10 तरह की लस्सी बनाने के लिए अपनाएं ये आसान रेसिपी
Lassi Recipes बनाना है बहुत आसान, अपनाएं ये स्टेप्स।
Summer Lassi Recipes: गर्मी का मौसम हो और लस्सी के भरा गिलास हाथ में न हो तो क्या मजा! वैसे भी गर्मी के मौसम में लस्सी पीने से सेहत को भी फायदा होता है। इसके सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है, एसिडिटी दूर होती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, डिहाइड्रेशन की समस्या दूर होती है।
इस मौसम में लोगों को फूड पाइजनिंग की शिकायत हो जाती है, लेकिन रोजाना लस्सी का सेवन कर इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इसका कारण यही है कि लस्सी में प्रोबायोटिक गुण पाए जाते है, जो कि एक गुड बैक्टीरिया होता है। लस्सी में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन के लिए भी फायदेमंद है।
अगर आप एक तरह की लस्सी पीकर बोर हो गए हैं तो आप नई रेसिपी भी ट्राय कर सकते हैं। सामान्य लस्सी तो आप पीते आए हैं, लेकिन यहाँ आपको 10 तरह की लस्सी की वैराइटी जानने को मिलेगी। आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं। इससे टेस्ट में भी चेंज मिलेगा और आप इसका सेवन खुश होकर करेंगे।
क्लासिक लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- आइस क्यूब्स – 2-3
- नमक
- चीनी
विधि
क्लासिक लस्सी बनाने के लिए 1 कप दही को ब्लेंडर में डालें। आप चाहें तो आधा कप दही में आधा कप पानी डालकर भी यह काम कर सकते हैं। यह निर्भर करता है कि आप कितनी कंसीस्टेंसी चाहते हैं। यह आपकी च्वॉइस है। ब्लेंडर में दही डालने के बाद इसमें तापमान के आवश्यकतानुसार आइस क्यूब्स डालें। यहाँ आपको 3 से 4 आइस क्यूब्स में काम चल सकता है। अब स्वादानुसार नमक और चीनी डाल दें। अगर आप चाहें तो केवल नमक या केवल चीनी डाल सकते हैं। इसे मीठा और नमकीन दोनों तरह से बनाया जा सकता है, या कभी-कभी मिश्रण भी बनाया जा सकता है। सारी सामग्री को ब्लेंडर में अच्छी तरह से ब्लेंड कर लें। क्लासिक लस्सी को गिलास में डालकर सर्व करें।
मैंगो लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- कटा हुआ आम – 1 कप
- पिसी हुई इलायची – ½ टीस्पून
- आइस क्यूब्स – 3-4
- चीनी
विधि
1 कप दही या आधा कप दही और आधा कप पानी को ब्लेंडर में डालें। इसमें आइस क्यूब्स डालकर एक कप कटे हुए आम डालें। आप चाहें तो आम का गूदा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें पिसी हुई इलाइची और आवश्यकतानुसार चीनी डालकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। मैंगो लस्सी को गिलास में सर्व करें।
मिंट लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- पुदीने के पत्ते – 8-9
- काली मिर्च – ½ टीस्पून
- आइस क्यूब्स – 3-4
- नमक
विधि
एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही लें। आप चाहें तो आधा कप दही और आधा कप पानी का मिश्रण लें। इसमें आइस क्यूब्स, क्रश किए हुए पुदीने के पत्ते डालें। थोड़ी सी काली मिर्च और नमक डालें। 1-2 मिनट के लिए ब्लेंडर में अच्छी तरह से फेंट लें। गार्निश करके सर्व करें।
स्ट्रॉबेरी लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- कटे हुए स्ट्रॉबेरी – 1 कप
- पुदीना पत्ते – 2-3
- आइस क्यूब्स – 3-4
- चीनी
विधि
एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही डालकर इसमें तीन से चार आइस क्यूब्स डाल लें। फिर इसमें कटे हुए स्ट्रॉबेरी डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए आप स्ट्रॉबेरी पल्प या सिरप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इन सामग्रियों को एक साथ ब्लेंडर में 1-2 मिनट के लिए ब्लेंड कर लें। पुदीने की पत्तियों से गार्निश कर सर्व करें। यहाँ भी ध्यान रहें कि आप 1 कप दही की जगह आधा कप दही और आधा कप पानी इस्तेमाल कर सकते हैं।
चॉकलेट लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- चॉकलेट बार/हर्शे का चॉकलेट सिरप
- आइस क्यूब्स
- चीनी
विधि
एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही डालें। इसमें आइस क्यूब्स डालें। चॉकलेट सिरप और चीनी स्वादानुसार डालें। 1-2 मिनट के लिए ब्लेंडर में अच्छी तरह से ब्लेंड करें और गार्निश करके सर्व करें। यहाँ आप अपने पसंद की कोई भी चॉकलेट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। गार्निश करने के लिए भी आप चॉकलेट सिरप को लस्सी से भरे गिलास में ऊपर डाल सकते हैं।
पाइनेपल लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- अनानास कटा हुआ – 1 कप
- आइस क्यूब्स – 3-4
- चीनी
विधि
पाइनेपस लस्सी बनाने के लिए एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही लें। इसमें कटा हुआ पाइनेपल डालें। आप चाहें तो पाइनेपल का गूदा भी डाल सकते हैं। अब इसमें स्वादानुसार चीनी डाल दें और इन सामग्रियों को एक साथ ब्लेंडर में 1-2 मिनट के लिए फेंटें। गार्निश करके सर्व करें।
केसर लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- केसर – ½ टीस्पून
- गर्म पानी – 1 टेबलस्पून
- आइस क्यूब्स – 3-4
- चीनी
विधि
केसर लस्सी बनाने के लिए आपको पहले केसर को भिगोना होगा। इसके लिए एक कटोरी में केसर लें और उसमें गर्म पानी मिलाएं। इसे 10 मिनट तक रहने दें। एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही डालें। आइस क्यूब्स डालें। केसर का पानी डालें। चीनी डालें और इन सामग्रियों को एक साथ ब्लेंडर में घुमा दें। इसे केसर से गार्निश करके सर्व करें।
बनाना लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- केला – 1
- दालचीनी पाउडर – ½ टीस्पून
- आइस क्यूब्स – 3-4
- चीनी
विधि
एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही और एक पूरा केला डालें। दालचीनी पाउडर डालें। आइस क्यूब्स डालकर इन सामग्रियों को एक साथ ब्लेंडर में चलाएं। ठंडा-ठंडा गिलास में भरकर सर्व करें।
मसाला लस्सी

सामग्री
- दही – 1 कप
- आइस क्यूब्स – 3-4
- जीरा पाउडर – ½ टीस्पून
- चाट मसाला – ½ टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – ½ टीस्पून
- हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 1/2
- मुट्ठी भर धनिया पत्ती बारीक कटी हुई
- नमक स्वादानुसार
विधि
मसाला लस्सी बनाने के लिए एक ब्लेंडर में लगभग 1 कप दही और आइस क्यूब्स डालें। इसमें जीरा पाउडर, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, कटा हरा धनिया, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। 1-2 मिनट के लिए ब्लेंडर में अच्छी तरह मिलाएं और फिर सर्व करें।
रोज़ लस्सी

सामग्री
- दही – 2 कप
- चीनी – 1/4 कप
- गुलाब सिरप – 1 टेबलस्पून
- नमक – 1/2 टीस्पून
- इलायची पाउडर – 1/2 टीस्पून
- पानी – 1/2 कप
- क्रश किए गुए आइस क्यूब्स – 10 -12
- वनीला एसेंस – 10-12 बूंद
विधि
ब्लेंडर में दही डालें। इसमें आइस क्यूब्स डालें। इसके बाद, गुलाब सिरप, वनीला एसेंस, इलाइची पाउडर, नमक और चीनी डालें। आधा कप पानी डालकर स्मूथ होने तक ब्लेंड करें। अब एक लंबे गिलास में ठंडा करके सर्व करें।