विश्व के 100 बेस्ट फ़ूड रीजंस में पंजाब ने हासिल किया 7वां स्थान
हाल ही में घोषित टेस्ट एटलस अवार्ड्स द्वारा 100 बेस्ट फ़ूड रीजंस वर्ल्ड की सूची में पंजाबी फ़ूड ने विश्व स्तर पर 7वां स्थान हासिल किया है।
Best Food Regions: पंजाबी खाना चाहें वो छोला भटूरा, सरसों का साग और मक्के दी रोटी हो या तंदूरी मुर्ग़, देश के हर कोने में रहने वाले को खूब पसंद आता है। दरअसल, पंजाब की ख़ास पहचान ही यहाँ की ख़ान-पान संस्कृति है और अब इसी बात को पूरी दुनिया ने भी मान लिया है। हाल ही में घोषित टेस्ट एटलस अवार्ड्स द्वारा 100 बेस्ट फ़ूड रीजंस वर्ल्ड की सूची में पंजाबी फ़ूड ने विश्व स्तर पर 7वां स्थान हासिल किया है। शीर्ष 10 में पंजाब की उपस्थिति भारत के लिए गर्व की बात है। यह राज्य की समृद्ध पाक परंपराओं को दर्शाता है।
Also read: लाजवाब पंजाबी थाली इन रेसिपीज़ के बिना है सूनी
किन आइटम्स ने बनायी ख़ास पहचान

टेस्ट एटलस ने अपनी सूची में पंजाब के जिन फ़ूड आइटम को शामिल किया है उनमें अमृतसरी कुलचा, टिक्का, साग पनीर, शाही पनीर और तंदूरी मुर्ग शामिल हैं। लिस्ट में हवेली (जालंधर), केसर दा ढाबा (अमृतसर), भरावन दा ढाबा (अमृतसर), बड़े भाई का ब्रदर्स ढाबा (अमृतसर) और क्रिस्टल रेस्टोरेंट (अमृतसर) को शामिल किया गया है जिन्होनें यहाँ की पाक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केसर दा ढाबा की फिरनी, दाल मखनी और पालक पनीर विश्व प्रसिद्ध है वहीं हवेली सरसों दा साग, अमृतसरी कुलचा और मक्के दी रोटी के लिए जाना जाता है।
महाराष्ट्र और बंगाल भी हैं टॉप 100 में
जहां पंजाब ने टॉप 10 में अपनी जगह बनायी है वहीं दूसरे क्षेत्र भी 100 के अंदर आने में सफल रहे हैं। महाराष्ट्र ने 41वां स्थान हासिल किया, जो अपने लोकप्रिय स्ट्रीट फूड और मिसल पाव, आमरस, श्रीखंड और पाव भाजी जैसी मिठाइयों के लिए जाना जाता है। इसके बाद 54वें स्थान पर पश्चिम बंगाल है, जो चिंगरी मलाई करी, शोरशे इलिश, रस मलाई, आलू चॉप और काठी रोल जैसे व्यंजनों के लिए दुनिया भर में अपनी पहचान बनाये हुए है। इडली-डोसा जैसे विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक खाने के साथ अपनी पहचान बनाने वाला दक्षिणी भारत भी इस रैंकिंग में 59वें स्थान पर है। यहाँ की हैदराबादी बिरयानी, मद्रास करी, मसाला डोसा और बहुत सारे फ़ूड आइटम इस लिस्ट में शामिल हैं।

कैसे हासिल हुआ स्थान
टेस्ट एटलस डेटाबेस में 15,478 खाद्य पदार्थों के लिए 477,287 रेटिंग के आधार पर ये 100 क्षेत्रों को वहां सबसे अधिक परोसे जाने वाले क्षेत्रीय और राष्ट्रीय व्यंजनों के शामिल किए गए हैं। लिस्ट में इटली के कम्पेनिया को पहला स्थान प्राप्त हुआ है जबकि ग्रीस के पोलोपोनीस को दूसरा स्थान हासिल हुआ है।
कुछ दिन पहले टेस्ट एटलस ने देश के टॉप स्पाइस्ड ब्रांड की लिस्ट जारी की थी जिसमें भारत के गरम मसाले ने भी विश्व भर में दूसरा स्थान हासिल किया था।
