Sikandar Box Office: अगर नामी जानकार यह नहीं बता रहे हैं कि सलमान खान की ‘सिकंदर’ ने कितनी कमाई की है तो आप यह सोचने के लिए मजबूर हो सकते हैं कि जो आंकड़े आ रहे हैं क्या वो वाकई सही हैं! इस गफलत को एक तरफ रखिए, गुरुवार की कमाई का जो फिगर सामने आया है वो इस फिल्म के हालात साफ कर देता है। बता देता कि सलमान खान की ‘सिकंदर‘ को देखने में ज्यादा लोग रुचि नहीं दिखा रहे हैं। सुपरस्टार की फिल्म केवल पांच दिन में टिकट खिड़की पर पानी मांग गई है। पांचवे दिन इसकी कमाई केवल छह करोड़ से भी कम रही है।

निर्देशक एआर मुरुगदास की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘सिकंदर’ में सलमान खान और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं। अपनी कमाई में लगातार गिरावट को जारी रखते हुए गुरुवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 6 करोड़ रुपए से भी कम की कमाई दर्ज की। याद नहीं आता कि पिछली बार सलमान की किस फिल्म ने केवल पांचवें दिन इतनी कम कमाई की थी। उनकी पिछली पांच फिल्मों में से केवल दो, ‘किसी का भाई किसी की जान’ (2023) और ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ (2021) ने पहले गुरुवार को ‘सिकंदर’ से भी कम कमाई की थी, लेकिन बता दें कि यह इन फिल्मों की रिलीज का पांचवां दिन नहीं था। ‘सिकंदर’ को ईद पर यानी संडे को रिलीज किया गया था।

गुरुवार को ‘सिकंदर’ ने भारत में केवल 5.75 करोड़ रुपए हासिल किए। यह बुधवार की तुलना में 41.03% की गिरावट है। इस कमाई के साथ फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 90 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया। ग्लोबली इसने 140.25 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। फिल्म निर्माता नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने दावा कर रहे हैं कि ‘सिकंदर’ की वैश्विक कमाई चार दिनों में 158.5 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। फिल्म ने हिंदी बाजार में केवल 8.24% की औसत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। सुबह के शो में यह 4.74%, दोपहर में 8.17%, शाम में 9.35%, और रात के शो में 10.68% तक रही। समझा जा सकता है कि हालात बुरे हैं।

  • टाइगर 3 (2023) – ₹22.25 करोड़
  • किसी का भाई किसी की जान (2023) – ₹3.5 करोड़
  • अंतिम (2021) – ₹2.1 करोड़
  • दबंग 3 (2019) – ₹7 करोड़
  • भारत (2019) – ₹31 करोड़

फिल्म के गिरते कलेक्शन के कारण कई सिनेमाघरों ने ‘सिकंदर’ के शो कम कर दिए हैं। रिलीज के तीन दिनों के अंदर ही करीब 1100 शो कम हो गए। वैसे सोशल मीडिया पर सलमान खान के फैंस दावा कर रहे हैं कि फिल्म के खिलाफ ‘पेड नेगेटिव रिव्यूज़’ चलाए जा रहे हैं। एक फैन क्लब ने दावा किया कि यह नेगेटिविटी जानबूझकर फैलाई जा रही है। ऐसी ही एक बहस में सोशल मीडिया पर एक फैन का कहना ,’यह देखना बाकी है कि इंडस्ट्री में आखिर कौन इन सबके पीछे है। लेकिन इस तरह की चीजें किसी फिल्म को पूरी तरह डुबो सकती हैं। यह ‘ट्यूबलाइट’ (2017) के समय भी हुआ था।’

इसके अलावा, कुछ पोस्ट में यह दावा किया गया कि फिल्म के शो रद्द हो रहे हैं। दूसरी ओर फैंस का कहना है कि मुंबई के गेयटी गैलेक्सी जैसे सिनेमाघरों में सभी शो हाउसफुल हैं। वैसे आप इस बारे में खुद परख करना चाहते हैं तो किसी भी टिकट बुकिंग एप पर जाकर अपने आस-पास के सिनेमाघरों में शो की गिनती और सीटों की बुकिंग देख लीजिए, दूध का दूध, पानी का हो जाएगा।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...