Agnivesh Agarwal’s Accident and Past Celebrity Mishaps
Agnivesh Agarwal’s Accident and Past Celebrity Mishaps

Summary: अग्निवेश अग्रवाल के हादसे से पहले भी सेलेब्स के साथ हो चुके हैं स्कीइंग एक्सीडेंट्स

अग्निवेश अग्रवाल के स्कीइंग हादसे ने एक बार फिर एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनसे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय सेलेब्स स्कीइंग के दौरान गंभीर दुर्घटनाओं का सामना कर चुके हैं।

Agnivesh Agarwal Skiing Accident: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के 49 साल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल के निधन ने न सिर्फ कार्पोरेट जगत, बल्कि आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है। न्यूयॉर्क में स्कीइंग के दौरान हुए हादसे के बाद कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत की खबर सामने आई। एक फिट, एक्टिव और मल्टी-टैलेंटेड बिजनेसमैन का इस तरह अचानक चले जाना यह सवाल छोड़ जाता है कि एडवेंचर स्पोर्ट्स, खासकर स्कीइंग, कितनी जोखिम भरी हो सकती है।

अग्निवेश अग्रवाल अकेले नहीं हैं। उनसे पहले भी दुनिया के कई बड़े सेलेब्रिटीज़, राजनेता, खिलाड़ी और रॉयल फैमिली के सदस्य स्कीइंग हादसों का शिकार हो चुके हैं। किसी की जान गई, तो किसी को गंभीर चोटों के साथ लंबा रिकवरी पीरियड झेलना पड़ा।

अमेरिका के मशहूर कैनेडी परिवार के सदस्य माइकल कैनेडी की मौत 1997 में स्कीइंग के दौरान हुई थी। वे अपने परिवार के साथ एस्पेन में स्कीइंग कर रहे थे, तभी स्की पर फुटबॉल खेलते समय एक पेड़ से टकरा गए। महज 39 साल की उम्र में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

फॉर्मूला-1 के दिग्गज माइकल शूमाकर 2013 में फ्रेंच आल्प्स में ऑफ-पिस्ट स्कीइंग के दौरान गिर पड़े और सिर पर गंभीर चोट लगी। इसके बाद वे लंबे समय तक कोमा में रहे। यह हादसा खेल जगत के सबसे बड़े झटकों में से एक माना जाता है।

सिंगर और पॉलिटिशियन सॉनी बोनो की 1998 में स्कीइंग हादसे में मौत हो गई थी। नेवाडा के हैवनली स्की रिसॉर्ट में वे तेज़ रफ्तार में स्की करते समय पेड़ से टकरा गए। बताया जाता है कि उस वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।

मोनाको की प्रिंसेस कैरोलिन एक बेहतरीन स्कीयर मानी जाती हैं, लेकिन 2001 में ऑस्ट्रिया में स्कीइंग के दौरान उनकी एक अन्य स्कीयर से टक्कर हो गई। इस हादसे में उनके घुटने में गंभीर चोट आई और उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाना पड़ा।

हॉलीवुड स्टार और कैलिफोर्निया के पूर्व गवर्नर अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर 2006 में स्कीइंग के दौरान फिसल गए थे। इस हादसे में उनकी दाईं जांघ की हड्डी टूट गई थी और सर्जरी करानी पड़ी। उस वक्त वे सक्रिय राजनीति में थे।

जर्मनी के थ्यूरिंगिया राज्य के तत्कालीन प्रमुख डाइटर आल्थाउस 2009 में ऑस्ट्रिया में स्कीइंग करते समय गलत दिशा में चले गए और एक महिला स्कीयर से टकरा गए। महिला की मौत हो गई, जबकि आल्थाउस को गंभीर ब्रेन इंजरी हुई। बाद में उन्हें गैर-इरादतन हत्या का दोषी ठहराया गया।

ब्रिटिश एक्ट्रेस नताशा रिचर्डसन की कहानी स्कीइंग हादसों में सबसे ज़्यादा चौंकाने वाली मानी जाती है। 2009 में शुरुआती स्की लेसन के दौरान वे गिरीं, लेकिन शुरुआत में उन्हें कुछ खास महसूस नहीं हुआ। कुछ घंटों बाद सिरदर्द बढ़ा और दो दिन बाद उनकी मौत हो गई।

डेमलर के सीईओ डाइटर ज़ेट्शे स्कीइंग के दौरान एक स्नोबोर्डर से टकरा गए थे। उनके कंधे में फ्रैक्चर हुआ, लेकिन उन्होंने बिना लंबा ब्रेक लिए काम जारी रखा और स्लिंग के साथ इवेंट्स में नज़र आए।

बीटल्स के लीजेंड पॉल मैककार्टनी की एक्स-वाइफ हीदर मिल्स 2014 पैरालंपिक की तैयारी के दौरान ऑस्ट्रिया में स्कीइंग कर रही थीं। एक जमी हुई प्लास्टिक पोल से टकराने पर उनकी शोल्डर ब्लेड बुरी तरह टूट गई।

नीदरलैंड्स के प्रिंस जोहान फ्रिसो 2012 में ऑफ-पिस्ट स्कीइंग के दौरान एवलांच की चपेट में आ गए। करीब 20 मिनट बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन वे कोमा में चले गए और लगभग डेढ़ साल बाद उनकी मौत हो गई।

स्वीडन की क्राउन प्रिंसेस विक्टोरिया 2013 में इटली में स्कीइंग के दौरान एंकल स्प्रेन का शिकार हुई थीं। हादसा गंभीर नहीं था, लेकिन यह दिखाता है कि अनुभवी लोगों के लिए भी स्कीइंग जोखिम भरी हो सकती है।

जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल भी स्कीइंग हादसे से नहीं बच पाईं। 2013 में स्विट्ज़रलैंड में क्रॉस-कंट्री स्कीइंग के दौरान गिरने से उनकी पेल्विक बोन फ्रैक्चर हो गई थी और उन्हें कई मीटिंग्स रद्द करनी पड़ीं।

अग्निवेश अग्रवाल की मौत ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि स्कीइंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स जितने आकर्षक हैं, उतने ही खतरनाक भी। चाहे बिजनेस लीडर हों, फिल्म स्टार्स या राजनेता एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।

सोनल शर्मा एक अनुभवी कंटेंट राइटर और पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, प्रिंट और पीआर में 20 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने दैनिक भास्कर, पत्रिका, नईदुनिया-जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हितवाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया...