सर्द मौसम में अगर गर्मा-गर्म हलवे की प्लेट मिल जाए तो क्या कहने! ठंड के आगाज होते ही घर में गाजर के हलवे की खुश्बू आने लगती है, तो कुछ शादियों के शुरू होने का इंतज़ार करते हैं, ताकि रिसेप्शन में उन्हें मूंग दाल का हलवा खाने को मिल जाए। अगर आप एक ही तरह के हलवे इस सर्दी के मौसम में खा रहे हैं तो आपको कुछ और विकल्पों पर भी जाना चाहिए।
कभी गाजर या मूंग दाल का हलवा घर पर ही बनाइए तो कभी काशी हलवा, खसखस बादाम का हलवा ट्राय कीजिए। ठंड के मौसम में चुकंदर हर जगह नजर आ जाते हैं, आप इसका भी यमी हलवा बना सकते हैं और घरवालों को खुश कर सकते हैं। वहीं इम्यूनिटी की चिंता करने वालों के लिए कच्ची हल्दी का हलवा पौष्टिक भी और स्वादिष्ट भी रहेगा। यहां 7 तरह के Indian Halwa Recipe दी गई है जो कि ठंड के मौसम का मजा दोगुना करने के लिए काफी है।
गाजर का हलवा

सामग्री
- गाजर – 500 ग्राम
- दूध – ½ लीटर
- घी – 2 से 3 टीस्पून
- चीनी – ½ कप
- मावा – ½ कप
- इलायची पाउडर – ½ टीस्पून
- काजू – 15-20
- बादाम – 15-20
विधि
- गाजर का हलवा बनाने के लिए लाल गाजर का इस्तेमाल करें। सबसे पहले लाल गाजर को अच्छे से धो लें और कद्दूकस कर लें। कड़ाई में घी डालें और घी के गर्म होने पर उसमें गाजर डाल दें। गाजर को 5 मिनट घी में भूनें और फिर दूध डालकर अच्छे से मिलाएं।
- गाजर में दूध को मध्यम आंच पर गाढ़ा होने तक पकाएं। चम्मच बीच-बीच में चलाते रहें।
- गाढ़ा होने पर मावा और चीनी डालें। चीनी पिघलने लगेगी और चम्मच से इसे चलाते रहें। चीनी के पूरी तरह गाढ़ा होने तक इसे पकाएं।
- गाढ़ा होने पर उसमें काजू, बादाम और इलायची पाउडर डालें और गैस बंद कर दें।
खजूर का हलवा

सामग्री
- खजूर (छिले और कटे हुए) – 1 कप
- घी – 1/3 कप
- चीनी – 2 टेबलस्पून
- गरम पानी – 1/2 कप
- इलायची पाउडर – 1/4 टीस्पून
- काजू (टूटे हुए) – 1 टेबल स्पून
विधि
- खजूर बीज निकला हुआ होना चाहिए। इसे मोटा-मोटा काट लें। 1 कप नापें और एक बाउल में निकाल लें।
- गर्म पानी डालें। 30 मिनट के लिए अलग ढककर रख दें। इस बात का ध्यान रखें कि खजूर पूरी तरह से पानी में भिगोए हुए हों।
- अब यह नरम हो गया होगा। अब इसे मिक्सर जार में डालें और बारीक पीस लें।
- खजूर की प्यूरी को एक मोटे तले की कड़ाही में डालें। इसमें चीनी मिलाइए। तब तक पकाते रहें जब तक कि यह गहरे रंग में न बदलने लगे और थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। इसमें घी डालना शुरू करें। एक बार में 1 या 2 चम्मच घी डालें। थोड़ा-थोड़ा करके घी डालें और पकाते रहें।
- धीमी आंच में पकाते रहें और बीच-बीच में घी डालते रहें और जब हलवा चिपकना शुरू हो जाए तो हलवा घी सोख लेगा।
- अब यह किनारों पर घी छोड़ देगा तब इलाइची पाउडर डालें।
- एक टीस्पून घी डालकर काजू को सुनहरा होने तक भून लें। हलवे में डाल दें। जल्दी से चलाएं और आंच बंद कर दें।
मूंग दाल का हलवा

