शेफ रणवीर बरार को मास्टरशेफ कंटेस्टेंट कौशल्या की चाट पापड़ी आई पसंद, ये टेस्टी रेसिपी आप भी ऐसे बनाएं: Masterchef India Season 8
पापड़ी चाट खाने में काफी टेस्टी होते है, जिन्हें आसानी से घर पर बनाया जा सकता है।
Chaat Papdi by Masterchef India Season 8: हमारे मुंह में चाट का नाम सुनते ही पानी आने लगता है। स्वाद से भरपूर यह स्नैक्स भारत में बड़ा पसंद किया जाता है। कोई पार्टी हो या फंक्शन खाने के स्टॉल पर आपकों ये डिश आसानी से मिल जायेगी। इस बीच मास्टरशेफ इंडिया का नया सीजन शुरू हो चुका है, जहां कंटेस्टेंट प्रत्येक दिन एक नई डिश बनाएंगे। हालांकि, अभी मास्टरशेफ के नए सीज़न में फूड टेस्टिंग का दौर चल रहा है, जहां सभी जजेस कंटेस्टेंट के फूड टेस्ट करके अपनी राय देते हैं। इस बीच कौशल्या नाम की कंटेस्टेंट ने पापड़ी चाट की टेस्टी रेसिपी बनाई है, जिसे खाकर शेफ रणवीर बरार ने उनकी जमकर तारीफ की है। अगर आपकों भी पापड़ी चाट खाना बेहद पसंद है, तो घर पर भी इसे आसानी से बिना किसी झंझट के बनाया जा सकता है। आज हम आपकों इसकी पूरी रेसिपी बताने वाले हैं।
पापड़ी चाट बनाने के लिए सामग्री

300 ग्राम मैदा
आधा कप सूजी
एक चम्मच अजवाइन
स्वादानुसार नमक
आधा कप तेल या रिफाइंड
डेढ़ कप पानी
एक कप पीसा हुआ उड़द दाल का पेस्ट
उबला हुआ आलू
दो चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चम्मच मिक्स चना
दो चम्मच काला नमक
एक कप दही
दो चम्मच मीठी चटनी
एक चम्मच खट्टी चटनी
अनार के दाने
100 ग्राम सेव
एक चम्मच चीनी
दो चम्मच जीरा पाउडर
दो चम्मच चाट मसाला
पापड़ी चाट बनाने की पूरी विधि

पापड़ी चाट बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा ले। उसमें सूजी, अजवाइन और स्वादनुसार नमक मिलाएं। फिर इस मिश्रण को अच्छी तरह से मिक्स कर लें और थोड़ा सा स्वाद बढ़ाने के लिए तेल या रिफाइंड डालें। अब इस मिश्रण में पानी डालकर सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिक्स कर ले। आपको इस मिश्रण का सॉफ्ट आटा तैयार करना है और फिर रोटी की तरह छोटे-छोटे हिस्सों में बेल लेना है। इसके बाद आप एक पैन को गैस पर चढ़ाएं और उसमे रिफांइड या तेल डालकर गर्म करें। इसके बाद आप सभी छोटी-छोटी पूरियों को फ्राई कर लें।
वहीं दूसरी ओर भल्ला बनाने के लिए आप उड़द दाल का पेस्ट लें और उसमें स्वाद अनुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। फिर इस पेस्ट से छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर डीप फ्राई करें और इन्हें कुछ देर तक ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद पापड़ी चाट के लिए फीलिंग बनाने हेतु आप एक बर्तन में उबला हुआ आलू लें और उसमें नमक और मिर्च डालें। फिर इन्हें अच्छे से मैश कर लें। एक छोटा बाउल काले चने लें, उसमें काला नमक डालकर मिलाएं। एक दूसरा बाउल लें, उसमें दही और थोड़ी सी चीनी डालकर मिक्स करें।
फिर अब एक प्लेट में पापड़ियों को फैलाएं और इन तैयार किए गए भल्ले रखें, ऊपर से आलू और चने का मिश्रण भी छिड़क दें। इसके बाद ऊपर से जीरा पाउडर और चाट मसाला छिड़क दें। अब पापड़ी चाट का स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से हल्का काला नमक, दही, मीठी और खट्टी चटनी डालनी है। फिर अनार और सेव से गार्निशिंग करें।
