Chef Shivesh Recipe: इंस्टाग्राम में छाए रहने वाले मशहूर बेकर शिवेश भाटिया यूं तो आपको हमेशा बेक करने के टिप्स देते रहते हैं लेकिन इस गर्मी वह आपके लिए लेकर आए हैं स्मूदी और पुडिंग्स।
Also read: ऐसी स्मूदी रेसिपी जो वजन बढ़ाने में हैं सहायक: Smoothie for Weight Loss
मैंगो मिल्कशेक चिया पुडिंग

अगर आप गर्मी के मौसम में नाश्ते में कुछ अच्छा व टेस्टी बनाना चाहते हैं तो ऐसे में मैंगो मिल्कशेक चिया पुडिंग बना सकते हैं। इसे न केवल तैयार करना आसान है, बल्कि आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर यह आपके दिन की एक पौष्टिक शुरुआत भी करता है।
सामग्री: ½ कप आम के टुकड़े, 2 बड़े चम्मच रोल्ड ओट्स, 1द कप दूध, 1 चम्मच शहद, 2-3 बड़े चम्मच चिया सीड्स।
विधि: एक ब्लेंडर में आम के टुकड़े, रोल्ड ओट्स, शहद और दूध डालें। इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें। अब इसे एक बाउल में निकाल लें और उसमें चिया सीड्स मिला दें। चिया सीड्स के फूलने तक मिश्रण को 1-2 घंटे या रात भर के लिए फ्रिज में रख दें। अब सर्व करने लिए इसे एक गिलास में डालें और ऊपर से और आम के टुकड़े डालें।
चीज केक

यह चीज केक जितना टेस्टी है, उतना ही हेल्दी भी है। क्रीमी हंग कर्ड, फ्रेश क्रीम और मीठे मेपल सिरप से बने चीज केक को टेस्ट करें।
सामग्री: क्रस्ट के लिए- 8 डाइजेस्टिव बिस्किट, 5 खजूर (बीज रहित)।
फिलिंग के लिए- तीन चौथाई कप हंग कर्ड, तीन चौथाई कप फ्रेश क्रीम, एक चौथाई कप मेपल सिरप/गुड़ सिरप, 1 चम्मच वेनिला अर्क, 1 बड़ा चम्मच कॉर्नफ्लोर।
मिक्स बेरी कॉम्पोट के लिए- ½ कप फ्रोजन मिक्स बेरीज, 2 बड़े चम्मच चीनी, 3 बड़े चम्मच पानी।
विधि: बीज रहित खजूरों को गर्म पानी में 10-15 मिनट के लिए या जब तक वे नरम और गूदेदार न हो जाएं, भिगो दें। अब एक फूड प्रोसेसर में बिस्किट और भीगे हुए खजूर डालें और उन्हें पूरी तरह से क्रश करें। बिस्किट और खजूर के टुकड़ों को एल्युमिनियम फॉयल से ढके 4 इंच के केक रिंग में डालें और एकसमान रूप से दबाएं। केक रिंग को एक बड़े बेकिंग डिश में गर्म पानी के साथ सेट करें।
अब फिलिंग के लिए एक बाउल में हंग कर्ड, फ्रेश क्रीम, मेपल सिरप, वेनिला अर्क और कॉर्नफ्लोर डालें। इसे अच्छी तरह मिक्स होने तक मिलाएं। बैटर को बिस्किट बेस पर डालें और पहले से गरम ओवन में 160 डिग्री सेल्सियस पर 30-35 मिनट तक बेक करें। एक बार बेक हो जाने पर, चीज केक को 6-8 घंटे या रात भर के लिए फ्रिज में ठंडा होने दें।
कॉम्पोट के लिए- एक सॉस पैन में फ्रोजन बेरीज, चीनी और पानी डालें। भरावन को हल्का उबाल आने और गाढ़ा होने तक पकाएं। इसे एक तरफ रख दें और चीज केक के ऊपर डालने से पहले इसे पूरी तरह से ठंडा होने दें।
इसका रखें ध्यान
- 1. सुनिश्चित करें कि रिंग को एल्यूमीनियम फॉइल की 2 लेयर से लाइन किया जाए ताकि कुछ भी लीक न हो।
- 2. गुड़ सिरप का भी उपयोग कर सकते हैं।
आम पापड़

