलिए आज हम आपको बताते हैं 5 डिशेज़, जिन्हे आप पेट सही नहीं होने के समय आराम से ले सकते हैं। इन्हें खाने से आपका पेट भी ठीक होगा और कमजोरी से भी राहत मिलेगी जानते हैं। जानते हैं इनकी रेसिपी-
खिचड़ी

खिचड़ी भले ही सामान्य स्थिति में आप खाना पसंद ना करें, लेकिन आपका पेट ठीक नहीं है, तो ये आपके लिए सबसे ज्यादा फ़ायदेमंद है। पोषक तत्वों से भरपूर मूंग दाल से बनी ये खिचड़ी सेहत के लिए तो अच्छी है ही, ये खाने में टेस्टी भी लगती है। इसे आप दही के साथ खा सकते हैं क्योंकि दही भी आपके बिगड़े हुए पेट को ठीक करने में मदद करेगा।
सामग्री
मूंग दाल- 1 /2 कप
चावल- 1 /2 कप
प्याज़- 1 छोटा
टमाटर- 1
हल्दी- 1 /2 टी स्पून
नमक- स्वादानुसार
जीरा- 1 टी स्पून
घी- 3 टेबल स्पून
विधि
- दाल और चावल को अच्छे से धोने के बाद आधा घंटे के लिए भिगा दें।
- जब दाल चावल अच्छे से पानी को सोक लें, तो अब इस अतिरिक्त पानी को हटाकर इसको एक तरफ रख दें।
- अब एक छोटा प्याज़, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को छोटा-छोटा काट लें। आप चाहें तो इसमें मटर, गाजर और दूसरी सब्ज़ियां भी दाल सकते हैं।
- पहले कुकर में 3 चम्मच घी डालें और फिर इसमें हींग और जीरा डालें।
- कटा हुआ प्याज़ डालें और थोड़ी देर भूनें। इसमें टमाटर, हरी मिर्च डालें कुछ देर चलाएं।
- इसमें दाल चावल डालकर अच्छे से मिक्स करें फिर हल्दी और नमक डालें।
- लगभग चार कप पानी डालें और कुकर बंद करके 2 -3 सीटी आने दें।
अदरक –गाजर सूप

पेट खराब होने के समय सूप लेना बहुत लाभकारी है। इससे कमजोरी एकदम दूर हो जाएगी। आप अपनी पसंद का कोई भी सूप ले सकते हैं, लेकिन अदरक-गाजर का ये सूप आपके लिए ज्यादा अच्छा रहेगा क्योंकि यह एक बहुत ही लाइट सूप है। कैरेट-जिंजर सूप हेल्दी और पोषक तत्वों से भरा हुआ है।
सामग्री
गाजर- 4
अदरक- किसी हुई- 4 टेबल स्पून
प्याज- 1
लहसुन की कलियां- 4-5
विधि
- गाजर को छीलकर आधा इंच गोलाई में काट लें।
- एक पॉट में दो कप पानी उबालें। इसमें गाजर और अदरक डालें और इसे 20 से 25 मिनट तक उबलने दें। बीच-बीच में स्पैचुला की मदद से पलटते रहें।
- एक दूसरी कड़ाही में प्याज को मीडियम आंच पर ब्राउन करें, इसे लगातार चलाते रहें।
- इसमें इसमें लहसुन और गाजर डालें।। इसमें 5 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर उबाल आने दें, जब तक की गाजर की प्यूरी न हो जाए।
- ब्लेंडर की मदद से इस मिश्रण को स्मूद होने तक ब्लेंड करें। अगर सूप गाढ़ा दिखे, तो इसमें पानी डालकर दोबारा गर्म करे। इसमें नमक और कालीमिर्च अपने स्वादानुसार डालें।
दही चूड़ा

दही चूड़ा देसी और पौष्टिक आहार होने के साथ-साथ पेट गड़बड़ होने की स्थिति में बहुत फायदेमंद है। सिर्फ 10 मिनट में तैयार एक कटोरी दही-चिवड़ा यानि चूड़ा खाने से पेट भर जाएगा।
सामग्री
चूड़ा यानि पोहा- 1/2 कप
दही- 1 कप
गुड़- 3 टेबल स्पून
विधि
- दही का चूड़ा बनाने के लिए सबसे पहले पोहा को अच्छी तरह से धो लें और फिर 2 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें और फिर छान लें।
- एक बोल में दही डालें और फिर इसमें पिसा हुआ गुड़ डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अगर आप चाहें तो इसमें चीनी भी डाल सकती हैं।
- दही में चीनी या गुड़ अच्छी तरह से मिल जाए, तो इसमें चूड़ा या पोहा डाल कर हल्के हाथों से मिला लें और देखें कि इस मिश्रण में किसी भी तरह की गांठ ना हो।
- चाहें तो इसमें इसमें कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डाल दें। इसमें फ्रूट भी डाल सकती हैं। फ्रूट डालने से चूड़ा ना सिर्फ स्वादिष्ट होगा बल्कि हेल्दी भी होगा।
पपाया स्मूथी

पेट गड़बड़ होने की स्थिति में पपीता बहुत ही फायदेमंद है। इसकी स्मूथी आपको ताकत भी देगी और पेट भी ठीक करेगी क्योंकि इसमें ठंडा दूध और दही भी रहता है। आप चाहें तो साथ में एक केला भी मिक्स कर सकते हैं।
सामग्री
पपीते के टुकड़े- 2 कप
ठंडा दूध- 3/4 कप
दही- 1 /2 कप
शहद- 1 टेबल स्पून
वनीला एसेंस- 1 /2 टी स्पून
आइस क्यूब- 5 -6
विधि
- ब्लेंडर में पपीते के टुकड़े डालकर ब्लेंड कर लें।
- इसमें 3/4 कप ठंडा दूध और 1 /2 कप दही मिलाएं।
- एक चम्मच शहद डालें। चाहें तो इसके बिना भी स्मूथी बना सकते हैं।
- इसमें आधी चम्मच वनीला एसेंस डालें। अब इसमें आइस क्यूब डालकर ब्लेंड कर लें।
सिनामोन रैसिन ओटमील

आप सिर्फ ओट्स रेसिपी भी तैयार कर सकते हैं, लेकिन इसमें किशमिश और दालचीनी मिला देने से और भी स्वादिष्ट और हेल्दी बन जाता है। पेट गड़बड़ होने की स्थिति में ओटमील बहुत ही फायदेमंद है।
सामग्री
ओट्स- 1/2 कप
पानी- 4 कप
शहद- 1 टेबल स्पून
दालचीनी – 1 /2 टी स्पून
किशमिश – 2 टेबल स्पून
विधि
एक बोल में पानी में शहद और किशमिश डालकर उबाल लें।
इसमें ओट और दालचीनी डालकर गाड़ा होने तक पकने दें।
इसे 5 मिनट तक और होने दें। बीच बीच में चलाते रहें। अब गैस बंद करके इसमें थोड़ी सी क्रीम डालकर सर्व करें।
