होम शेफ नंदिनी अग्रवाल से जानिए 5 होममेड आइसक्रीम रेसिपी: Ice Cream Recipe
Ice Cream Recipe

Ice Cream Recipe: गर्मी का मौसम शुरू हो और बच्चों को आइसक्रीम की याद न सताए ऐसा हो ही नहीं सकता। अब बाजार से बार-बार आइसक्रीम लाना न तो किफायती है और न ही हेल्दी, तो क्यों ना घर पर ही आइसक्रीम बना ली जाए। अगर आप सोच रहे हैं कि घर पर आइसक्रीम बनाना भारी काम है तो गृहलक्ष्मी होम शेफ नंदिनी अग्रवाल की बताई ये 5 होममेड आइसक्रीम रेसिपी जरूर देखें।

क्रंची रूह-अफजा आइसक्रीम

Ice Cream Recipe
Crunchy Rooh afza Ice Cream Recipe

सामग्री

  • दूध-1 लीटर
  • रूह अफजा- 1 छोटा चम्मच
  • चोको बॉल-9
  • रसगुल्ला- 1
  • चीनी 2 छोटा चम्मच

विधि

क्रची रूह अफजा आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 1 लीटर दूध लेंगे। दूध के बर्तन गैस पर मध्यम आंच पर रखें और उसमें चीनी डालकर उबाल लें। उबल जाने पर गैस बंद कर दें। बर्तन को गैस से उतारकर उसे ठंडा होने के लिए रख दें। दूध के ठंडे हो जाने के बाद इसमें चोको बॉल्स, रसगुल्ला और रूह अफजा फैलाएं और 6 घंटे के लिए फ्रीज करें। 6 घंटे के बाद आपकी स्वादिष्ट आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।

चंदन आइसक्रीम

सामग्री

  • चंदन की चाशनी- 2 छोटे चम्मच
  • पानी -1 कप
  • चीनी 1 छोटा चम्मच

विधि

चंदन की आइसक्रीम बनाने के लिए आपको चंदन की चाशनी यानी चंदन सिरप चाहिए। एक गिलास में 2 छोटा चम्मच चंदन की चाशनी डालें। इसमें एक कप पानी और एक छोटी चम्मच चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं। चीनी घुल जाने के बाद इसे 6 घंटे के लिए फ्रीज करें। 6 घंटे बाद निकालकर चंदन की आइसक्रीम का भरपूर स्वाद लें।

रोज मटका आइसक्रीम

Ice Cream Recipe
Rose Matka Ice Cream Recipe

सामग्री

  • गुलाब का शर्बत-2 चम्मच
  • पानी- 1 कप
  • चीनी- 1 चम्मच
  • गुलाब की कुछ पंखुड़ियां

विधि

रोज मटका आइसक्रीम बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप पानी में 2 चम्मच गुलाब का शरबत डालें। साथ ही कुछ गुलाब की पंखुड़ियां भी डालें। अब एक चम्मच चीनी डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं। चीनी मिट्टी के मटके में डालकर 8 घंटे के लिए फ्रीज कर दें। आपके मुंह में पानी लाने वाली आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।

ठंडाई बटर आइसक्रीम

सामग्री

  • दूध 1 लीटर
  • केसर- 4 से 5 धागे
  • चीनी-आवश्यकतानुसार
  • ठंडाई की चाशनी- 1 छोटा चम्मच
  • कुछ नट्स-कुटे हुए

विधि

ठंडाई बटर आइसक्रीम बनाने के लिए एक मोटे तले के बर्तन में दूध डालेंगे। गैस पर बर्तन को रखेंगे और मध्यम आंच पर दूध को उबलने देंगे। इसमें केसर के धागे डाल दें। जब दूध आधा रह जाएगा तब उसमें नट्स और चीनी डालेंगे। इसमें 1 छोटी चम्मच ठंडाई की चाशनी भी डालें। अब इसे 6 घंटे के लिए फ्रीज करें। 6 घंटे बाद घरवालों और मेहमानों के लिए सर्व करने के लिए आइसक्रीम तैयार है।

मिल्क नट्स चंदन आइसक्रीम

Ice Cream Recipe
Milk Nuts Chandan Ice Cream Recipe

सामग्री

  • दूध 1 लीटर
  • चंदन की चाशनी 2 छोटे चम्मच
  • चीनी-स्वादानुसार
  • ड्रायफ्रूट्स-थोड़े से कुटे हुए

विधि

पानी के साथ चंदन की आइसक्रीम बनाने की बजाए आप चाहें तो दूध के साथ भी इसे ट्राय कर सकते हैं। दूध के साथ यह मिल्क नट्स चंदन आइसक्रीम हो जाएगी। इसे बनाने के लिए एक बर्तन में एक लीटर दूध लें। गैस पर मध्यम आंच पर दूध को आधा होने तक उबाल लें। उबाल आने पर स्वादानुसार चीनी और ड्रायफ्रूट्स और नट्स डालें। इसके साथ ही चंदन की चाशनी डालकर अच्छे से मिलाएं। गैस बंद करें और इसे ठंडा होने दें। फिर 6 घंटे के लिए इसे फ्रीज करें। यमी आइसक्रीम खाने के लिए तैयार है।