Easy Ice Cream Recipes की तलाश में हैं, तो यहां देखें
आइसक्रीम बनाने की आसान विधि यहाँ जानिए।
Homemade Ice Cream: गर्मी का मौसम शुरू हो और बच्चों को आइसक्रीम की याद न सताए ऐसा हो ही नहीं सकता। बच्चे क्या, यहाँ तो बड़ों को भी गर्मी के मौसम में आइसक्रीम खाने की इच्छा होने लगती है। अब बाज़ार से बार-बार आइसक्रीम लाने न तो किफ़ायती है और न ही हेल्दी, तो क्यों ना घर पर ही आइसक्रीम बना ली जाए। अगर आप सोच रहे हैं कि धर पर आइसक्रीम बनाना भारी काम है तो गृहलक्ष्मी होम शेफ नंदिनी अग्रवाल की बताई ये 5 होममेड आइसक्रीम रेसिपी ज़रूर देखें। दिल्ली की रहने वाली नंदिनी अग्रवाल ने यहां आइसक्रीम की आसान और टेस्टी रेसिपी दी है।
क्रंची रूह-अफ़ज़ा आइसक्रीम

सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- रूहअफ़ज़ा – 1 छोटा चम्मच
- चोको बॉल – 9
- रसगुल्ला – 1
- चीनी – 2 छोटा चम्मच
विधि
क्रंची रूहअफ़ज़ा आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 1 लीटर दूध लेंगे। दूध के बर्तन गैस पर मध्यम आंच पर रखें और उसमें चीनी डालकर उबाल लें। उबल जाने पर गैस बंद कर दें। बर्तन को गैस से उतारकर उसे ठंडा होने के लिए रख दें।
दूध के ठंडे हो जाने के बाद इसमें चोको बॉल्स, रसगुल्ला और रूहअफ़ज़ा फैलाएं और 6 घंटे के लिए फ्रीज करें। 6 घंटे के बाद आपकी स्वादिष्ट आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।
ठंडाई बटर आइसक्रीम

सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- केसर – 4 से 5 धागे
- चीनी
- ठंडाई की चाशनी – 1 छोटा चम्मच
- कुछ नट्स
विधि
ठंडाई बटर आइसक्रीम बनाने के लिए एक मोटे तले के बर्तन में दूध डालेंगे। गैस पर बर्तन को रखेंगे और मध्यम आंच पर दूध को उबलने देंगे। इसमें केसर के धागे डाल दें। जब दूध आधा रह जाएगा तब उसमें नट्ल और चीनी डालेंगे। इसमें 1 छोटी चम्मच ठंडाई की चाशनी भी डालें।
अब इसे 6 घंटे के लिए फ्रीज़ करें। 6 घंटे बाद घरवालों और मेहमानों के लिए सर्व करने के लिए आइसक्रीम तैयार है।
रोज़ मटका आइसक्रीम

सामग्री
- गुलाब का शर्बत – 2 चम्मच
- पानी – ½ कप
- चीनी – 1 चम्मच
- कुछ गुलाब की पंखुड़ियाँ
विधि
रोज़ मटका आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप पानी में 2 चम्मच गुलाब का शरबत डालें। साथ ही कुछ गुलाब की पंखुड़ियां भी डालें। अब एक चम्मच चीनी डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं। चीनी मिट्टी के मटके में डालकर 8 घंटे के लिए फ्रीज कर दें। आपके मुंह में पानी लाने वाली आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।
चंदन आइसक्रीम

सामग्री
- चंदन की चाशनी – 2 छोटे चम्मच
- पानी – 1 कप
- चीनी – 1 छोटा चम्मच
विधि
चंदन की आइसक्रीम बनाने के लिए आपको चंदन की चाशनी यानी चंदन सिरप चाहिए। एक ग्लास में 2 छोटा चम्मच चंदन की चाशनी डालेंय़ इसमें एक कप पानी और एक छोटी चम्मच चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं। चीनी घुल जाने के बाद इसे 6 घंटे के लिए फ्रीज करें। 6 घंटे बाद निकालकर चंदन की आइसक्रीम का भरपूर स्वाद लें।
मिल्क नट्स चंदन आइसक्रीम

सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- चंदन की चाशनी – 2 छोटे चम्मच
- स्वादानुसार चीनी
- ड्रायफ्रूट्स
विधि
पानी के साथ चंदन की आइसक्रीम बनाने की बजाए आप चाहें तो दूध के साथ भी इसे ट्राय कर सकते हैं। दूध के साथ यह मिल्क नट्स चंदन आइसक्रीम हो जाएगी। इसे बनाने के लिए एक बर्तन में एक लीटर दूध लें। गैस पर मध्यम आंच पर दूध को आधा होने तक उबाल लें। उबाल आने पर स्वादानुसार चीनी और ड्रायफ्रूट्स और नट्स डालें। इसके साथ ही चंदन की चाशनी डालकर अच्छे से मिलाएं। गैस बंद करें और इसे ठंडा होने दें। फिर 6 घंटे के लिए इसे फ्रीज करें। यमी आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।
