Summary: शादी में जरूर आना 2 के दूसरे भाग की तैयारी

इस बार फिल्म में नई जोड़ी भी होगी, दोनों ही नए कलाकार अपनी पहली फिल्मों से धूम मजा चुके हैं। पहले भाग ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ा था और अब दूसरे भाग से दर्शकों की उम्मीदें बढ़ना स्वाभाविक है।

Shaadi Mein Zaroor Aana 2 Cast: यह तय हो गया है कि 2017 में आई हिट फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ का सीक्वल बनेगा। मजेदार यह है कि 2017 की फिल्म को हम आज तो हिट बता रहे हैं क्योंकि यह ओटीटी जैसे प्लेटफॉर्म पर खूब चली लेकिन सिनेमाघरों में इसकी कमाई खास नहीं थी। तो सीक्वल से नाम को भुनाने की योजना है इसके बैनर बनारस मीडिया की और निर्देशक रत्ना सिन्हा की। बॉलीवुड में तेजी से उभरते सितारे अभय वर्मा और नितांशी गोयल इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘शादी में जरूर आना 2’ में मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्मफेयर का दावा है कि ये दोनों कलाकार होंगे लेकिन अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई।

पहली फिल्म ने राजकुमार राव और कृति खरबंदा ने काम किया था। इसमें छोटे शहर की सादगी, राजनीति और प्रेम की उलझनों को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया था। हाल ही में इस फिल्म को थिएटर में दोबारा रिलीज किया गया था, जहां दर्शकों ने इसे फिर से सराहा। अब इसके सीक्वल को लेकर फैंस में उत्सुकता बढ़ना तय ही है।

अभय को आप मुंज्या में देख चुके हैं। उन्होंने ‘द फैमिली मैन 2’ में भी एक खास रोल किया था, लेकिन पहचान तो मुंज्या से मिली। ववे इस समय शाहरुख खान-सुहाना खान की फिल्म ‘किंग’ में काम कर रहे हैं। उनके पास ‘सफेद सागर’, ‘जेसी’ और ‘लैके लैका’ जैसी कई फिल्में भी हैं। वहीं नितांशी गोयल ने किरण राव की ‘लापता लेडीज’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था, जिसमें उनके काम की खूब सराहना हुई। उन्होंने हाल ही में कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी डेब्यू किया, जिससे उनकी लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है। तय है कि दोनों युवा कलाकारों का इस फिल्म से जुड़ना कहानी को एक नई ताजगी लेकर आएगा और नई ऊर्जा देने वाला कदम होगा। हालांकि अभी तक फिल्म के कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिल्म की कहानी को फिलहाल गोपनीय रखा गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सीक्वल “प्यार और विकल्पों पर एक नया नजरिया” पेश करेगा। रत्ना सिन्हा इस बार भी निर्देशन की जिम्मेदारी निभा रही हैं और वह फिर से प्यार, सपनों और जिम्मेदारियों के बीच उलझी भावनाओं को नए अंदाज में दर्शाने का वादा कर रही हैं।

सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा शुरू होते ही फैंस इस पर रिएक्ट कर रहे हैं। पहले भाग ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ा था और अब दूसरे भाग से दर्शकों की उम्मीदें बढ़ना स्वाभाविक है। फिल्म के पहले भाग में गोविंद नामदेव और मनोज पाहवा ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। फिलहाल यह फिल्म जी5 और अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अभय वर्मा और नितांशी गोयल की यह नई जोड़ी, ‘शादी में जरूर आना 2’ में किस तरह से प्यार और रिश्तों की नई कहानी पेश करती है और दर्शकों के दिलों में जगह बना पाती है।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...