Satish Kaushik News: होली की अगली सुबह बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए गम की खबर लेकर आई है। मशहूर एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। गुरुवार सुबह 67 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। सतीश कौशिक के सबसे करीबी दोस्त और एक्टर अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की जानकारी दी। सतीश कौशिक के निधन पर बॉलीवुड के लोगों के शोक व्यक्त किया है।
Satish Kaushik News: जमकर खेली थी होली

सतीश कौशिक निधन से ठीक एक दिन पहले पूरी तरह से स्वस्थ थे। उन्होंने जुहू में शबाना आजमी के घर पर हुई होली पार्टी में जमकर मस्ती की थी। उन्होंने इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। ये उनका सोशल मीडिया पर अंतिम पोस्ट भी था। इस पार्टी में उनके साथ समहिमा चौधरी, जावेद अख्तर, ऋचा चड्ढा और अली फजल भी पहुंचे थे। पर किसे पता था आज जश्न में डूबे सतीश कौशिक कल दुनिया को अलविदा कह देंगे।
‘कैलेंडर’ के किरदार से मिली पहचान

सतीश कौशिक अपने कॉमेडी किरदार के लिए जाने जाते थे। बतौर एक्टर अंतिम बार वह कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आएंगे। सतीश कौशिक के कैलेंडर, ‘पप्पू पेजर’ और ‘मनु मुंद्रा’ जैसे किरदारों को आज भी बहुत याद किया जाता है। मिस्टर इंडिया में फिल्म में ‘कैलेंडर’ के किरदार से उन्हें बड़ी पहचान मिली थी।
56 साल की उम्र में फिर बने पिता

करियर में सफलताएं हासिल करने वाले सतीश कौशिक को निजी जिंदगी में काफी दुखों का सामना करना पड़ा। उन्होंने साल 1985 में शशि कौशिक संग शादी की थी। शादी के एक साल बाद ही उनके बेटे शानू कौशिक का जन्म हुआ। लेकिन 2 साल बाद ही उनकी ये खुशी छीन गई और बेटे का निधन हो गया। बेटे के निधन के बाद सतीश कौशिक बहुत टूट गए थे। एक लम्बे वक्त तक उनके घर में किलकारी नहीं गूंजी। लेकिन 56 साल की उम्र में 2012 में सतीश कौशिक सरोगेसी के जरिए एक बार फिर पिता बने। लेकिन अब उनकी मौत के बाद पत्नी और बेटी अकेले रह गए हैं।