किसी व्यक्ति की इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी हो तो उसका शरीर किसी भी तरह के बैक्टीरिया या वायरस से शरीर को लड़ने की क्षमता देता है। इसलिए शरीर को बीमारियों से लड़ने लायक बनाने के लिए अच्छी इम्यूनिटी जरूरी है। अब हेल्दी लाइफ जीने और इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अच्छा खानपान बहुत जरूरी है, लेकिन त्योहारों पर यह जरूरी नहीं कि आप अपने खाने के स्वाद के साथ समझौता करें। अच्छी बात तो यह है कि आप स्वाद से समझौता किए बिना इम्यूनिटी बढ़ाने वाले फूड बड़े चाव के साथ खा सकते हैं। मीठा खाने के शौकीनों को अगर इस बात की टेंशन है कि वे मिठाइयों या डिज़र्ट्स खाकर सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और वे उन्हें अवॉइड करर हैं तो उन्हें यह जानना अच्छा रहेगा कि इन मिठाइयों में थोड़ा ट्विस्ट लाकर वे इन मिठाइयों इम्यूनिटी बुस्टर के रूप में अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। यहां ऐसी कुछ मिठाइयां बताई जा रही है जो कि लगभग हर किसी को पसंद आती है। अब वह लड्डू, बर्फी हो या फिर खीर, गुलाबजामुन, कलाकंद। इन मिठाइयों में इम्यूनिटी बढ़ाने वाली सामग्रियां डालते हुए थोड़ा ट्विस्ट दीजिए और इसमें हल्दी, अदरक, अंजीर, खजूर, अलसी के बीज, ओट्स, चुकंदर, गुड़, ड्रायफ्रूट्स आदि का इस्तेमाल कर इन्हें हेल्दी बनाएं। इन रेसिपी को फॉलो कर इन मिठाइयों को इम्यूनिटी बुस्टर रेसिपीज़ में शामिल कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि अगर आप इन मिठाइयों के हेल्दी वर्जन को घरवालों को खिलाएंगे तो उन्हें स्वादा दोगुना ही लगेगा।
हल्दी और अदरक लड्डु

सामग्री
3 टेबल स्पून घी
1/4 लीटर गुड़
1/2 टेबल स्पून ताजा हल्दी पाउडर
1/2 टेबल स्पून सूखा अदरक पाउडर
1 / 2 टीस्पून दालचीनी पाउडर
विधि
- कम आंच पर एक नॉन-स्टिक पैन में घी को गर्म करें। इसमें गुड़ डालें और अच्छे से मिलाएं। कम आंच पर ही इसे तब तक पकाएं जब तक कि एक गोल्डन सिरप नहीं बन जाता।
- अब एक बोल में हल्दी पाउडर, अदरक पाउडर और दालचीनी मिलाएं। इस सूखे मिश्रण में पिघला हुआ घी और गुड का मिश्रण डालें।
- अपनी हथेलियों को थोड़े से पानी से गीला करें। मिश्रण के एक छोटे हिस्से को लें और एक इंच आकार की गोल बॉल में आकार दें। इम्यूनिटी बुस्टर लड्डु तैयार है और इसे एयरटाइट कंटेनर में भी रख सकते हैं।
अलसी बर्फी

सामग्री
1/2 कप अलसी का पाउडर
1/2 कप अखरोट पाउडर
1/2 कप बादाम पाउडर
1/2 कप काजू पाउडर
1 चम्मच इलायची पाउडर
8 इलाइची
1 कप चीनी
1/4 कप पानी
विधि
- लगभग 1 मिनट के लिए मध्यम आंच पर अलसी के पाउडर को भूनें।
- अखरोट, बादाम और काजू पाउडर डालें। लगातार चलाते हुए लगभग 2 मिनट तक भूनें। नट्स को बहुत ज्यादा न भूनें, वरना ये ऑयली हो जाएंगे। अब गैस बंद कर दें। इलायची डालकर अच्छी तरह मिलाएँ और एक बोल में निकाल कर अलग रख दें।
