बच्चों को कुकीज बहुत पसंद होती है लेकिन अगर उनकी पसंद को हेल्दी बना दिया जाए तो ज्यादा इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। कुकीज को हेल्दी बनाना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है। बच्चों को हेल्दी कुकीज खिलाने के लिए क्यों ना इन्हें घर में ही बना लिया जाए। घर में बनी कुकीज खिलाने से आपको यह टेंशन नहीं होगी कि बच्चा कुछ अनहेल्दी खा रहा है। ओट्स, बनाना, ड्रायफ्रूट्स से लेकर कोकोनट से बनी ये कुकीज स्वाद के साथ-साथ हेल्दी भी रहेंगे। खास बात यह है कि इन्हें बनाना कोई बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं है। कई चीजें तो आपके घर के किचन में ही मिल जाएगी। इन हेल्दी कुकीज को लेकर खास बात यह है कि इसे नाश्ते में भी लिया जा सकता है और शाम के समय टी टाइम में स्नैक्स के रूप में भी सेवन किया जा सकता है।

ओटमील कुकीज

ओट्स में कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का सही मिश्रण होता है जो ऊर्जा प्रदान करता है। ओट्स फाइबर से भरपूर होते हैं। प्रोटीन से भरपूर होने के कारण वैसे भी सलाह दी दाती है कि दिन की शुरुआत ओट्स के नाश्ते के साथ करना चाहिए।

सामग्री

110 ग्राम बटर

60 ग्राम ब्राउन शुगर

1 केला

1.5 कप रोस्टेड ओट्स

3/4 कप मैदा

1/4 टीस्पून बेकिंग सोडा

3/4 टीस्पून दालचीनी पाउडर

1/4 टीस्पून नमक

1 टीस्पून वेनिला एक्सट्रेक्ट

1/2 कप किशमिश

1/4 कप चोको बाइट

विधि

– एक बाउन में बटर लें। उसमें ब्राउन शुगर डालकर 2 मिनट के लिए बीट कर लें।

– फिर 1 कटा हुआ केला मिक्स कर बीट करें।

– इसमें ओट्स, मैदा, बेकिंग सोडा, दालचीनी पाउडर, नमक और वेनिला एक्सट्रेक्ट डालकर अच्छे से मिक्स करें।

– अब इसमें किशमिश और चोको बाइट डालकर मिक्स करें।

– अब इसकी छोटी-छोटी बॉल बना लें।

– इसे ट्रे के ऊपर रखे बटर पेपर पर रखें और थोड़ा सा दबाकर चपटा कर दें।

– अब माइक्रोवेट प्रीहीट करें और 10 मिनट के लिए 190 डिग्री सेल्सियस पर बेक करें।

– अब कुकीज निकाल लें। ओट कुकीज को दूध के साथ खा सकते हैं।

व्हीट बनाना कुकीज

केले में कुछ पोषक तत्व और यौगिक होते हैं जैसे कार्बोहाइड्रेट, विटामिन ए, सी और बी-6, आयरन, फास्फोरस, कैल्शियम, पोटेशियम, जिंक और प्राकृतिक शर्करा जैसे सुक्रोज, फ्रक्टोज और ग्लूकोज। इसलिए केले को एक सुपरफूड कहा जाता है।

सामग्री

2 पके हुए केले

2 टेबलस्पून अनसॉल्टेड बटर

1 टेबलस्पून खजूर की प्यूरी

1 कप गेहूं का आटा

1/4 टीस्पून बेकिंग सोडा

विधि

– एक बाउल में पके हुए केलों को मैश कर लें।

– उसमें अनसॉल्टेड बटर डालकर अच्छे से फेंट लें।

– अब खजूर की प्यूरी शुगर सब्टिट्यूट के रूप में मिलाएं।

– 1 कप गेहूं का आटा, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर मिलाएं।

– अब कटे हुए बादाम, पिस्ता, काजू, अंजीर डालकर मिक्स करें।

– अच्छे से मिक्स करने के बाद छोटे-छोटे बॉल बनाकर उसे हाथों से चपटा करें।

– अब एक ट्रे में जमा दें और किशमिश की टॉपिंग्स कर दें।

– अब माइक्रोवेव प्रीहीट करें और तीस मिनट के लिए 180 डिग्री सेल्सियस पर रखें। व्हीट बनाना कुकीज तैयार है।

कोकोनट कुकीज

नारियल स्वास्थ्य, त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद है। इसके सेवन से इम्यूनिटी बढ़ती है। यह ऊर्जा को बढ़ाने में मदद करता है।

