Summary: Toxic में यश का डार्क अवतार, पोस्टर ने बढ़ाई सस्पेंस की आग
टॉक्सिक के नए पोस्टर में यश के दूसरे किरदार ‘टिकट’ का खुलासा हो गया है, जिससे उनके डबल रोल की पुष्टि हो गई। 19 मार्च 2026 को रिलीज हो रही फिल्म में उनका रफ और रॉयल दोनों अवतार देखने को मिलेगा।
Toxic Movie and Ticket Update: साउथ के सुपरस्टार यश की फिल्म टॉक्सिक: अ फेअरी टेल फ़ोर ग्रोन-अप्स को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में रिलीज हुए टीज़र ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था, लेकिन उसके आखिरी सीन में दिखे रहस्यमयी शख्स ने दर्शकों को उलझन में डाल दिया। अब मेकर्स ने इस सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है और साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि रॉकिंग स्टार यश इस फिल्म में डबल रोल निभा रहे हैं।
टीज़र के रहस्यमयी शख्स से उठा पर्दा
शुक्रवार को रिलीज हुए टीज़र में फिल्म की झलक ने दर्शकों को चौंका दिया था। खासकर आखिरी सीन में एक ऐसा किरदार नजर आया, जिसका चेहरा पूरी तरह साफ नहीं दिखाया गया। वह एग्रेसिव अंदाज़ में कहता है, “आई एम होम डैडी।”
इस एक डायलॉग ने सोशल मीडिया पर अटकलों का तूफान खड़ा कर दिया। फैंस कयास लगाने लगे कि आखिर यह किरदार कौन है? क्या यह किसी नए कलाकार की एंट्री है या फिर कहानी में कोई बड़ा ट्विस्ट छिपा है?
अब निर्देशक गीतू मोहनदास और सुपरस्टार यश ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर इस रहस्य से पर्दा हटा दिया है। पोस्टर में साफ हो गया है कि यह किरदार भी खुद यश ही निभा रहे हैं।
‘टिकट’ के रूप में यश का नया अवतार
मेकर्स ने यश के दूसरे किरदार का नाम भी रिवील कर दिया है – ‘टिकट’। पोस्टर पर लिखा है, “रॉकिंग स्टार यश इन टॉक्सिक एज़ टिकिट!”
इससे पहले टीज़र में यश का क्लासिक और रॉयल अंदाज ‘राया’ के रूप में दिखाया गया था। अब ‘टिकट’ के रूप में उनका लुक बिल्कुल अलग और ज्यादा रफ-टफ नजर आ रहा है। यह ट्रांसफॉर्मेशन दर्शकों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, “नरक का आपका ‘टिकट’ तैयार है! #Toxic दुनियाभर के सिनेमाघरों में 19-03-2026 से।” इस लाइन ने फिल्म के डार्क और इंटेंस टोन को और मजबूत कर दिया है।
क्या है कहानी का नया सस्पेंस?
हालांकि रहस्यमयी शख्स की पहचान सामने आ गई है, लेकिन कहानी को लेकर अब भी कई सवाल बाकी हैं। क्या ‘टिकट’ राया का बेटा है? या फिर यह राया के अतीत की कहानी है? टीज़र में ‘रॉयल सर्कस’ की झलक, दमदार एक्शन और क्लासिक स्टाइल में दिखे राया ने पहले ही दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी थी। अब डबल रोल की पुष्टि ने कहानी को और पेचीदा बना दिया है।
फैंस को लग रहा है कि फिल्म में पिता-पुत्र की टकराहट या फिर अतीत और वर्तमान के बीच संघर्ष दिखाया जा सकता है। लेकिन मेकर्स ने अभी कहानी के असली राज को पूरी तरह से छिपाकर रखा है।
पैन इंडिया रिलीज और बड़ी टक्कर
टॉक्सिक एक पैन इंडिया फिल्म है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। यश की पिछली ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी केजीएफ़ के बाद से फैंस उनकी अगली फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। खास बात यह है कि 19 मार्च 2026 को रिलीज हो रही इस फिल्म की सीधी टक्कर धुरंधर 2 से होगी, जिसमें रणवीर सिंह नजर आएंगे। बॉक्स ऑफिस पर यह क्लैश काफी दिलचस्प होने वाला है।
फैंस के बीच बढ़ा उत्साह
टीज़र ने रिलीज होते ही मिलियन व्यूज पार कर लिए थे। अब नए पोस्टर के बाद सोशल मीडिया पर ‘टिकट’ ट्रेंड कर रहा है। यश के डबल रोल ने दर्शकों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है।
एक तरफ ‘राया’ का रॉयल और रहस्यमयी अंदाज, तो दूसरी तरफ ‘टिकट’ का खतरनाक और विद्रोही लुक यह कॉम्बिनेशन फिल्म को और खास बना रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स अगला सरप्राइज क्या पेश करते हैं। फिलहाल इतना तय है कि 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दर्शकों को एक दमदार, रहस्यमयी और एक्शन से भरपूर अनुभव मिलने वाला है।


