बच्चों के लिए बनाएं पेरी-पेरी सैंडविच
Peri-Peri Sandwich : बच्चों के लिए खास मौकों पर आप पेरी-पेरी सैंडविच तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान सी रेसिपी
Peri-Peri Sandwich : पेरी-पेरी फ्राइज़ आपने कई बार खाई होगी। बच्चों को पेरी-पेरी फ्राइज़ काफी ज्यादा पसंद होता है। इसके चटपटे स्वाद की वजह से बच्चे अक्सर पेरी-पेरी फ्राइज़ खाने की डिमांड करते हैं। लेकिन फ्राइज़ को डीप फ्राई किया जाता है, इसलिए अधिक मात्रा में बच्चों के लिए यह नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए माता-पिता को बच्चों को ज्यादा फ्राइज़ खिलाने से मना करना चाहिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप पेरी-पेरी फ्राइज़ के बजाय बच्चों को घर पर पेरी-पेरी सैंडविच बनाकर खिला सकते हैं? जी हां, पेरी-पेरी सैंडविच को आप अपने बच्चों के लिए हेल्दी तरीके से तैयार कर सकते हैं। इसे घर पर बनाना बहुत ही आसान है। आइए जानते हैं इसकी स्वादिष्ट रेसिपी-
आवश्यक सामग्री

सैंडविच ब्रेड – 8 से 10 स्लाइस
पेरी-पेरी मसाला – 3 टेबलस्पून
हंग कर्ड – 1 कप
2 कद्दूकस किया गाजर
1/4 बारीक कटी हुई फूलगोभी
2 खीरे स्लाइस में कटे हुए।
2 टमाटर स्लाइस में कटे हुए।
1 शिमला मिर्च स्लाइस में कटे हुए।
1 प्याज स्लाइस में कटे हुए।
विधि
- हंग कर्ड तैयार करने के लिए सबसे पहल 1 कप दही लें, इसे सूती कपड़े में रखकर रातभर के लिए थोड़ दें।
- इससे दही से सारा पानी बाहर निकल जाएगा, सुबह इस हंग कर्ड में पेरी-पेरी मसाला डालें।
- अब बैटर को मिलाकर 2 हिस्सों में बांट लें।
- 1 हिस्से में कद्दूकस की हुई गाजर और बारीक कटी पत्ता गोभी डालकर कोलस्लाव तैयार करें।
- इसके बाद ब्रेड पर मक्खन लगाएं और गाजर और पत्तागोभी का मिश्रण डालें।
- इसके बाद इसपर कटी हुई शिमला मिर्च को रखें।
- फिर कटे हुए टमाटर और कटे हुए खीरे को फैलाएं।
- इसके बाद इसपर पेरी पेरी सॉस फैलाएं (गाजर और गोभी के बिना सादा तैयार किया गया हंग कर्ड का मिश्रण)
- अब इस ब्रेड पर दूसरा स्लाइस ब्रेड रखें और इसे दोनों तरफ से ब्राउन होने तक सेंक लें।
- लीजिए पेरी-पेरी सैंडविच तैयार है, अब आप इसे चटनी या फिर अपने पसंदीदा सॉस के साथ बच्चों को सर्व कीजिए।

ध्यान रखने वाली बातें
- सैंडविच बच्चों को ज्यादा न खिलाएं। दरअसल, मार्केट में मौजूद ब्रेड में कई तरह के केमिकल्स होते हैं। इसके अलावा इसे मैदे से तैयार किया जाता है, जो बच्चों की सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होता है। कोशिश करें कि घर पर आटे से ब्रेड तैयार करें। मार्केट का आटा या फिर ब्राउन ब्रेड भी हेल्दी नहीं होता है।
- हालांकि, सैंडविच में कई तरह की सब्जियां होती हैं, जो बच्चों के लिए हेल्दी हो सकती हैं। लेकिन रोजाना मैदे से युक्त ब्रेक बच्चों के लिए फायदेमंद नहीं हो सकती हैं। इससे मोटापा, हाई ब्लड शुगर जैसी समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में बेहतर है कि घर पर आप आटे के ब्रेड को तैयार करके यह सैंडविच बनाएं।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पेरी-पेरी सैंडविच पसंद किया जा सकता है। आप अपने वीकेंड या फिर किसी स्पेशल डेज पर बच्चों को पेरी-पेरी सैंडविच बनाकर खिला सकते हैं। इसकी रेसिपी बहुत ही आसान है।
