Kid's Lunchbox Recipe
Kid's Lunchbox Recipe

Lunchbox Recipes for Kids: बच्चों का लंचबॉक्स तय करना हर माता-पिता के लिए एक चैलेंज होता है। रोज वही चीजें देना बच्चों को बोर कर देता है और वह टिफिन अधूरा लौटाकर लाते हैं। ऐसे में कुछ ऐसा चाहिए जो हेल्दी भी हो और बच्चों की जुबान को भाए भी। दही वाला सैंडविच एक ऐसी ही डिश है, जो जल्दी बन जाती है और बच्चों को पसंद भी आती है। इसमें मौजूद दही बच्चों की पाचन शक्ति को दुरुस्त रखती है और सब्जियों से पोषण भी मिलता है।

दही वाला सैंडविच कैसे बनाएं

सामग्री

1 कप गाढ़ा दही (हंग कर्ड – मलमल के कपड़े में पानी निकालकर तैयार किया हुआ)

1 छोटी गाजर (कद्दूकस की हुई)

1/2 शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)

1 छोटा प्याज़ (बारीक कटा हुआ – अगर बच्चा खाता हो तभी)

1 चुटकी नमक (स्वादानुसार)

1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

1/4 छोटा चम्मच ओरेगैनो या मिक्स हर्ब्स (अगर उपलब्ध हो)

1 चम्मच मेयोनीज़ या चीज़ स्प्रेड (वैकल्पिक, स्वाद बढ़ाने के लिए)

4-6 ब्रेड स्लाइस (व्हाइट/ब्राउन/मल्टीग्रेन – जो घर में हो)

मक्खन (सेंकने के लिए, वैकल्पिक)

बनाने की विधि

  1. सबसे पहले दही को एक साफ मलमल या कॉटन कपड़े में डालकर 30-40 मिनट लटका दें ताकि सारा पानी निकल जाए।
  2. अब एक बाउल में यह गाढ़ा दही लें और उसमें गाजर, शिमला मिर्च, प्याज़, नमक, काली मिर्च, और हर्ब्स डालें।
  3. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें मेयोनीज़ या चीज़ स्प्रेड भी मिक्स कर सकते हैं।
  4. सारी चीज़ों को अच्छे से मिलाएं ताकि एक क्रीमी मिक्स तैयार हो जाए।
  5. अब एक ब्रेड स्लाइस लें और इस मिक्सचर को अच्छे से फैला दें। ऊपर से दूसरी स्लाइस रखकर सैंडविच बना लें।
  6. चाहें तो तवे पर थोड़ा मक्खन लगाकर दोनों तरफ से हल्का सेंक लें, या फिर टोस्टर में टोस्ट करें।
  7. अब इसे छोटे-छोटे ट्रायंगल या चौकोर पीस में काटकर बच्चे के लंचबॉक्स में रखें।

दही सैंडविच की हेल्थ वैल्यू क्या है?

दही प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक से भरपूर होता है, जो बच्चों की हड्डियों को मजबूत करने और पाचन में मदद करता है। साथ ही जब इसमें सब्जियां मिलाई जाती हैं, तो यह एक कंप्लीट मील बन जाता है। ब्रेड के रूप में आप चाहें तो मल्टीग्रेन या होलव्हीट ब्रेड का इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि रेसिपी और भी हेल्दी हो जाए।

इसके अलावा, अगर बच्चा चीज पसंद करता है तो ऊपर से थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज डाल सकते हैं या सैंडविच में स्लाइस चीज रख सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि चीज की मात्रा सीमित रखें क्योंकि ज्यादा चीज फैट बढ़ा सकता है।

बच्चों के लंचबॉक्स के लिए और क्या जोड़ सकते हैं?

दही सैंडविच के साथ आप बच्चे के टिफिन में फ्रूट सलाद, मखाने, भुने चने या होममेड ग्रेनोला बार जैसी चीजें भी रख सकते हैं। इससे बच्चा टिफिन में बोर नहीं होगा और हर दिन कुछ नया मिलेगा। साथ ही टिफिन को रंग-बिरंगा और आकर्षक दिखाने से भी बच्चों की रुचि खाने में बढ़ती है।

अगर आप चाहें तो इस सैंडविच में बारीक कटे उबले अंडे या टोफू भी मिला सकते हैं, ताकि प्रोटीन की मात्रा और बढ़ जाए। बच्चों को हेल्दी खाना देना आसान है, बस थोड़ी क्रिएटिविटी और सही प्लानिंग की ज़रूरत होती है।

मैं आयुषी जैन हूं, एक अनुभवी कंटेंट राइटर, जिसने बीते 6 वर्षों में मीडिया इंडस्ट्री के हर पहलू को करीब से जाना और लिखा है। मैंने एम.ए. इन एडवर्टाइजिंग और पब्लिक रिलेशन्स में मास्टर्स किया है, और तभी से मेरी कलम ने वेब स्टोरीज़, ब्रांड...