- उसी पैन में मध्यम आंच पर चीनी और पानी को एक साथ उबालें। चाशनी में उबाल आने के बाद आंच को मध्यम कर दें और 1-2 मिनट तक उबलने दें। सिरप जांचने के लिए सूखी सतह पर एक बूंद डालें और अंगुली से चाशनी की जांच करें कि यह सिर्फ चिपचिपी होनी चाहिए। गैस बंद कर दें।
- सिरप में नट्स का मिश्रण डालें। इसे अच्छी तरह से मिलाएं और जल्दी से घी लगी एक प्लेट में चारों ओर से दबाकर 1/4 इंच की मोटाई के साथ फैला दें। कुछ मिनट के लिए ठंडा करें और उन्हें लगभग 1-1 / 2 इंच चौकोर आकार में काट लें।
अंजीर पेडा
सामग्री
7-8 अंजीर
¼ कप चीनी
1 टीस्पून घी
¼ टी स्पून इलायची पाउडर
विधि
- अंजीर छोटे टुकड़ों में काट लें। इन टुकड़ों और चीनी को फूड प्रोसेसर में डालें और उन्हें अच्छी तरह मिलने तक चलाएं।
- घी गरम करें और इस मिश्रण को डालें। इसे इतनी देर तक मिलाएं कि वह बस गर्म हो जाए।
- गैस से उतारें और इलायची पाउडर डालें। मिश्रण की छोटी-छोटी बॉल्स बनाएं और उन्हें पेड़ा जैसा दिखने के लिए थोड़ा दबाएं या मनचाहे आकार में काटें।
बीटरूट कलाकंद
सामग्री
2 कप किसा हुआ चुकंदर/बीटरूट
1 कप खोया
1 कप ताजा पनीर टुकड़े किया हुआ
1 कप दूध
1 कप चीनी
3 टेबलस्पून घी
1/2 टीस्पून इलायची पाउडर
गार्निश के लिए गोल्डन वर्क और ड्राय फ्रूट्स
विधि
- नॉनस्टिक तवे को गरम करें और उसमें घी डालें। एक बार घी पिघलने पर उसमें चुकंदर डालें और 2-3 मिनट के लिए इसे भूनें।
- अब दूध डालें और आंच को मध्यम कर दें और इसे लगभग 5-7 मिनट तक पकने दें। फिर चीनी, खोया, पनीर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- तब तक पकाएं जब तक चीनी का सारा पानी उड़ न हो जाए और घी अलग न हो जाए। कलाकंद पैन के किनारों को छोड़ देगा। इसका मतलब है कि यह पकने वाला है।
- एक-दो मिनट बाद आंच बंद कर दें। इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब एक बढ़ी हुई ट्रे या प्लेट में, इसे स्थानांतरित करें, इसे फैलाएं और स्पैटुला के साथ शीर्ष सतह समतल करें। इसे रेफ्रिजरेटर में 5-6 घंटे या रात भर रखें।
- एक बार सेट होने के बाद, इसे गोल्डन वर्क और ड्रायफ्रूट्स से गार्निश करें और इसे मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लें।
ओट्स और डेट्स खीर

1/4 कप खजूर (गर्म पानी में भिगोया हुआ)
3 टेबल स्पून बादाम (गर्म पानी में भिगोया हुआ)
1/4 कप ओट्स (सुनहरा भूरा होने तक भुना हुआ)
1 लीटर दूध
1 टेबल स्पून चीनी
1 टेबल स्पून घी
विधि
- खजूर और बादाम दोनों को आधे घंटे के लिए गर्म पानी में भिगो दें और बाद में खजूर के बीजों और बादाम के छिलकों को निकालकर एक साथ पीस लें।
- एक भारी तले वाले पैन में दूध लें और इसमें खजूर और बादाम का पेस्ट मिलाएं। चीनी और भुना हुआ ओट्स डालें।
- इसे उबलने दें और 4-5 मिनट के लिए कंसीटेंसी आने तक पकने दें। इसमें एक चम्मच घी डाल दें। ऊपर से कटे हुए बादाम और किशमिश डालें और गरमा-गरम सर्व करें।
गुलाब जामुन
सामग्री
1 कप रवा
1 कप मिल्क पाउडर
