Cooking with Garlic: हमारी किचन में कुछ ऐसे मसाले होते हैं जिनके बिना खाना अधूरा लगता है। उनमें से एक है लहसुन छोटा सा लेकिन कमाल का! चाहे सब्ज़ी हो, दाल, या कोई खास नॉनवेज डिश, लहसुन न सिर्फ स्वाद और खुशबू बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या आप लहसुन का इस्तेमाल सही तरीके से कर रहे हैं?
आज हम आपको बताएंगे कि कैसे लहसुन को इस तरह इस्तेमाल करें कि उसका स्वाद भी निखरे और उसका पोषण भी बना रहे।
छीलने और धोने का सही तरीका अपनाएं
अधिकतर लोग लहसुन को छीलने के बाद धोते हैं, लेकिन ऐसा करने से इसके प्राकृतिक तेल और स्वाद काफी हद तक कम हो जाते हैं। बेहतर होगा कि आप लहसुन की पूरी गांठ को 20–30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। इससे छिलका आसानी से उतरता है और लहसुन साफ भी हो जाता है।
लहसुन को काटें सोच-समझकर
हर रेसिपी में लहसुन को एक ही तरह से काटना जरूरी नहीं होता। कुछ व्यंजन बारीक कटे लहसुन से ज़्यादा स्वादिष्ट बनते हैं, तो कुछ में लहसुन का दरदरा पेस्ट ज्यादा असरदार होता है। मिन्स, स्लाइस, कद्दूकस या पेस्ट यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप क्या पका रहे हैं।
सही समय पर डालना है जरूरी
लहसुन का असर इस पर भी निर्भर करता है कि आप उसे कब डालते हैं। अगर आप लहसुन को शुरुआत में डालते हैं, तो उसका स्वाद पूरे पकवान में घुल जाता है। लेकिन अगर आप चाहती हैं थोड़ा तीखापन और कुरकुरापन, तो उसे अंत में तड़के के रूप में डालें। सलाद और स्टर-फ्राई में तले हुए लहसुन फ्लेक्स का इस्तेमाल एक नया टेक्सचर जोड़ देता है।
लहसुन को जलाएं नहीं, भूनें ध्यान से

लहसुन का स्वाद तभी उभरता है जब वह हल्का सुनहरा और कुरकुरा हो। ज़्यादा पकाने या जलाने से उसका स्वाद कड़वा हो सकता है और पोषक तत्व भी नष्ट हो सकते हैं। इसलिए मध्यम आंच पर धीमे-धीमे भूनें। आप देखेंगे कि उसकी खुशबू से ही भूख बढ़ने लगेगी।
साबुत नहीं, कटे हुए लहसुन का करें इस्तेमाल
क्या आप जानते हैं कि लहसुन को काटने के बाद कुछ मिनटों के लिए छोड़ देना चाहिए? ऐसा करने से इसमें मौजूद एलिन नामक तत्व एलिसिन में बदल जाता है, जो कि एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है और ब्लड प्रेशर से लेकर इम्यूनिटी तक में फायदेमंद है। तो अगली बार लहसुन काटने के बाद थोड़ी देर रुक जाएं, फिर इस्तेमाल करें।
लहसुन सिर्फ स्वाद का नहीं, सेहत का भी खजाना है बशर्ते आप उसका सही तरीके से इस्तेमाल करें। छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने रोज़मर्रा के खाने को और ज्यादा पौष्टिक और स्वादिष्ट बना सकती हैं।
फायदे ही फायदे
लहसुन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सिडेंट गुण पाए जाते हैं जो इम्यूनिटी बढ़ाने, सर्दी-खांसी से राहत देने और संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं। लहसुन हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है, क्योंकि यह ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में सहायक होता है। इसके नियमित सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ती है। लहसुन का सेवन चाहे कच्चा किया जाए या भोजन में पकाकर, यह शरीर को भीतर से ताकत देने में सहायक होता है।
