वजन कम करना एक बड़ा काम है। एक ऐसा बड़ा काम, जिसमें ना जाने कितने महीने लग जाते हैं। और जरूरी नहीं कि उन महीनों में आपने जो मेहनत की, वह मनमाफिक परिणाम भी लेकर आए। लेकिन अगर आप अपनी डाइट में कुछ बदलाव भी लाते हैं तो यह आपके लिए कमाल कर सकता है। यही वजह है कि कई लोग अपनी डाइट में हेल्दी चॉइस करने लगे हैं। ऐसा ही एक हेल्दी चॉइस बाजरा है, जिसे हमारी दादी- नानी खाया करती थी। वे इसके गुण गाना नहीं भूलती थी लेकिन हमने ही कहीं उनकी बातों को तवज्जो नहीं दी थी। लेकिन अब हमारी दादी- नानी का बाजरा लौट आया है। लोगों को इसकी अहमियत समझ में आने लगी है। आज की भाषा में इसे पर्ल मिलेट कहा जाता है।
क्यों है बजरा एक हेल्दी चॉइस
सबसे जरूरी तो यह है कि बाजरा एक ग्लूटेन फ्री फूड है, जिसे हमारे देश के कई राज्यों में बाकायदा मील के तौर पर खाया जाता है। यदि आप अपनी रोजाना की हेल्दी चॉइस से बोर हो गए हैं या फिर वेट लॉस के लिए एक अतिरिक्त फूड चॉइस को जोड़ना चाहते हैं तो हम आपके लिए लाए हैं कुछ कमाल की बाजरा रेसिपीज। इन्हें घर पर बनाना बहुत आसान है।
बाजरा पिज़ा

बच्चों को पिज़ा खाने का बहुत शौक है तो क्यों ना उन्हें हेल्दी ऑप्शन दिया जाए। यह आपकी सेहत के लिए भी बढ़िया रहेगा। एक कप बाजरा का आटा, दो चम्मच दही और नमक के साथ जरूरी पानी मिलाकर आटा तैयार कर लें। थोड़ी देर आटा को भींगने दें। अब एक कप कॉर्न, एक कप मिक्स पेपर्स, टमाटर, हरी मिर्च को अपनी पसंद से काट लें। साथ में एक कप मोज़रेला लेना न भूलें। बेलन से एक मोटी रोटी सी बना लें और इसे किसी पैन पर पका लें या बेक कर लें। पक जाने के बाद सॉस लगाएं, कुछ चीज़ छिडकें और सब्जियां डालें। नमक, काली मिर्च, ऑरेगैनॉ, रेड चिली फ्लेक्स डालें। अब इसे अपनी मर्जी से कुक या बेक करें। आपका हेल्दी बाजरा पिज़ा तैयार है।
बाजरा गोभी रोटी
इस रोटी के लिए बाजरा के आटे के साथ नमक, घी और एक कप बारीक कटी गोभी को किसी बड़े बर्तन में अच्छे से मिलाएं। अब इसमें पानी डाल कर बढ़िया से गूंथ लें। गेंहू के सूखे आटे की मदद से इससे रोटियां बेल लें। तवा पर थोड़ा पानी छिडकें और फिर इस रोटी को सेंक लें। इसे आप दाल या सब्जी के साथ खा सकती हैं।
बाजरा खिचड़ी

इसके लिए आपको एक कप बाजरा, आधा कप उडद की दाल, आधा कप अरहर की दाल लेना है। आप चाहें तो कोई अन्य दाल भी ले सकती हैं। एक कप बाजरा में कुछ चम्मच पानी छिडकें। इससे वह नम हो जाएगा। अब इसे ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। एक प्रेशर कुकर में दाल के साथ बाजरा, नमक, काली मिर्च और हल्दी डाल कर कुकर को गैस पर चढ़ा दें। तीन सीटी आने तक गैस पर रहने दें। अब एक पैन में घी के साथ साबुत जीरा, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च डाल कर छौंक तैयार करें। इससे तैयार बाजरा की खिचड़ी में छौंक लगाएं। इसकी खुशबू आपको मोहित कर लेगी और आपकी भूख बढ़ जाएगी।
बाजरा आलू चीला
