Overview: मौसम के अनुसार बनाएं लड्डू
अगर आप दादी-नानी की तरह मौसम को ध्यान में रखकर लड्डू बनाती हैं तो इससे स्वाद के साथ-साथ आपको सेहत का तोहफा भी मिलेगा।
Laddu According To Season: लड्डू खाना हम सभी को अच्छा लगता है और अक्सर हम तरह-तरह के लड्डू खाना पसंद करते हैं। लड्डू के प्रति हम सभी का एक खास लगाव इसलिए भी होता है, क्योंकि इससे कहीं ना कहीं हमारे बचपन की यादें जुड़ी होती हैं। जब हम छोटे थे, तब दादी-नानी अपने हाथों से लड्डू बनाती थी। वो लड्डू ना केवल खाने में टेस्टी होते थे, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होते थे। अमूमन नानी मौसम के हिसाब से लड्डू बनाती थी और शायद इसलिए उन लड्डू को देखकर खुद को रोक पाना काफी मुश्किल होता था। जहां सर्दियों में ताक़त देने वाले गोंद और तिल के लड्डू बनाए जाते थे, वहीं गर्मियों में ठंडक पहुंचाने वाले नारियल-मिसरी के लड्डू नानी जरूर बनाती थी।
इस तरह नानी की रसोई के लड्डू हर मौसम में स्वाद और सेहत का परफेक्ट मेल साबित होते थे। तो चलिए आज इस लेख में हम और आप नानी की रसोई से उन्हीं लड्डू की रेसिपी के बारे में जानेंगे, जो अलग-अलग मौसम में हमारे फेवरिट हुआ करते थे-
नारियल मिसरी के लड्डू (Nariyal-Misri Laddu)

गर्मी के मौसम में अक्सर नानी नारियल मिसरी के लड्डू बनाया करती थी। इससे ना केवल शरीर को ठंडक मिलती है, बल्कि यह पचने में भी आसान होते हैं, इसलिए इन्हें गर्मी में खाना अच्छा माना जाता है।
आवश्यक सामग्री
- 2 कप कद्दूकस किया नारियल (सूखा या ताजा)
- आधा कप पिसी हुई मिसरी
- 2 बड़े चम्मच घी
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
नारियल मिसरी के लड्डू कैसे बनाएं-
- कड़ाही में घी गर्म करके नारियल को हल्का-सा भून लो।
- अब गैस बंद करके इसमें मिसरी और इलायची मिला दो।
- गर्म-गर्म मिश्रण से हाथ से छोटे-छोटे लड्डू बना लो।
- टेस्टी-टेस्टी नारियल मिसरी के लड्डू बनकर तैयार हैं।
खजूर नारियल लड्डू (Khajoor-Nariyal Laddu)
इन लड्डू को बनाते समय चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। ये आपको ना केवल नेचुरल मिठास देते हैं, बल्कि खजूर की वजह से आपको तुरंत एनर्जी भी मिलती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप बीज निकाले खजूर
- आधा कप नारियल कद्दूकस
- एक चौथाई कप कटे हुए मेवे (बादाम, पिस्ता)
खजूर नारियल के लड्डू कैसे बनाएं-
- सबसे पहले खजूर को टुकड़ों में काटकर मिक्सर में पीस लो।
- अब थोड़ा घी डालकर पैन में हल्का भून लो।
- अब इसमें नारियल और मेवे डालकर मिलाओ।
हल्का ठंडा होने पर लड्डू बना लो।
गोंद के लड्डू (Gond ke Laddu)

सर्दी के मौसम में शायद ही कोई घर ऐसा हो, जहां पर दादी-नानी गोंद के लड्डू ना बनाती हों। ये लड्डू ताकत और गर्माहट दोनों देते हैं। साथ ही साथ, ठंड के दिनों यह सर्दी-खांसी से भी बचाता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप गोंद
- 2 कप गेहूं का आटा
- 1 कप घी
- डेढ़ कप कद्दूकस किया गुड़
- आधा कप मेवे
- 2 बड़े चम्मच मेथी पाउडर
गोंद के लड्डू कैसे बनाएं-
- सबसे पहले घी गर्म करके गोंद तल लो और फूलने के बाद पीसकर रख लो।
- उसी घी में आटा भूनो जब तक सुनहरा हो जाए।
- गुड़ को पिघलाकर उसमें आटा, गोंद, मेवे और मेथी पाउडर मिलाओ।
- गर्म रहते ही लड्डू बना लो। मिश्रण ठंडा होने पर बिखरने लगेगा और लड्डू बनाना मुश्किल हो जाएगा।
सोंठ के लड्डू (Sonth Laddu)
ठंड के मौसम में खांसी-जुकाम की समस्या आम है। ऐसे में नानी सर्दी के मौसम में सोंठ के लड्डू जरूर बनाती थी। यह खाने में काफी अलग होते हैं, लेकिन ठंड में सेहत का ख्याल रखते हैं। साथ ही साथ, इससे पाचन भी दुरुस्त करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप गेहूं का आटा
- आधा कप घी
- तीन चौथाई कप गुड़
- 1 बड़ा चम्मच सोंठ पाउडर
- आधा छोटा चम्मच अजवाइन पाउडर
सोंठ के लड्डू कैसे बनाएं-
- सबसे पहले आटे को घी में सुनहरा होने तक भूनो।
- गैस बंद करके इसमें सोंठ और अजवाइन डाल दो।
- गुड़ पिघलाकर इस मिश्रण में मिलाओ।
- गर्म रहते ही लड्डू बना लो।
तिल गुड़ लड्डू (Til-Gur Laddu)
सर्दी के मौसम में अधिकतर भारतीय घरों में तिल गुड़ के लड्डू भी बनाए जाते हैं। ये ठंड के मौसम में शरीर को गरमाहट देते हैं। साथ ही साथ, कैल्शियम और आयरन से भी भरपूर होते हैं, जो हड्डियों और त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 कप सफेद तिल
- 1 कप गुड़
- 2 बड़े चम्मच घी
- आधा छोटा चम्मच इलायची
तिल गुड़ के लड्डू कैसे बनाएं-
- सबसे पहले तिल को हल्का सुनहरा होने तक भून लो।
- अब दूसरे पैन में घी गर्म करके गुड़ पिघला लो।
- गुड़ में तिल और इलायची डालकर अच्छे से मिलाओ।
- हाथ पर घी लगाकर गर्म-गर्म लड्डू बना लो।
अजवाइन लड्डू (Ajwain Laddu)

बरसात के मौसम में नानी अक्सर अजवाइन के लड्डू बनाया करती थी। यह लड्डू बारिश के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं, क्योंकि ये गैस, एसिडिटी और अपच से राहत दिलाते हैं। साथ ही साथ, इससे बरसात में पेट काफी हल्का महसूस होता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप गेहूं का आटा
- 2 बड़े चम्मच अजवाइन पाउडर
- आधा कप घी
- तीन चौथाई कप गुड़
- आधा छोटा चम्मच सोंठ पाउडर
अजवाइन के लड्डू कैसे बनाएं-
- सबसे पहले आटे को घी में भून लो।
- इसमें अजवाइन और सोंठ पाउडर डालकर मिलाओ।
- गुड़ पिघलाकर डालो और लड्डू बना लो।
