Summary: सलमान खान का दमदार लुक ‘बैटल ऑफ गलवान’ से आया सामने, चेहरे पर चोट के निशान ने बढ़ाया इंटेंस अंदाज़
लद्दाख से सलमान खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की क्लाइमैक्स शूटिंग की झलक दिखाई है। फौजी वर्दी, मूंछों और चेहरे पर चोट के निशान के साथ उनका ये लुक फैन्स को खासा पसंद आ रहा है।
Salman Galwan Look: सलमान खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ से सेट की एक तस्वीर शेयर की है, जिसने फैन्स के बीच एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। इस झलक में वह फौजी वर्दी और मूंछों वाले लुक में नजर आ रहे हैं। चेहरे पर दाईं कनपटी के पास चोट का निशान और बहता खून उनके इंटेंस एक्सप्रेशन को और दमदार बना रहा है। क्लैप बोर्ड के पीछे से झांकता उनका यह घायल लेकिन मज़बूत चेहरा फिल्म के क्लाइमैक्स सीन की गंभीरता और जज़्बे को बखूबी दर्शा रहा है।
क्यों पहले शूट हो रहा क्लाइमैक्स
‘बैटल ऑफ गलवान’ के क्लाइमैक्स को सबसे अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लद्दाख और लेह का मौसम बेहद अनप्रेडिक्टेबल है। इसी वजह से प्रोड्यूसर्स ने फैसला किया है कि फिल्म का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यानी क्लाइमैक्स पहले शूट कर लिया जाए, ताकि खराब मौसम किसी भी तरह शूटिंग को प्रभावित न कर पाए। टीम ने अगले दो से तीन हफ्तों में इस हिस्से को पूरा करने की योजना बनाई है।
चित्रांगदा सिंह भी पहुंचीं लद्दाख
सलमान खान के साथ इस शेड्यूल में एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह भी जुड़ चुकी हैं। दोनों कलाकारों की उपस्थिति ने इस शूट को और खास बना दिया है। खबरों के मुताबिक, फिल्म का ये हिस्सा भावनाओं और एक्शन से भरपूर है, जो दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ने वाला है।
‘बैटल ऑफ गलवान’ की कहानी
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही ये फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। सलमान खान इसमें लीड रोल निभा रहे हैं और उनका फर्स्ट लुक पहले ही ऑनलाइन वायरल हो चुका है। मोशन पोस्टर में सलमान को युद्ध से घायल, खून से लथपथ और वर्दी पहने दिखाया गया, जिसने दर्शकों के बीच देशभक्ति का जोश और बढ़ा दिया।
सलमान ने बताया शूटिंग का असली चैलेंज
लद्दाख की ऊंचाई और मौसम को लेकर सलमान ने भी शूटिंग को चुनौतीपूर्ण बताया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “पहले किसी किरदार के लिए मुझे सिर्फ कुछ हफ्तों की ट्रेनिंग करनी पड़ती थी, लेकिन अब इसमें ज्यादा समय लगता है। इस फिल्म के लिए दौड़ना, फाइट सीक्वेंस और बर्फीले पानी जैसी मुश्किल परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। ये फिजिकली काफी डिमांडिंग है।”
बिग बॉस 19 और फिल्म की शूटिंग एक साथ
सलमान खान इन दिनों ‘बिग बॉस 19’ को भी होस्ट कर रहे हैं। ऐसे में फिल्म की शूटिंग और शो के शेड्यूल को बैलेंस करना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बावजूद इसके, सुपरस्टार अपने डेडिकेशन और एनर्जी से दोनों प्रोजेक्ट्स को बराबर महत्व दे रहे हैं।
फैन्स की उम्मीदें
सलमान खान की पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ को लेकर दर्शकों की मिली-जुली राय थी। अब फैन्स मान रहे हैं कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ उनकी कमियों को पूरा कर देगी और बड़े पर्दे पर उन्हें एक बार फिर दमदार अंदाज में देखने का मौका मिलेगा।
