Summary: शादी के बाद रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के फिल्मी वीडियो ने मचाया धमाल
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को शादी के बाद अपने फैंस को खास सरप्राइज दिया है। उनकी आने वाली ऐतिहासिक फिल्म ‘रणबाली’ से पहली झलक जारी की गई है, जिसमें दोनों की शानदार केमिस्ट्री और ‘ओ मेरे साजन’ गीत ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
Ranabali Song: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को उदयपुर में अपने दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में शादी कर ली। दोनों को फिल्म “गीता गोविंदम” और “डियर कॉमरेड” में साथ देखा जा चुका है। अब यह जोड़ी निर्देशक राहुल सांकृत्यायन की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक ड्रामा “रणबाली” में फिर से स्क्रीन शेयर करती नजर आएगी। फिल्म के निर्माताओं ने इस फिल्म का एक सरप्राइज वीडियो रिलीज किया है, जिसमें “रणबाली” से रश्मिका और विजय की पहली झलक दिखाई गई है।
रश्मिका और विजय की “रणबाली” की पहली झलक
टी सीरीज ने “रणबाली” फिल्म की पहली झलक शेयर की है, जिसमें शादी वाले दृश्यों की झलक के साथ दोनों की खूबसूरत केमिस्ट्री भी नजर आती है। ‘ओ मेरे साजन’ गीत शेयर करते हुए मेकर्स ने नवविवाहित जोड़े को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।
“रणबाली” के गाने की खासियत
‘ओ मेरे साजन’ गीत की मधुर धुन के साथ सामने आए इस वीडियो ने फैंस का दिल छू लिया। संगीतकार जोड़ी अजय–अतुल का यह गाना श्वेता मोहन और जावेद अली की आवाज में और भी शानदार बन पड़ा है। वीडियो में ट्रेडिशनल ड्रेसेज में सजे रश्मिका और विजय की एंट्री, घर में गृहप्रवेश और साथ बिताए गए मधुर पलों की झलक दिखाई देती है। आखिर में स्क्रीन पर उभरते शब्द “हैप्पी मैरिड लाइफ विजय और रश्मिका” ने इस सरप्राइज को और खास बना दिया।
“रणबाली” की झलक देख फैंस हुए खुश

रश्मिका और विजय की इस फिल्म की झलक देखकर उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। एक फैन ने लिखा, “रील्स असलियत में बदल जाती हैं, बधाई हो विरोश”। एक अन्य ने लिखा, “शादी के बाद हमारी सबसे पसंदीदा और प्यारी जोड़ी विरोश केमिस्ट्री!” “शादी के बाद इन दोनों की पहली फिल्म है, ब्लॉकबस्टर होनी चाहिए”, “उनकी शादी के लिए सबसे अच्छा सरप्राइज” और “क्या शॉट था, क्या सिनेमैटोग्राफी थी” जैसे कमेंट्स फैंस की तरफ से आए।
“रणबाली” का पोस्टर
फिल्म “रणबाली” का एक खूबसूरत पोस्टर भी रिलीज किया गया है, जिसमें दोनों साथ खड़े नजर आते हैं। टी-सीरीज के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, “हमारे रणबाली और जयम्मा हमेशा साथ। इस खास सरप्राइज के साथ हम उनके प्यार का जश्न मना रहे हैं।”
“रणबाली” की कहानी
कहानी 1854 से 1878 के बीच के उस दौर को छूती है, जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। यह फिल्म उस समय के संघर्ष, आर्थिक शोषण और सामाजिक उथल-पुथल को उजागर करने की कोशिश करती है। विजय इस फिल्म में ‘रणबाली’ नामक एक स्वतंत्रता सेनानी की भूमिका निभा रहे हैं, जो अन्याय के खिलाफ डटकर खड़ा होता है। वहीं रश्मिका ‘जयम्मा’ के रूप में प्रेम, साहस और त्याग का प्रतीक है। फिल्म में अंतरराष्ट्रीय अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू ‘सर थियोडोर हेक्टर’ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह टकराव कहानी को और भी रोमांचक बनाएगा।
कब रिलीज होगी “रणबाली”
निर्माता मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को टी-सीरीज प्रस्तुत कर रही है। इस फिल्म को तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी भाषा में देखा जा सकेगा। भव्य सेट, दमदार संगीत और सशक्त कहानी के साथ यह फिल्म 11 सितंबर को थिएटर में रिलीज होने वाली है।
शादी के बाद रश्मिका और विजय का पहला प्रोफेशनल साथ
शादी के बाद रश्मिका और विजय की यह पहली फिल्म होगी, जो न केवल उनकी प्रोफेशनल लाइफ का नया अध्याय है, बल्कि उनके निजी जीवन की भी खूबसूरत झलक पेश करती है। असल जिंदगी में साथ बंधने के बाद अब दोनों बड़े पर्दे पर भी प्रेम और संघर्ष की कहानी कहने को तैयार हैं। रश्मिका और विजय के फैंस के लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके फेवरेट एक्टर्स के रील से रियल तक का सफर भी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘रणबाली’ दर्शकों के दिलों पर कैसी छाप छोड़ती है।


