Summary: मुक्ता आर्ट्स की मेगा पहल: क्लासिक किरदार अब दिखेंगे एनिमेशन यूनिवर्स में
मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड और ग्रीन गोल्ड एनीमेशन ने क्लासिक फिल्मों के किरदारों पर आधारित एनिमेटेड शो और फिल्में बनाने के लिए साझेदारी की है। सुभाष घई की कंपनी का लक्ष्य इन प्रतिष्ठित कहानियों को नई पीढ़ी और वैश्विक दर्शकों तक एनिमेशन के जरिए पहुंचाना है।
SGM Animation Studio: भारतीय सिनेमा की क्लासिक कहानियों और किरदारों को अब एक नए अंदाज़ में देखने का मौका मिलने वाला है। प्रख्यात फिल्ममेकर सुभाष घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड ने ग्रीन गोल्ड एनीमेशन के साथ एक अहम समझौता (एमओयू) किया है। इस साझेदारी के तहत मुक्ता आर्ट्स की प्रतिष्ठित फिल्मों और उनके किरदारों पर आधारित एनिमेटेड शो, फिल्में, कॉमिक्स और गेम्स विकसित किए जाएंगे। यह कदम भारतीय सिनेमा की विरासत को नई पीढ़ी तक आधुनिक तकनीक के जरिए पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनिमेशन विस्तार की रणनीति
मुक्ता आर्ट्स ने 2025 में अपने समर्पित एनिमेशन और गेम्स डिवीजन ‘एसजीएम एनीमेशन स्टूडियो’ की शुरुआत की। यह स्टूडियो एनिमेटेड फिल्में, वेब सीरीज़, कॉमिक बुक्स और गेम्स के विकास व सह-निर्माण पर केंद्रित रहेगा। चार दशकों में बनी मुक्ता आर्ट्स की समृद्ध आईपी लाइब्रेरी का उपयोग करते हुए स्टूडियो नई ओरिजिनल प्रॉपर्टीज भी तैयार करेगा, जो कंपनी की कहानी कहने की परंपरा से प्रेरित होंगी।
क्लासिक फिल्मों के किरदार बनेंगे एनिमेटेड आईपी

इस सहयोग के तहत कई प्रतिष्ठित फिल्मों से प्रेरित एनिमेटेड यूनिवर्स तैयार किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से कालीचरण, क़र्ज़, हीरो, कर्मा, राम लखन, खलनायक, सौदागर और इक़बाल जैसी फिल्मों के साथ इनके लोकप्रिय किरदारों पर आधारित स्पिन-ऑफ शामिल होंगे। इन क्लासिक कहानियों को एनिमेटेड फॉर्मेट में ढालकर बच्चों और युवा दर्शकों के लिए एक नया सिनेमाई अनुभव तैयार किया जाएगा।
क्लासिक कहानियों से जुड़ी नई एनिमेटेड यूनिवर्स का विज़न
इस सहयोग पर बात करते हुए ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक और सीईओ राजीव चिलाका ने कहा, “एसजीएम स्टूडियो के साथ यह साझेदारी हमें लंबे समय तक चलने वाले एनिमेशन आईपी बनाने के अपने अनुभव को एक प्रतिष्ठित फिल्म कैटलॉग पर लागू करने का अवसर देती है। साथ मिलकर हम ऐसी एनिमेटेड दुनिया बनाना चाहते हैं जो इन महान कहानियों से जुड़ी हो और आज के युवा वैश्विक दर्शकों से भी जुड़ सके।”
सुभाष घई का विज़न… नई पीढ़ी के लिए नई प्रस्तुति
मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के संस्थापक और फिल्ममेकर सुभाष घई ने कहा, “मुक्ता आर्ट्स हमेशा से भावनात्मक रूप से जुड़ी कहानियां बनाने में विश्वास रखता है। एनिमेशन के माध्यम से हम अपनी आईपी को अगली पीढ़ी के लिए एक नए माध्यम में विस्तार दे रहे हैं।”
यह साझेदारी भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित फिल्मों और किरदारों को आधुनिक तकनीक और वैश्विक फॉर्मेट के जरिए दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
क्लासिक बॉलीवुड यूनिवर्स को एनिमेटेड रूप में देखने का यह प्रयोग न केवल नॉस्टैल्जिया जगाएगा, बल्कि भारतीय कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान भी देगा।