सामग्री
- मूंग दाल – 1/2 कप
- चीनी – 3/4 कप
- घी – 1/2 कप
- मावा – 1/2 कप
- किशमिश – 1 टेबल स्पून
- काजू – 15-20
- बादाम – 8-10
- पिस्ता – 15-16
- इलाइची पीसी हुई – 4
विधि
- सबसे पहले मूंग की दाल को धोकर लें और उसे लगभग 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
- दाल को हल्का दरदरा पीसकर तैयार कर लें। ध्यान रहें इसमें ऊपर से पानी न डालें।
- अब गैस पर पैन रखकर गरम करें और इसमें घी पैन में डाल दीजिए। अब पिसी हुई दाल पैन में डालकर चम्मच से लगातार चलाते हुए हल्की ब्राउन होने तक भुनें। जब महक आने लगे और दाल से घी अलग होने लगे तो समझ जाएं कि दाल भुन चुकी है। गैस बंद कर दें।
- अब मावा भुनने के लिए एक कड़ाही गैस पर रखें और घी डालें। घी पिघल जाने पर बारीक मावा डालें और मध्यम आँच पर भुनें। खुशबू आने और हल्का रंग बदलने तक भूनना है। अब मावा को भुनी हुई दाल में मिला दें।
- अब कड़ाही में चीनी डालें और डेढ़ कप पानी डालें। चीनी के घुलने तक चाशनी को पकाएं। चाशनी को भुनी दाल में डालकर मिलाएं। मध्यम आंच पर हलवे की कन्सिस्टेन्सी आने तक लगातार चलाते हुए पकाएं। इसमें कटे हुए बादाम-काजू, किशमिश डालकर मिक्स करें। गाढ़ी कन्सिस्टेन्सी आने पर इसमें इलाइची पाउडर डालकर मिक्स करें। मूंग दाल का हलवा बनकर तैयार है। कटे हुए पिस्तों और काजू-बादाम से गार्निश कर सकते हैं।
चुकंदर हलवा

सामग्री
- चुकंदर कद्दूकस किया हुआ – 2 कप
- दूध – 2 कप
- चीनी – 1/2 कप
- घी – 2 टेबल स्पून
- खोवा – 2 टेबल स्पून
- इलायची पाउडर – 1 टीस्पून
- बादाम, पिस्ता, काजू – 3-4 टेबल स्पून
विधि
- चुकंदर को धोकर छील लें और उन्हें कद्दूकस कर लें जब तक कि आपके पास 2 कप चुकन्दर न मिल जाएं।
- एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डालें। धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक भूनें जब तक कि चुकंदर की कच्ची महक घी की खुशबू से बदल न जाए।
- दूध में डालें और अच्छी तरह मिलाएं। दूध से चुकंदर ढक जाना चाहिए। धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि सारा दूध सोख न जाए। अगर नॉनस्टिक कड़ाही का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बीच-बीच में हिलाते रहें और साइड से खुरचें नहीं। अगर रेग्यूलर कड़ाही का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बार-बार हिलाएं।
- खोवा डालें और अच्छी तरह मिलाएं। चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि चीनी सोख न ले। बीच-बीच में हिलाएं।
- इलाइची पाउडर डालें और मिक्स होने तक मिलाएं। ऊपर से कटे हुए ड्रायफ्रूट्स डालें। चुकंदर के हलवे को गर्म या ठंडा सर्व सकते हैं।
काशी/कद्दू हलवा

