Overview: पवन सिंह ने अचानक क्यों छोड़ा 'राइज एंड फॉल' शो?
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने आखिरकार रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' को छोड़ दिया है। अशनीर ग्रोवर के इस शो में पवन सिंह की मौजूदगी ने इसे खूब सुर्खियों में रखा।
Why Did Pawan Singh Exits Show Rise and Fall: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने आखिरकार रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल‘ को छोड़ दिया है। अशनीर ग्रोवर के इस शो में पवन सिंह की मौजूदगी ने इसे खूब सुर्खियों में रखा। शो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नयनदीप रक्षित के साथ उनकी नोंकझोंक से लेकर धनश्री वर्मा के साथ उनकी बातचीत तक, हर जगह बस पवन सिंह ही छाए हुए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने मशहूर भोजपुरी गाने ‘राजा जी का दिलवा’ पर खुद तो डांस किया ही, साथ ही दूसरे कंटेस्टेंट्स को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया था।
कुछ समय के लिए बने थे शो का हिस्सा
प्रोडक्शन टीम से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि पवन सिंह को लेने उनका परिवार खुद सेट पर आया था। शो से जाते समय उन्होंने बाकी कंटेस्टेंट्स से कहा कि वह खुद को कभी कंटेस्टेंट मानते ही नहीं थे, बल्कि वह तो बस कुछ समय के लिए इस शो का हिस्सा बने थे।
पवन से पहले इस कंटेस्टेंट ने छोड़ा था शो
पवन सिंह के जाने से पहले रेसलर संगीता फोगाट भी शो छोड़ चुकी थीं। उनके ससुर बलवान पुनिया के निधन की खबर मिलने के बाद वह शो में फूट-फूटकर रोईं थीं। संगीता मशहूर कुश्ती कोच महावीर सिंह फोगाट की बेटी हैं, जिनके जीवन पर ‘दंगल’ फिल्म बनी थी।
बिग बॉस को कड़ी टक्कर
ऑरमैक्स की रिपोर्ट के अनुसार, ‘राइज एंड फॉल’ शो टीआरपी की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है और यह सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 19’ को कड़ी टक्कर दे रहा है। खुद अशनीर ग्रोवर ने इसका श्रेय पवन सिंह की लोकप्रियता को दिया था। यह शो अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहा है।
धनश्री वर्मा का दर्द
शो में एक बेहद इमोशनल पल तब आया, जब कंटेस्टेंट अरबाज पटेल के साथ बातचीत के दौरान धनश्री वर्मा ने क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ अपने तलाक की लगातार चल रही अफवाहों पर खुलकर बात की। उन्होंने इन खबरों को निराधार और जानबूझकर बनाई गई बताया। धनश्री ने साफ-साफ कहा, “ये सब जो तलाक की बातें चल रही हैं, वो बिल्कुल ही बनाई गई चीजें हैं। मैंने उनको पहले ही पीछे छोड़ दिया है।” धनश्री की बात सुनकर अरबाज पटेल ने भी संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बाहर लोग हमेशा कहानियां बनाते रहेंगे, लेकिन जो अंदर महसूस होता है, वही असली है। मुझे भी कई बार खुद को समझाना पड़ता है।”
पवन सिंह ने साझा किया अपना दर्द
पवन सिंह ने शो में अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में एक बेहद दर्दभरा खुलासा किया था। उन्होंने कहा, “मेरी शादी हुई थी, लेकिन मेरी दुनिया उजड़ गई। तीन महीने में ही उसने गलत रास्ते से दुनिया को अलविदा कह दिया। वो एक देवी थी, जिसको मैंने खो दिया।” इसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी शादी के बारे में बताया और कहा कि कुछ सालों बाद उनकी जिंदगी में कुछ और परेशानियां आईं और फिलहाल उनका तलाक का मामला चल रहा है। गौरतलब है कि पवन सिंह की पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि दूसरी पत्नी से उनका तलाक का मामला चल रहा है।
