Summary: इस गुड़ी पड़वा ट्राई करें ये रॉयल मराठी लुक, हर कोई पूछेगा सीक्रेट!
गुड़ी पड़वा पर पारंपरिक मराठी लुक केवल पहनावा नहीं, बल्कि संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है। नौवारी या पैठणी साड़ी से लेकर नथ, गजरा और कोल्हापुरी चप्पल तक हर डिटेल आपके अंदाज़ को खास बनाती है।
Gudi Padwa Traditional Look: गुड़ी पड़वा केवल कैलेंडर बदलने का दिन नहीं, बल्कि नई शुरुआत, सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक गर्व का उत्सव है। इस दिन घर की बालकनी में सजी गुड़ी जितनी खास होती है, उतना ही खास होता है महिलाओं का पारंपरिक मराठी लुक। साड़ी, गजरा, नथ और आत्मविश्वास इन सबका संगम ही बनाता है परफेक्ट ट्रेडिशनल अंदाज़। इस साल गुड़ी पड़वा 19 मार्च को है। अगर आप इस साल गुड़ी पड़वा पर कुछ अलग और क्लासिक पहनना चाहती हैं, तो यहां है पूरा स्टाइल गाइड।
नौवारी या पैठणी का जादू
मराठी लुक की पहचान है साड़ी। सबसे पहले बात करते हैं नौवारी साड़ी की, जिसे नौ गज की साड़ी भी कहा जाता है। इसे खास तरीके से धोती स्टाइल में पहना जाता है, जिससे लुक में शालीनता के साथ दमदार व्यक्तित्व झलकता है। अगर आप थोड़ा रॉयल और एलिगेंट लुक चाहती हैं, तो पैठणी साड़ी बेहतरीन विकल्प है। सुनहरे बॉर्डर और मोर डिजाइन वाली पैठणी साड़ी गुड़ी पड़वा के लिए परफेक्ट मानी जाती है। रंगों में हरा, पीला, लाल और पर्पल सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं, क्योंकि ये समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक हैं।

ड्रेपिंग करते समय प्लीट्स साफ-सुथरी रखें और पल्लू को कंधे पर अच्छी तरह सेट करें। यही छोटी-छोटी बातें आपके पूरे लुक को निखार देती हैं।
ब्लाउज़ और फिटिंग, कम्फर्ट के साथ स्टाइल
मराठी लुक में ब्लाउज़ की फिटिंग बेहद मायने रखती है। एल्बो-लेंथ स्लीव्स वाला ब्लाउज़ पारंपरिक और ग्रेसफुल लगता है। आप गोल या स्वीटहार्ट नेकलाइन चुन सकती हैं। अगर साड़ी भारी है, तो ब्लाउज़ को सादा रखें। वहीं सिंपल साड़ी के साथ ब्रोकैड या सिल्क ब्लाउज़ लुक में रिचनेस जोड़ देता है। ध्यान रखें कि फिटिंग आरामदायक हो, ताकि पूजा और पूरे दिन के कार्यक्रम में सहज महसूस करें।
श्रृंगार है मराठी ब्यूटी का असली आकर्षण
गुड़ी पड़वा पर श्रृंगार का खास महत्व है। बालों में जुड़ा बनाकर उस पर सफेद मोगरे का गजरा लगाएं। यह न केवल लुक को पूरा करता है, बल्कि ताजगी का अहसास भी देता है। माथे पर चंद्रकोर बिंदी और हल्का काजल आंखों की खूबसूरती बढ़ाता है। लाल या मरून लिपस्टिक पारंपरिक अंदाज़ में चार चांद लगा देती है।

सबसे खास है मराठी नथ यह आपके पूरे लुक को अलग पहचान देती है। इसके साथ हरे कांच की चूड़ियां, सोने की चेन और चांद-बाली या झुमके पहनें। अगर चाहें तो ‘कोल्हापुरी साज’ जैसे पारंपरिक नेकलेस से लुक और भी खास बन सकता है।
मेकअप हो सादगी भरा
मराठी ट्रेडिशनल लुक का मूल मंत्र है ओवरडू न करें। बेस हल्का और नेचुरल रखें। ब्लश और हाइलाइटर बहुत ज्यादा न लगाएं। ध्यान रखें कि आपका मेकअप आपके चेहरे की नैचुरल खूबसूरती को उभारे, उसे ढके नहीं। सादगी ही इस लुक की असली पहचान है।
फुटवियर और फाइनल टच
फुटवियर में कोल्हापुरी चप्पल या सैंडल बेहतरीन लगती है। यह कम्फर्टेबल भी होती है और पारंपरिक भी।

और आखिरी मेें मुस्कान और आत्मविश्वास यही आपका सबसे खूबसूरत आभूषण है। जब आप अपनी संस्कृति को गर्व से अपनाती हैं, तो आपका लुक अपने आप खास बन जाता है। गुड़ी पड़वा का यह दिन केवल सजने-संवरने का नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर है। साड़ी, श्रृंगार और संस्कृति का यह संगम आपको न सिर्फ बाहर से, बल्कि भीतर से भी खूबसूरत बनाता है।
