Summary: फिल्म सेट पर ‘सुंदर चेहरा’ बनना पड़ा भारी, तमन्ना भाटिया बोलीं – “आप तो अच्छी दिखो, राय क्यों दे रही हो”
फिल्म इंडस्ट्री में दो दशक पूरे कर चुकीं तमन्ना भाटिया अब अपनी नई वेब सीरीज़ के साथ दर्शकों के सामने एक नए अंदाज़ में आ रही हैं। इस शो में वह एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं जो बीयर स्टार्टअप शुरू कर पुरुष-प्रधान दुनिया को चुनौती देती है।
Tamannaah Bhatia News: फिल्म इंडस्ट्री में दो दशक पूरे कर चुकीं तमन्ना भाटिया अब अपनी नई वेब सीरीज़ Do You Wanna Partner के ज़रिए एक बिल्कुल अलग अंदाज़ में नज़र आ रही हैं। इस शो में वह ऐसी महिला बनी हैं जो बीयर स्टार्टअप की शुरुआत कर पुरुष प्रधान दुनिया को चुनौती देती है। इंटरव्यू के दौरान तमन्ना ने न सिर्फ अपने किरदार, बल्कि असल ज़िंदगी में महिलाओं को मिलने वाले जजमेंट और अपने एक्सपीरियंस को भी शेयर किया। तो चलिए जानते हैं तमन्ना भाटिया ने क्या कहा है।
फिल्म सेट पर औरतों की राय नहीं पसंद
तमन्ना भाटिया ने बताया अपने इंटरव्यू में कि यह शो उन औरतों की कहानी दिखाता है जो उस क्षेत्र में कदम रखती हैं जिसे पुरुषों का लाइन माना जाता है यानी शराब का कारोबार। इस पर बात करते हुए तमन्ना कहती हैं, “लोगों को अच्छा लगता है जब औरतें दिखाई देती हैं, लेकिन वे उन्हें सुनना नहीं चाहते। उन्हें अच्छा लगता है कि औरत वहां मौजूद हो, लेकिन दिमागी तौर पर कुछ कंट्रीब्यूट न करे।”
महिलाओं को सिर्फ सुंदर रहने के लिए कहा जाता है
तमन्ना भाटिया ने बताया कि शो के एक सीन में एक वेंडर उनसे और डायना पेंटी से पूछता है कि क्या उनके घर के बड़े-बुज़ुर्गों को पता है कि वे इस बिज़नेस में हैं। तमन्ना बताती हैं कि उन्होंने भी असल ज़िंदगी में ऐसे जजमेंट का सामना किया है, चाहे वह एक्टिंग हो या कोई डांस नंबर। वह कहती हैं, “हमेशा यह जजमेंट रहा है कि ‘अच्छे घर की लड़कियां…’। सबसे पहले, औरतों को इंसान समझा जाना चाहिए। मैंने हमेशा खुद को पहले इंसान माना है, जेंडर को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। हां , मैंने ये बातें सुनीं लेकिन उन्हें असर नहीं करने दिया। हालांकि, मुझे अक्सर नेविगेट करना पड़ा कि ‘आप बस अच्छी दिखो, अपनी राय क्यों दे रही हो?’
सीरीज में काम करने पर क्या बोली तमन्ना भाटिया
इस शो के बारे में बात करते हुए तमन्ना ने कहा कि Do You Know Partner के सेट पर ऐसा बिल्कुल नहीं था। वह कहती हैं, “मुझे अपने दोनों डायरेक्टर्स आर्चित और कॉलिन और प्रोड्यूसर सोमें मिश्रा को क्रेडिट देना होगा। वे हमेशा हमें सीन बेहतर बनाने में मदद करते थे। उन्होंने हमें सीन को अपना बनाने का मौका दिया। जब हम कुछ कहते थे तो उसमें भरोसा होता था क्योंकि हम अक्सर उस प्रक्रिया का हिस्सा होते थे। जब सीन पढ़े जा रहे होते, तो हम कह सकते थे कि ‘एक औरत के तौर पर, यह वही बात है जो वह कहेगी।’ और डायरेक्टर्स ने इसे अपनाया। हर औरत का रिएक्शन एक जैसा नहीं होता, और उन्होंने इसे जगह दी।”
किस प्लेटफार्म पर देख सकते हैं तमन्ना की सीरीज़
तमन्ना भाटिया की नई वेब सीरीज़ ‘Do You Wanna Partner?’ हाल ही में प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुई है। इस शो में उनके साथ डायना पेंटी, इंद्रनील सेनगुप्ता, जावेद जाफ़री, नीरज काबी, आयशा रज़ा मिश्रा और रणविजय सिंह भी नज़र आ रहे हैं।
