Upcoming Mythology Movies 2023: हाल ही में रामायण पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरूष’ ने दर्शकों को काफी निराश किया। फिल्में भले ही दर्शकों के मनोरंजन के लिए होती हैं लेकिन कई विषय ऐसे होते हैं जो सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं होते। ऐसे विषयों पर जब भी फिल्में आती हैं दर्शकों की उनसे कुछ ज्यादा ही उम्मीद रहती है। ऐसा ही एक विषय है माइथोलॉजी जिसपर आधारित फिल्में दर्शकों को अपने कल्चर से जोडने के साथ कुछ सीखने का भी मौका दे जाती हैं। बॉलीवुड में आने वाले समय में कई माइथोलॉजिकल फिल्में आने वाली हैं। हाल ही में अक्षय कुमार की ‘ओह माय गॉड 2’ का ट्रेलर रिलीज हुआ। जिसके बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर फिल्म चर्चा का विषय बन गई है। बॉलीवुड में ‘ओह माय गॉड 2’ ही नहीं जल्द ही कई माइथोलाजी पर आधारित फिल्में आने वाली हैं। आइए आपको उन बॉलीवुड माइथोलॉजिकल फिल्मों के बारे में बताते हैं जो जल्द ही रिलीज हो सकती हैं।
1) ओह माय गॉड 2

ओह माय गॉड का पहला पार्ट दर्शकों को काफी पसंद आया था। भले ही ये फिल्म किसी पौराणिक कथा पर आधारित नहीं थीं। लेकिन इस फिल्म में धर्म और आस्था से जुडे तथ्यों को अलग अंदाज में दिखाया गया था। पहले पार्ट में अक्षय कुमार ने भगवान कृष्ण का मॉर्डन अवतार निभाया था। अब जल्द ही ‘ओह माय गॉड 2’ रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में अक्षय भगवान शिव का किरदार निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम और अरूण गोविल अहम भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में भी मेकर्स ने भगवान और भक्त के रिश्ते और आस्था को दिखाने का प्रयास किया है।
2) ‘द इंकार्नेशन सीता’

भगवान राम की कहानी को कई बार पर्दे पर रामायण के रूप में अलग अलग माध्यमों के जरिए दिखाया गया है। उनके जन्म से लेकर जीवन से जुड़े घटनाक्रमों को और उनके सतयुग में अवतार लेने की कहानी को रामायण में बखूबी बयान किया गया है। निर्देशक अलौकिक देसाई जल्द ही सीता की कहानी को एक अलग नजरिए से दिखाने को प्रयास करेंगे। ‘द इंकार्नेशन सीता’ में कंगना रनौत सीता के किरदार को निभाने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म साल 2023 में रिलीज होने वाली है।
3) सूर्यपुत्र महावीर कर्ण

महाभारत का वो किरदार जिसे लोग पसंद भी करते हैं और कौरवों का साथ देने के लिए नापसंद भी करते हैं। उस किरदार का नाम है दानवीर कर्ण। निर्माता निर्देशक वासु भगनानी ‘सूर्यपुत्र महावीर कर्ण’ पर फिल्म बना रहे हैं। यह एक पैन इंडिया फिल्म होगी। फिल्म आरएस विमल ने लिखी है और वही फिल्म का निर्देशन भी करने वाले हैं। साउथ के एक्टर विक्रम कर्ण की भूमिका निभाने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म इस साल के अंत तक रिलीज हो सकती है।
4) रामायण
आदिपुरूष के विवादों के बाद निर्देशक नीतेश कुमार ने रामायण फिल्म बनाने का अनाउंसमेंट किया। फिल्म की कास्ट को लेकर अभी भी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर और सीता के किरदार के लिए साईं पल्लवी का नाम सामने आया है। सीता के रोल के लिए पहले आलिया भट्ट का नाम सामने आया था। वहीं इस फिल्म में रावण के किरदार के लिए पहले साउथ के सुपर स्टार यश का नाम सामने आ रहा था। लेकिन यश ने इस बात से इंकार कर दिया था। हालांकि अभी फिल्म पर काम शुरू नहीं हुआ है। लेकिन इस साल इसकी शूटिंग शुरू हो सकती है।
5) द इम्मार्टल अश्वत्थामा

इस फिल्म पर लम्बे समय से काम हो रहा है। इस फिल्म को महाभारत के किरदार अश्वत्थामा से प्रेरित बताया जाता है। इस फिल्म में मुख्य किरदार में विकी कौशल नजर आने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में अल्लू अर्जन भी अहम किरदार में नजर आएंगे। साथ ही सारा अली खान भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म को आदित्य धर निर्देर्शित कर रहे हैं। ये फिल्म भी 2023 में रिलीज हो सकती है।