बसंत पंचमी स्पेशल मीठे पीले पकवानों की रेसिपी
आइए जानते हैं बसंत पंचमी स्पेशल 4 तरह के मीठे पकवान। आपको बता दें कि इस बार बसंत पंचमी का त्योहार 2 फरवरी को मनाया जाएगा।
Dishes for Basant Panchami: बसंत पंचमी को कई जगहों पर सरस्वती पूजा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन माँ सरस्वती को पीले रंग का भोग लगाना काफी शुभ होता है। ऐसा माना जाता है कि पीले रंग के भोग से माँ सरस्वती जल्दी प्रसन्न होती हैं। आइए जानते हैं बसंत पंचमी स्पेशल 4 तरह के मीठे पकवान।
केसरिया मीठे चावल

सामग्री
- 1 कप बासमती चावल
- ½ कप चीनी
- 1 कप दूध
- 2 कप पानी
- 2 चम्मच घी
- केसर के धागे
- 2 लौंग
- आधा चम्मच इलाइची पाउडर
- किशमिश, काजू और बादाम
बनाने की विधि
सबसे पहले बासमती चावल को अच्छे से धोकर 15 से 20 मिनट के लिए भिगो दें। अब एक पतीले में 2 कप पानी डालकर उबाल लें। अब इसमें भीगे हुए चावल को डालकर पकाएं। जब चावल अच्छे से पक जाएं, तो इसमें से पानी छानकर निकाल दें। फिर एक कड़ाही में घी गर्म करें और इसमें लौंग, काजू, किशमिश और बादाम को डालकर हल्का सा भून लें। फिर इसमें उबले हुए चावल डालें और मिक्स करें। अब इसमें चीनी और केसर मिला दूध डालें और धीमी आंच पर थोड़ी देर पकाएं। जब चावल, चीनी और दूध का पानी सोख ले, तब इसमें इलाइची पाउडर डालें। अब गैस बंद करें दें और इसे 5 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि इसमें केसर की खुशबू अच्छी तरह से मिक्स हो जाए।
राजभोग मिठाई

सामग्री
- आधा चम्मच इलायची पाउडर,
- 5 बादाम और पिस्ता
- 5 केसर के धागे
- 1/2 कप चीनी
- 250 ग्राम पनीर
- 1 कटोरी मैदा
- पीले रंग का फूड कलर
बनाने की विधि
सबसे पहले इलायची पाउडर, बादाम, पिस्ता और केसर को एक साथ मिला लें। इसके बाद एक पैन में पानी और चीनी डालकर उसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गर्म करें। अब इसमें फूड कलर डालकर थोड़ी देर पकने दें। अब एक बड़े परात में पनीर को अच्छे से मैश करें और इसमें थोड़ा सा मैदा मिला कर एक मुलायम पेस्ट तैयार करें। इसके छोटे-छोटे गोले बनाएं और हथेलियों पर रखकर दबा कर पतला करें और इसमें ड्राई फ्रूट का मिश्रण डालकर गोल बॉल का आकर देकर इसे बंद कर दें। अब इन बॉल्स को चीनी वाले पानी में डालें और कुछ देर के लिए पकने दें। बस इस बात का ध्यान रखें कि चीनी ज्यादा गाढ़ी न हो जाए। थोड़ी देर के बाद गैस को बंद कर दें लीजिए तैयार है राजभोग मिठाई।
बेसन की बर्फी

सामग्री
- 1/2 कप घी
- 1 कप बेसन
- 1/4 कप पानी
- 1 कप चीनी
- इलाइची पाउडर
- 10 काजू व बादाम
बनाने की विधि
सबसे पहले एक कढ़ाई में 1/2 कप घी गर्म करें। अब इसमें 1 कप बेसन डालें और धीमी आंच पर बेसन को अच्छी तरह से भूनें, जब तक की बेसन का रंग हल्का सुनहरा न हो जाए। फिर इसमें धीरे-धीरे 1/4 कप पानी डालें, ध्यान रहे इसमें कोई गांठ न आए। इसके बाद इसमें थोड़ी सी चीनी डालें और अच्छे से मिलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तब इसमें इलायची पाउडर डाल दें। अब एक थाली में घी लगा कर इसमें इस पेस्ट को फैला दें और इसके ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें। जब यह ठंडा हो जाए तब इसके ऊपर कटे हुए काजू व बादाम डाल दें और इसे चाकू से काट लें।
पुआ

सामग्री
- 1 कटोरी मैदा
- 1/4 कटोरी सूजी
- 1 कटोरी ठंडा दूध
- 1 कटोरी चीनी पाउडर
- ½ कटोरी कटा मेवा
- इलायची पाउडर
- 2 पका केला
- तलने के लिए तेल
बनाने की विधि
पुआ बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में केला को मैश्ड कर लें फिर इसमें मैदा, सूजी, चीनी डालकर मिला लें, फिर इसमें दूध डाल कर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इस घोल को 20 मिनट तक ढककर रख दें। फिर इसमें मेवा और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें। अब कडा़ही में तेल गर्म करें और इस घोल को तेल के बीच में डालकर पकने दें। फिर पलट कर दूसरी तरफ से पकाएं और जब यह ब्राउन हो जाए तब इसे तलकर निकाल लें। ठंडा होने पर आप इसे मलाई या फिर दूध के साथ सर्व करें।
