Shriya Pilgaonkar in Chhal Kapat: ‘मिर्जापुर’ की स्वीटी यानी श्रिया पिलगांवकर ZEE5 की नई ऑरिजिनल वेब सीरीज़, छल कपट: द डिसेप्शन में दर्शकों के सामने एक नए अवतार में आने वाली हैं। इस सीरीज में श्रिया, इन्स्पेक्टर देविका के किरदार में नजर आ रही हैं, जो एक शादी समारोह के दौरान हुई रहस्यमयी मौत की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। श्रिया का यह जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन लोगों को काफी पसंद आ रहा है और अपनी तरफ ध्यान भी आकर्षित कर रहा है।
क्या है छल कपट: द डिसेप्शन की कहानी

‘छल कपट: द डिसेप्शन’ की कहानी बुरहानपुर के पास एक छोटे से गाँव के डरावने माहौल पर आधारित है, जिसकी शुरुआत एक निजी शादी समारोह से होती है। इसमें अलीशा की शादी होने वाली होती है, शादी से पहले वह अपने बचपन की सहेलियों महक, इरा और शालू के साथ जश्न मनाने के लिए मिलती है। लेकिन उनकी ये खुशियाँ दहशत में तब बदल जाती है, जब उन्हें उभरती सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, शालू की लाश मिलती है।
इस जश्न के माहौल में शक, गहरे राज़ और धोखे की परछाई पड़ते ही इसकी कहानी एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर में बदल जाती है। हर सहेली के दिल में गहरे ज़ख्म और दबी हुई नाराज़गी छिपी है। जैसे-जैसे जाँच आगे बढ़ने लगता है वैसे-वैसे ही हर रिश्ता कमज़ोर पड़ने लगता है। इस सीरीज में इंस्पेक्टर देविका (श्रिया पिलगांवकर का किरदार) रोंगटे खड़े कर देने वाला है, इसमें श्रिया एक तेज़-तर्रार और सीधी बात करने वाली पुलिस अधिकारी हैं, जिनका अपना खुद का अतीत भी काफी भयावह है।
श्रिया पिलगांवकर का किरदार
सीरीज में महिला पुलिस अधिकारी के प्रस्तुतीकरण पर एक्ट्रेस श्रिया पिलगांवकर कहती हैं कि हिंदी सिनेमा में लम्बे समय से वर्दी में महिलाओं का चित्रण मर्दाना ढंग से किया गया है। लेकिन छल कपट: द डिसेप्शन इस रास्ते पर नहीं चलता है। ” इसमें महिला पुलिस अधिकारी का चित्रण बहुत अलग है। यहाँ, मुझे जो बात सबसे ज्यादा पसंद आई, वह यह है कि इसमें देविका के किरदार में स्त्रीत्व को बनाए रखा गया है। इस बारे में श्रिया विस्तार से बताती हैं, कि “किसी से पूछताछ करते समय देविका को बहुत ज़्यादा आक्रामक नहीं दिखाया गया है। मुझे यह चीज़ सबसे ज्यादा पसंद आई कि इसमें आक्रामकता नहीं है। श्रेया कहती हैं, “समाज पुरुष पुलिस अधिकारी और महिला पुलिस अधिकारी को अलग-अलग नज़रिए से देखता है, क्योंकि उनमें अपने-अपने लिंगभेदी पूर्वाग्रह होते हैं और ऐसा सालों से चला आ रहा है।
अजय भुयान ने किया डायरेक्शन

छल कपट: द डिसेप्शन थ्रिलर वेब सीरीज अजय भुयान के डायरेक्शन में बनी है और इस वेब सीरीज को जुगरनॉट प्रोडक्शन द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। इस ज़बरदस्त थ्रिलर में श्रिया पिलगांवकर मुख्य किरदार में हैं। श्रिया पिलगांवकर के अलावा इस सीरीज में काम्या अहलावत, रागिनी द्विवेदी, तुहिना दास, याहवे शर्मा, प्रणय पचौरी, स्मरण साहू और अनुज सचदेवा जैसे बेहतरीन कलाकार भी नज़र आएंगे। इस सीरीज़ की कहानी सस्पेंस, जबरदस्त उतार-चढ़ाव, गहरे राज़ और धोखे से भरी हुई है, जो दर्शकों को काफी पसंद आएगी।