एक कप बाजरा के साथ दो उबले आलू, एक बारीक कटी प्याज, धनिया पत्ती और एक- दो हरी मिर्च मिक्स कर लें। अगर साथ में सेवई भी मिला लें तो यह क्रंची बनेगा। अब तवा गरम करके थोड़ा सा तेल लगाएं और एक बड़ा चम्मच बैटर तवा पर डालें। एक ओर पक जाए तो पलटें। इसे चाय के साथ सर्व करें। यह बहुत स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता है।
बाजरा राब
यह शायद आप पहली बार सुन रही हों लेकिन इसे बनाना बहुत आसान है। एक मोटी तली का बर्तन लें, इसे गर्म करके थोड़ा डालें और बाजरा को भून लें। अब इसमें थोड़ी सी चीनी के साथ पानी मिला लें। ढक दें और राब को पकने दें। गर्मागर्म सर्व करें।
बाजरा डोसा
इसके लिए एक कप बाजरा और उडद दाल को रात भर भिगो दें। अलग से मेथी के दाने भी भिगो दें। पानी निथार कर इन सब को पीस लें और इसमें एक- चौथाई भीगा पोहा भी मिलाएं। अब इस बैटर को रात भर खमीर उठने दें। डोसा बनाने से अहले इसमें नमक, काली मिर्च और अपनी पसंद के मसाले मिलाएं। साम्भर के साथ लुत्फ उठाएं।
बाजरा निमकी
अगर आपको चाय के साथ हेल्दी खाना है तो बाजरा निमकी घर पर बना लें। इसके लिए बाजरा के आटे को गेंहू के आटे और नमक, काली मिर्च, भुना जीरा पाउडर के साथ मिला कर गूंथ लें। अब इसकी गोल पतली रोटी सी बना लें और लंबे- लंबे आकार में काट लें। डीप फ्राई करें। आपकी बाजरा निमकी तैयार है।
बाजरा मेथी पूरी
इस मौसम में आप हेल्दी बाजरा पूरी बना सकती हैं। इसके लिए आम पूरी की तरह ही आटा गूंथ लें लेकिन मेथी के पत्ते मिलाना ना भूलें। अब इसकी पूरियां बनाएं और डीप फ्राई कर लें। इसे किसी सब्जी के साथ गर्मागर्म परोसें।
बाजरा चॉकलेट पैनकेक
इस पैनकेक को बनाने के लिए आपको चाहिए आधा कप बाजरा का आटा, जिसे आपको छन्नी से छान लेना है। इसमें आधा कप पिघला गुड़, एक चम्मच कोकोआ पाउडर, एक मैश किया केला डाल कर गर्म पानी से मिला लें। आप चाहें तो इसमें पानी की जगह दूध का प्रयोग भी कर सकती हैं। अब गैस पर एक पैन में मक्खन या घी लगा लें। इस पर बैटर फैलाएं और पलटते हुए पैनकेक बना लें। इसे आप ड्राईफ्रूट्स से गार्निश करके सर्व कर सकती हैं।
बाजरा चीला
आप बाजरा से चीला बना सकती हैं। इसके लिए एक कप बाजरा का आटा, तीन चम्मच चावल का आटा, एक बारीक कटी प्याज, एक बारीक कटी टमाटर, एक बारीक कटी शिमला मिर्च, हरी मिर्च और हरी धनिया को मिलाकर बैटर तैयार कर लेना है। एक पैन को गर्म करके घी या तेल डालें। ऊपर से बैटर को बराबर फैलाएं। पलटते हुए दोनों ओर पका लें। इसे आप दही या अचार के साथ सर्व कर सकती हैं।
बाजरा लड्डू
बाजरा के आटे को पैन में भून लें। इसमें, पाउडर गुड़, दो चम्मच घी और सफ़ेद भुने हुए तिल मिलाकर टेस्टी लड्डू बनाए जा सकते हैं। आप चाहें तो इसमें बादाम पीसकर या बारीक काटकर मिला सकती हैं।
यह भी पढ़ें –
वेट लॉस के लिए क्या ज्यादा सही है- गुड़ या शहद
स्वास्थ्य संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें- editor@grehlakshmi.com