सामग्री

70 ग्राम बटर या घी

70 ग्राम ब्राउन शुगर

3-4 बूंदें वेनिला एसेंस

40 ग्राम नारियल का बुरादा

100 ग्राम आटा

1/4 टीस्पून बेकिंग सोडा

विधि

– एक बाउल में बटर या घी डालें। अब इसमें ब्राउन शुगर डालें।

– इसमें वेनिला एसेंस मिलाकर अच्छे से फेंटे।

– इसमें नारियल का बुरादा, आटा और बेकिंग सोडा मिलाएंगे।

– इसे ढंककर 20 मिनट के लिए फ्रिज में रखेंगे।

– अब इससे छोटे-छोटे बॉल बनाकर चपटा कर शेप देंगे।

– इसके एक साइड नारियल का बुरादा लगा देंगे।

– प्रीहीटेड ओवन में 35 मिनट तक 180 डिग्री सेल्सियस पर बेक करेंगे।

– कोकोनट कुकीज तैयार है।

रागी चॉकलेट कुकीज

रागी को नचनी भी कहा जाता है। इसके सेवन से हड्डी के विकास में फायदा होता है। खास बात यह है कि यह मस्तिष्क के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट की पर्याप्त मात्रा शरीर को स्वाभाविक रूप से आराम देने का काम करती है।

सामग्री

1/2 कप रागी आटा

1/2 कप गेहूं का आटा

1/2 पीसी हुई चीनी

1/2 घी

2 टीस्पून दूध

1 टीस्पून कोका पाउडर

1/4 टीस्पून खाने का सोडा

1/2 टीस्पून बेकिंग पाउडर

1 कप काजू 

विधि

– रागी का आटे को एक बाउल में छान लें। फिर गेहूं का आटा भी छान लें।

– इसमें कोको पाउडर, खाने का सोडा और बेकिंग सोडा को भी मिक्स कर लें।

– अब एक अन्य बाउल में घी लें और उसमें चीनी पाउडर मिला दें। इसे बीटर से या बाथ से अच्छे से मिक्स कर लें।

– इसमें आटे का बना हुआ मिश्रण डालते हुए बीटर से मिलाते जाएंगे।

– अब इसके छोटे बॉल बनाकर चपटा कर लेंगे।

– अब बेकिंग ट्रे में रखते जाएंगे। उसे काजू से गार्निश करेंगे।

– ओवन को प्रीहीट करेंगे। इसका बाद कुकीज को 200 डिग्री पर 15 मिनट के लिए रखें।

– इसे ठंडा होने दें। रागी चॉकलेट कुकीज तैयार है।

काजू बादाम कुकीज

बादाम में प्रोटीन, मिनरल्स, विटामिन और फाइबर्स होता है। दिमाग के स्वास्थ्य के लिए बादाम की गुणवत्ता को देखते हुए इसे दिमाग के लिए सर्वोत्तम आहार माना जाता है। वहीं काजू खाने शरीर का मेटाबॉलिज्म सही रहता है और दिल की बीमारी भी दूर होती है।

सामग्री

1/2 कप बटर

1/2 कप पीसी हुई शक्कर

1 कप मैदा

1 टीस्पून इलाइची पाउडर

3/4 टीस्पून बेकिंग पाउडर

1/2 कप बादाम पाउडर

2 टीस्पून कटे हुए काजू

विधि

– एक बाउल में बटर लें और उसमें पीसी हुई शक्कर डालें और अच्छे से फेंट लें।

– एक अन्य बाउल में मैदा लें। इसमें बेकिंग पाउडर और इलाइची पाउडर मिक्स करेंगे।

– अब बादाम पाउडर डालकर मिला दें। अब इसमें बटर और पीसी हुई शक्कर के बेटर में इस मिश्रण को डालकर मिलाएंगे। कटे हुए काजू डालकर इसे गूंथ लेंगे। अब इससे कुकीज तैयार करेंगे। इसे बादाम से गार्निश कर ट्रे में रखेंगे। ओवन को प्रीहीट करेंगे। कंवेक्शन मोड में 180 डिग्री सेल्सियस पर 12 मिनट बेक करेंगे। 

यह भी पढ़ें:

घर पर बनाइए हल्दी की 5 स्वास्थ्यवर्धक और लजीज रेसिपी

त्वचा को इस तरह निखारेंगे घर में बनें 5 मैंगो फेस पैक