Overview: बादशाह की वृंदावन यात्रा
फेमस रैपर बादशाह वृंदावन पहुंचे और प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर जीवन व सत्य पर चर्चा की। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
Badshah Meet Premanand Maharaj: बॉलीवुड और म्यूजिक की दुनिया के जाने-माने नाम बादशाह हाल ही में वृंदावन पहुंचे। अपने गानों और रैप स्टाइल से मशहूर इस सिंगर-रैपर का यह नया रूप देखकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ उनके भाई भी मौजूद थे। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बादशाह प्रेमानंद महाराज के सामने विनम्रता से बैठे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके भाई जीवन को लेकर कई गहरे सवाल पूछते हुए दिखाई देते हैं।
सत्संग में उठे जीवन के सवाल
वीडियो में प्रेमानंद महाराज के सामने बादशाह और उनके भाई शांत भाव से बैठे हैं। बादशाह के भाई ने जीवन से जुड़े सवाल सामने रखे। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में लोग अक्सर कहते हैं कि इंसान इस दुनिया में किसी खास मकसद से आया है। हम भाई हमेशा मानते थे कि हम सब एक-दूसरे की मदद करने के लिए आए हैं। लेकिन जब सच्चाई बोली जाती है तो रिश्ते टूटने लगते हैं, प्यार कम हो जाता है। लोग सच सुनना चाहते हैं, लेकिन सच बोलने पर सभी दूर हो जाते हैं। ऐसा लगता है जैसे किसी ने श्राप दे दिया हो और इंसान खत्म हो जाता है। वह न ठीक से कर्म कर पाता है और न ही अपना काम।
प्रेमानंद महाराज का जवाब
प्रेमानंद महाराज ने समझाया कि सत्य का साथ केवल भगवान देते हैं। उन्होंने कहा कि यह संसार असत्य में फंसा हुआ है, इसलिए अगर कोई इंसान सत्य के मार्ग पर चलता है तो उसका साथ देने वाला शायद ही कोई मिले। लेकिन उस पक्ष को भगवान स्वयं संभालते हैं। सत्य का मार्ग कठिन है और उसमें व्यवहार में थोड़ी कटुता आ सकती है। लेकिन जब परमात्मा प्रसन्न हो जाते हैं, तो सत्य के रास्ते पर चलने वाले को अंततः सब नमन करते हैं। यही कारण है कि लोग संत-महात्माओं के पास आते हैं।
बादशाह का शांत रूप
इस दौरान बादशाह अपने भाई के पास बैठे हुए गहरी शांति में डूबे दिखे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उनके भाई लगातार सवाल पूछते रहे, जबकि बादशाह सिर्फ सुनते रहे। उनकी आंखों और चेहरे के भावों से यह साफ जाहिर हो रहा था कि वे हर शब्द को गंभीरता से आत्मसात कर रहे हैं। बादशाह का यह आध्यात्मिक और शांत स्वरूप उनके प्रशंसकों के लिए नया अनुभव रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
बादशाह के इस सत्संग का वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर तेजी से फैल गया। फैन्स इसे बार-बार देख रहे हैं और कमेंट कर रहे हैं कि रैपर का यह रूप उनकी सोच से बिल्कुल अलग है। कोई कह रहा है कि शोहरत और पैसा सब होने के बाद भी इंसान के मन में जीवन के सवाल बने रहते हैं, तो कोई कह रहा है कि यह मुलाकात दिखाती है कि हर इंसान को सत्य की तलाश रहती है।
इन सेलेब्स ने भी किया दर्शन
बादशाह से पहले भी कई मशहूर हस्तियां वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मिलने आ चुकी हैं। हाल ही में शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा ने यहां पहुंचकर सत्संग में हिस्सा लिया था। सिंगर मीका सिंह और बी प्राक भी महाराज के दर्शन कर चुके हैं।