2 कप दूध
2 कप गुड़
3 कप पानी
¼ कप घी
½ इलाइची पाउडर
तेल तलने के लिए
विधि
- एक पैन में रवा डालकर उसे 2 मिनट तक कम आंच पर भूनें। इसके बाद 2 मिनट के लिए गैस बंद कर दें।
- अब रवा में दूध डालें और अच्छे से मिलाएं। गैस चालू कर दें और कम आंच पर हिलाते रहें।
- इसके बाद 2 टेबल स्पून घी डालें और इसे तब तक अच्छे से मिलाए जब तक कि मिश्रण पैन की साइड न छोड़ दें। इस मिश्रण में 1 या 2 चुटकी नमक डालें और अच्छे से मिलाएं।
- अब मिल्क पाउडर डाल कर फिर अच्छे से मिक्स करें। घी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। इससे छोटी-छोटी बॉल्स बना कर रख लें।
- एक अन्य पैन में गुड़ डालें और 3 कप पानी डालें। गुड़ को पिघलने दें। तेज आंच पर मिश्रण को उबलने दें और एक तार वाली चाशनी बनाएं। इसे अब अलग रख दें।
- एक पैन में तेल गर्म करें और गुलाब जामुन तलने के लिए डालें। मध्यम आंच पर इन्हें तलें। इन्हें रेग्यूलर गुलाब जामुन की तरह धीमी आंच पर न तलें, वरना यह तेल में अलग-अलग हो जाएंगे।
- एक बार फिर गुड़ की चाशनी को गर्म करें और इसमें गुलाब जामुन डाल दें। धीमी आंच पर 5 मिनट के लिए इन्हें पकने दें। इन्हें अब एक घंटे बाद सर्व करें।
इमरती
सामग्री
½ कप बिना छिलके वाली उड़द की दाल
1 टेबल स्पून चावल का आटा
1 चुटकी हल्दी
1 कप चीनी
1/3 कप पानी
1 टीस्पून गुलाब जल
3-4 इलाइची कुटी हुई
3-4 केसर के धागे
½ टीस्पून नीबू का रस
गार्निशिंग के लिए पिस्ता कतरन
घी तलने के लिए
विधि
- उड़द की दाल को रात भर या कम से कम 6 -7 घंटे तक पर्याप्त पानी में भिगोएं।
- भीगी हुई दाल को अपने ग्राइंडर में डालें और इसे थोड़े से पानी के साथ गाढ़ा महीन पीस लें। मिश्रण को एक बोल में निकाल लें और इसमें एक चुटकी हल्दी, चावल का आटा डालें।
- अपने हाथों से इस मिश्रण को 3-4 मिनट के लिए मिलाएं। 15 मिनट के लिए अलग रख दें।
- इस बीच अब चीनी की चाशनी बनाएंगे। मध्यम आंच पर एक पैन में चीनी डालें और चीनी को ढकने जीतना पर्याप्त पानी डालें। चीनी घुलने तक लगातार चलाएं। लगभग 5 मिनट के बाद एक तार की चाश्नी बन जाएगी।
- इसमें गुलाब जल, कुटी हुई इलायची, केसर के धागे और नीबू का रस डालें और गैस बंद कर दें। चीनी की चाशनी अब इमरती को डुबोने के लिए तैयार है।
- पाइपिंग बैग में बैटर को डाल दें। धीमी आंच पर एक पैन में घी डालें। घी गर्म होने पर इमरती डालें। बैटर से एक गोला बनाएं और फिर उस गोले के ऊपर एक दूसरे से सटे छोटे गोले बनाना शुरू करें। एक बार बैटर को घी में डालने के बाद आंच मध्यम कर दें और दोनों तरफ से क्रिस्प होने तक तलें। एक बार तल जाए तो इमरती निकालकर इन्हें कुछ सेकंड के लिए चीनी की चाश्नी में रखें। याद रहे चाश्नी गर्म होनी चाहिए। चाश्नी से निकालकर इसे प्लेट में निकालें और पिस्ता कतरन से गार्निश करें।
इन 5 तरीकों से आसानी और तेजी से छिल सकते हैं लहसुन
इन 10 कारणों से आहार में शामिल करें रागी या नाचनी रोटी, जानिए विधि