गर्मी के मौसम में आम की मदद से कई तरह की रेसिपी बनाई जाती है, लेकिन आप इस बार आम पापड़ बनाएं।
- सामग्री: 2 कप आम की प्यूरी, 2 बड़े चम्मच गुड़ पाउडर, 1 चम्मच काला नमक, 1 चम्मच चाट मसाला।
- विधि: सबसे पहले एक नॉन स्टिक पैन में आम की प्यूरी लें और उसमें गुड़ पाउडर, काला नमक और चाट मसाला डालें। अब लगभग 15-20 मिनट तक या मिश्रण के गाढ़ा होने तक मध्यम-धीमी आंच पर पकाएं। इस अवस्था में मिश्रण फूटने लगेगा, इसलिए सावधान रहें। अगर मिश्रण बहुत ज्यादा फूटता है तो आप ढक्कन भी लगा सकते हैं। यदि मिश्रण चम्मच या स्पैटुला के पिछले हिस्से पर लग जाता है और उसके बीच में बनी एक रेखा दिखाई देती है और यह आपस में मिलती नहीं है, तो इसका मतलब है कि यह सही कंसिस्टेंसी तक पहुंच गया है। अब मिश्रण को आंच से उतार लें और चिकनाई लगी थाली में समान रूप से फैलाएं। आप 8&8 इंच के एल्युमीनियम मोल्ड का उपयोग कर सकते हैं। इसे घी से चिकना कर लें। आप एक प्लेट का उपयोग भी कर सकते हैं और इसे किसी न्यूट्रल तेल से भी चिकना कर सकते हैं। मिश्रण की मोटाई आदर्श रूप से एक इंच का चौथाई हिस्सा होनी चाहिए। मिश्रण को कपड़े से ढककर कम-से-कम 2 दिन तक धूप में सुखा लें।
आम पापड़ सूख जाए, तो चाकू की सहायता से काट लें।
मैंगो कुल्फी बाइट्स

गर्मी के मौसम में अगर आपका कुल्फी खाने का मन है तो एक बार मैंगो कुल्फी बाइट्स बनाकर देखें।
सामग्री: 2 कप दूध, 14 खजूर (बीज निकाले हुए और भिगोए हुए), द कप काजू, भीगे हुए, 1 कप आम के टुकड़े।
गार्निश के लिए- कटे हुए पिस्ता और केसर के धागे
विधि: सबसे पहले बीज रहित खजूर और काजू को 15-20 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगो दें। अब एक सॉस पैन में दूध, भीगे हुए खजूर, काजू डालें और मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि दूध में उबाल न आ जाए और खजूर और काजू नरम और गूदेदार न हो जाएं। एक ब्लेंडर जार में आम के टुकड़े और दूध का मिश्रण डालें और एक स्मूथ कंसिस्टेंसी प्राप्त होने तक ब्लेंड करें। एक सिलिकॉन आइस क्यूब ट्रे लें और उसमें कटे हुए पिस्ता और केसर के धागे डालें। इसके ऊपर कुल्फी का मिश्रण डालें, इसे फॉयल से कवर कर दें और बीच में स्टिक डाल दें। अब इसे 5-6 घंटों के लिए या कुल्फी जमने तक फ्रिज में रख दें। आम कुल्फी को मोल्ड से निकालकर खाएं।
शुगर फ्री चॉकलेट आइसक्रीम

गर्मी के मौसम में अगर आप एक टेस्टी और हेल्दी आइसक्रीम बनाना चाहते हैं तो ऐसे में शुगर फ्री चॉकलेट आइसक्रीम बनाई जा सकती है।
सामग्री: 10 खजूर (बीज रहित), 1½ कप फ्रेश क्रीम, 1½ कप दूध, 4 बड़े चम्मच कोको पाउडर, शुगर फ्री चॉकलेट।
विधि: सबसे पहले बीज रहित 10 खजूरों को गर्म पानी में 15-20 मिनट के लिए या नरम और गूदेदार होने तक भिगोकर रखें। अब भीगे हुए खजूर, कोको पाउडर, दूध और क्रीम को मिक्सर ग्राइंडर जार में डालें। सामग्री को तब तक ब्लेंड करें, जब तक कि एक स्मूथ बैटर न बन जाए। अब इस मिश्रण को एक सिलिकॉन मोल्ड/आइस क्यूब ट्रे में डालें और इसे 8 घंटे के लिए या पूरी तरह से जमने तक जमा दें। एक बार पूरी तरह से जम जाने पर ठोस मिश्रण को सांचे से हटा दें और इन क्यूब्स को मिक्सर में तब तक पीसें जब तक कि एक क्रीमी आइसक्रीम की कंसिस्टेंसी प्राप्त न हो जाए।
