जवान की सफलता के लिए भगवान के दरबारों में शाहरूख टेक रहे माथा: SRK Visits Tirupati Balaji
SRK Visits Tirupati Balaji Temple

SRK Visits Tirupati Balaji: बॉलीवुड के किंग खान पठान की सफलता के बाद आने वाली फिल्‍म जवान को हिट बनाने के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। फिल्‍म 7 सितम्‍बर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। जवान की रिलीज से पहले शाहरूख प्रमोशंस से लेकर भगवान के दरबार तक फिल्‍म की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसके पहले भी पठान की रिलीज से पहले वे मक्‍का और वैष्‍णों देवी के दर्शन के लिए गए थे। शायद यही वजह है कि वे जवान की सफलता के लिए भी भगवान के दरबार में अर्जी लगा रहे हैं। हाल ही में वे तिरूपति दर्शन के लिए गए। वहां वे अपनी बेटी सुहाना और फिल्‍म की एक्‍ट्रेस नयनतारा के साथ दर्शन के लिए पहुंचे।

वेंकटेश्‍वर के दर्शन का वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर शाहरूख खान का बेटी सुहाना और फिल्‍म की लीड एक्‍ट्रेस नयनतारा के साथ वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे वेंक्‍टेश्‍वर मंदिर में दर्शन के लिए जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वे दर्शन के लिए लाइन में चलते चलते अपने फैंस का अभिवादन भी कर रहे हैं। किंग खान फिल्‍म के प्रमोशन के लिए आंध्रपदेश गए हुए हैं। वहीं उन्‍होंने तिरूपति में भगवान वेंक्‍टेश्‍वर के दरबार में दर्शन कर फिल्‍म की सफलता के लिए प्रार्थना की।

वैष्‍णों देवी के भी किए थे दर्शन

शाहरूख खान ने कुछ दिन पहले ही जम्‍मू में मां वैष्‍णों देवी के दर्शन किए। इसके पीछे भी यही कारण बताया जा रहा है कि वे फिल्‍म की सफलता के लिए प्रार्थना करने गए थे। क्‍योंकि पठान की रिलीज से पहले भी वैष्‍णों देवी के दर्शन किए थे। पठान की अपार सफलता के बाद अब किंग खान अगली फिल्‍म जवान के लिए भी पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्‍होंने एक बार इंटरव्‍यू में भी कहा था कि फिल्‍म के रिलीज होने से पहले वे दिन रात मेहनत करते हैं। जिससे रिलीज के बाद मन में ये मलाल न रहे कि थोडा और करता तो अच्‍छा हो जाता। इसलिए वे अपनी मेहनत के साथ साथ भगवान के पास भी फिल्‍म की सफलता के लिए अर्जी लगा रहे हैं।

जवान फिल्‍म में शाहरूख के हैं अलग अंदाज

YouTube video

जवान फिल्‍म के ट्रेलर आने के बाद उनके इसमें अलग अंदाज देख फैंस काफी खुश हैं। इसमें उन्‍होंने अपने लुक्‍स के साथ कई एक्‍स्‍पेरीमेंट किए हैं। इसके पोस्‍टर रिलीज में पट्टी से कवर लुक देखने के बाद से ही फ़िल्म के लिए उत्‍सुकता बढ़ गई थी। उनका बाल्‍ड लुक काफी दमदार लग रहा है। यही नहीं फिल्‍म में वे एक आर्मी ऑफिसर की भूमिका में भी नजर आने वाले हैं। इसके अलावा ट्रेलर से अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनका एक किरदार फिल्‍म में गे शेड में देखने को मिलेगा। वे फिल्‍म में डबल रोल निभा रहे हैं। यही नहीं फिल्‍म में उनके साथ एक से बढ़कर एक कलाकार हैं। अपनी एक्टिंग से लोगों के दिलों में अलग जगह बना चुके विजय सेतुपति फिल्‍म में विलेन के किरदार में नजर आएंगे। साउथ की मोस्‍ट पॉपुलर एक्‍ट्रेस नयनतारा लीड एक्‍ट्रेस हैं। वे भी फिल्‍म में एक्‍शन करती नजर आएंगी। दीपिका पादुकोण का दमदार कैमियो एक सरप्राइज एलिमेंट है। फिल्‍म का निर्देशन एटली कुमार ने किया है। फिल्‍म रेड चिलीज के बैनर तले बनी है।