सामग्री
- पीला कद्दू – 500 ग्राम
- चीनी – 1/2 कप
- देशी घी – 4 टेबल स्पून
- दूध – 1/2 लीटर
- काजू बारीक कटे हुए – 1-2 टेबल स्पून
- पिस्ता बारीक कटे हुए – 10-12
- इलायची पाउडर – 1/2 टीस्पून
विधि
- सबसे पहले कद्दू को छीलकर टुकड़ों में काट कर अच्छे से धोकर कद्दू को कद्दूकस कर लें।
- दूध को पैन में डाल कर गाढ़ा होने तक पकाएं। दूध को बीच-बीच में चलाते भी रहें।
- कद्दू को पकाने के लिए पैन को गैस पर रखें। इसमें 2 टेबल स्पून घी डालकर इसमें कद्दू डाल दें। 2 मिनट लगातार चलाते हुए भून लें। 2 मिनट बाद कद्दू को ढक कर धीमी-मध्यम आंच पर 3-4 मिनट पकने दें।
- 4 मिनट बाद इसे चेक करें और फिर से ढक कर 4-5 मिनट धीमी आंच पर पकने दें। कद्दू को चेक करें, कद्दू अच्छे से पक कर तैयार है।
- कद्दू में चीनी डाल दें, चीनी डाल देने के बाद कद्दू में से जूस निकलने लगता है। अब कद्दू के जूस को खत्म करने के लिए इसे तेज आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।
- दूध को लगातार थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते रहें, दूध के गाढा़ होने पर दूध से मावा बन कर तैयार है।
- कद्दू में जूस कम हो जाने पर मावा को कद्दू में डाल कर मिक्स कर दें। इसमें कटे हुए काजू और इलायची पाउडर डालकर मिलाएं। अब कद्दू को लगातार चलाते हुए 2 मिनट पका लें।
- कद्दू के हलवे में ऊपर से कटे हुए पिस्ते डाल कर इसे गार्निश करें। काशी या कद्दू हलवा बनकर तैयार है।
कच्ची हल्दी का हलवा

सामग्री
- हल्दी की गांठ – 200 ग्राम
- घी – 2 टेबलस्पून
- गुड़ – 1/2 कप
- बादाम, पिस्ता, काजू, किशमिश
विधि
- हल्दी की गांठ को छिल लें। अब इसे धोकर काट लें। इसे मिक्सर में पीस लें।
- गैस पर एक कड़ाही लें। इसमें 2 टेबलस्पून घी डालें। घी गर्म होने पर हल्दी का पेस्ट डालकर हिलाएं। 15 मिनट तक पकाएं। इसके बाद थोड़ा पानी डालें और फिर फ्राय करें। चम्मच से हिलाते रहें।
- 20 मिनट तक पकने के बाद इसमें गुड़ डाल दें।
- अब इसमें बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश की कतरन डालकर हिलाएं। 10 मिनट और पकने दें। हल्दी का हलवा तैयार है।
खसखस बादाम का हलवा

सामग्री
- खसखस – 150 ग्राम
- बादाम- 100 ग्राम
- घी – 75 ग्राम
- चीनी – 100 ग्राम
- कंडेंस्ड मिल्क – ½ कप
- दूध – ½ कप
विधि
- खसखस और बादाम को अलग-अलग गर्म पानी में पांच घंटे या रात भर के लिए भिगो दें। खसखस से पानी निथार लें और पीसकर आधा गाढ़ा पेस्ट बना लें। यदि ज़रूरी हो तो 1 टेबल स्पून दूध डालें।
- बादाम का भी पेस्ट बना लें।
- एक नॉन स्टिक पैन में घी गर्म करें और उसमें खसखस का पेस्ट डालें। धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक भूनें। बादाम का पेस्ट डालें और 5 मिनट और भूनें।
- अब इस पेस्ट में चीनी डालें और चीनी के पूरी तरह घुलने तक भूनें।
- गाढ़ा दूध और सामान्य दूध डालें। हलवे को तब तक पकाएं जब तक कि हलवे का गाढ़ापन कम न हो जाए और वह कड़ाही से चिपकना बंद न कर दे। अब आंच से उतार लें।
- खसखस बादाम हलवे को साबुत बादाम से सजाएं और गर्मा-गर्म सर्व करें।
