कम समय में कुकिंग कैसे करें, जानिए टिप्स
आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स एंड ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिसके जरिए आप कम समय में किचन में टेस्टी और हेल्दी खाना बना सकती हैं।
Kitchen Hacks: भारतीय महिलाओं का अधिकांश समय किचन में खाना बनाने में निकल जाता है, लेकिन जो महिलाएं ऑफिस में काम करती हैं, उनके लिए किचन में जल्द खाना बनाना सबसे अहम बात होती है> कई बार उन्हें छोटी-छोटी चीजों की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है और किचन में ही सारा वक्त निकल जाता है। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स एंड ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिसके जरिए आप कम समय में किचन में टेस्टी और हेल्दी खाना बना सकती हैं।
खिले चावल

महिलाएं जब भी चावल बनाती हैं, तो उनकी सबसे बड़ी शिकायत होती है कि उनके चावल चिपककर लड्डू जैसे बन जाते हैं। तो आज हम उनकी परेशानियों को दूर करने वाले हैं। दरअसल, जब भी आप खुले स्टील के बर्तन में चावल पका रही हैं, तो इसमें चावल को उबालते वक्त थोड़ा सा उसके ऊपर रिफाइन या घी डाल दें। या फिर अगर आप बंद कुकर में चावल बना रही हैं, तो उसका ढक्कन लगाते समय उसमें घी डाल दें, जिस वजह से आपके चावल का स्वाद भी बढ़ जाएगा और वो एक दूसरे से चिपकेंगे भी नहीं।
दाल को ऐसे बनाएं टेस्टी

दाल बनाने की वजह से महिलाओं का किचन काफी गंदा हो जाता है, तो इसके लिए दो सबसे अच्छे तरीके है। आप चाहे तो किसी खुले बर्तन में भी दाल को बना सकती है और उसमें तड़का लगाकर उसे स्वादिष्ट कर सकती हैं। वहीं, दूसरा तरीका है कि जब भी आप कुकर में दाल बना रही हैं, तो पहले उसे थोड़ी देर के लिए कुकर में उबाल कर रोस्ट कर ले। इसके बाद उसमें ढक्कन लगाए, ताकि उसमें कम सिटी लगे और आपका किचन गंदा होने से भी बच जाएगा।
आलू को ऐसे छील लें

गर्म आलू को छीलना बहुत कठिन काम है। कई बार आपके हाथ तक जल जाते हैं। खासतौर पर जब आप पराठे या कचौड़ी बनाने के लिए आलू उबालती हैं, तो आपको काफी हड़बड़ी रहती है और आप अच्छे से आलू को छील नहीं पाती है। लेकिन, अब डरने की जरूरत नहीं है, जब भी आप आलू उबालती है, तो उसमें एक चुटकी नमक डाल दें। इससे आलू का छिलका आसानी से उतर जाता है। और आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत भी नहीं पड़ती हैं।
ऐसे बनाएं ग्रेवी गाढ़ी

आपकी सब्ज़ी में तभी स्वाद आता है, जब उसकी ग्रेवी अच्छी बनती है। ग्रेवी जल्द गाढ़ी बनाना सबसे कठिन काम है, लेकिन आप चाहे तो सब्ज़ी बनाते समय ग्रेवी में नारियल पाउडर डाल सकती है। इससे आपकी ग्रेवी गाढ़ी और काफी स्वादिष्ट बनेगी। इसके साथ ही आपकी सब्जी जल्दी खराब ना हो, इसलिए आप उसमें नारियल और कड़ी पत्ता भी डाल सकती हैं। इससे दो फायदे होते हैं। पहला कि आपकी सब्ज़ी स्वादिष्ट बनेगी और दूसरा आपकी सब्ज़ी का ग्रेवी जल्द गाढ़ा हो जाएगा।
मिनटों में ऐसे बनाएं खीर

भारतीय घरों में अगर कोई खुशखबरी आती है, तो सबसे पहले खीर बनाई जाती है। इसके लिए आपके दूध को पहले गाढ़ा करना पड़ता है, जिस वजह से कई बर्तन खराब हो जाते हैं। लेकिन, अब आप खीर को मिनटों में आसानी से बना सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले आप किसी बर्तन में दूध को अच्छे से गर्म करें और उसे गाढ़ा करने के लिए उसमें अधिक मात्रा में मिल्क पाउडर मिला दें। इससे आपकी खीर का टेस्ट भी खराब नहीं होगा और वह जल्द गाढ़ी भी बन जाएगी। साथ ही आपका समय भी बचेगा।
छोले ऐसे बनाएं

छोले बनाने के लिए पहले हमें कच्चे चने को एक रात पहले भिगोकर रखना होता है, ताकि अगले दिन वह आसानी से बन जाए। लेकिन, कई बार हम अचानक से छोले भटूरे बनाने का प्लान कर लेते हैं। जिस वजह से हमें छोले बनाने में दिक्कत होती हैं। हालांकि, अगर आपने छोले नहीं भिगोए हैं, तो भी टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सबसे पहले आपको एक बर्तन में पानी को काफी देर उबालना होगा और उसके बाद उसमें थोड़ा नमक मिलाकर कच्चे छोले उसमें डालने होंगे। ऐसा करने से चने अपने आप उबल जाएंगे और आप फिर उसे कुकर में आसानी से बना सकती हैं। ऐसा करने से आपका काफी समय भी बचेगा।
