Summary: राकेश की तबीयत के बारे में सुजैन से पत्रकारों ने पूछा था
सुजैन वैसे भी कभी रोशन परिवार के मामले में बात करना पसंद नहीं करतीं और तलाक के बाद से वे केवल रितिक और बच्चों से संपर्क में रहती हैं...
Rakesh Roshan Hospitalized: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर और अभिनेता राकेश रोशन की तबीयत ठीक नहीं है। हाल ही में 16 जुलाई को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पाया गया कि उनकी गर्दन में ब्लॉकेज है, जिसके बाद उनकी गर्दन की एंजियोप्लास्टी की गई। इस बारे में जब रितिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन से एक इवेंट में पूछा गया तो उन्होंने इस मुद्दे पर कहा कि वे कुछ बोलना नहीं चाहती हैं।
राकेश रोशन की बेटी सुनैना रोशन ने जरूर फैंस को आश्वस्त करते हुए बताया, “हां, पापा की गर्दन की एंजियोप्लास्टी हुई थी, लेकिन अब वह पूरी तरह ठीक हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है, वह आराम कर रहे हैं।” सुनैना ने बताया कि अब उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
परिवार भी लगातार उनकी देखभाल में जुटा हुआ है। बेटे ऋतिक रोशन अस्पताल में लगातार मौजूद रहे और पिता से मिलते रहे। इस दौरान उनकी पार्टनर सबा आज़ाद और बेटी सुनैना भी उनके साथ रहीं। हालांकि, ऋतिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह परिवार के पर्सनल मामलों पर बात नहीं करेंगी।
‘द रोशन्स’ में नहीं दिखी थीं सुजैन
सुजैन को अक्सर रोशन परिवार के बारे में बात करने से बचता हुआ देखा गया है। लोगों को घोर आश्चर्य तो तब हुआ था जब ‘द रोशन्स’ में सुजैन नहीं नजर आई थीं। बता दें कि नेटफ्लिक्स पर चार एपिसोड की सीरीज ‘द रोशन्स’ को रितिक के परिवार ने ही बनाया है। इन चार एपिसोड में रोशन साहब, राजेश रोशन, राकेश रोशन और रितिक रोशन की कहानी है। पूरे परिवार से यहां मिलवाया गया। रितिक के दोनों बच्चे भी इसमें देखे गए, बहन सुनैना भी थी और रितिक की मां पिंकी भी। बस गायब थीं तो सुजैन। जब सुजैन लंबे समय तक इस परिवार का हिस्सा रही हैं।
डायरेक्टर और अभिनेता, दोनों भूमिकाओं में दमदार
राकेश रोशन ने अपने करियर में ‘खुदगर्ज’, ‘करण अर्जुन’, ‘कहो ना… प्यार है’, ‘कोई मिल गया’ और ‘कृष’ सीरीज जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। 1970 और 1980 के दशक में वह अभिनेता के रूप में भी सक्रिय रहे और ‘मन मंदिर’, ‘खेल खेल में’, ‘खानदान’ जैसी फिल्मों में काम किया।
‘कृष 4’ की कमान अब ऋतिक के हाथ
इस साल राकेश रोशन अपनी सुपरहिट फ्रैंचाइज़ी ‘कृष 4’ को लेकर भी चर्चा में रहे। पहले वह इस फिल्म का डायरेक्शन खुद करने वाले थे, लेकिन बाद में उन्होंने इसकी कमान बेटे ऋतिक रोशन को सौंप दी। इसके साथ ही ऋतिक ‘कृष 4’ से अपना डायरेक्शनल डेब्यू करने जा रहे हैं। इस बीच, ऋतिक रोशन अगस्त में रिलीज़ होने जा रही अपनी फिल्म ‘वॉर 2’ में भी नजर आएंगे।फिलहाल राहत की बात यह है कि राकेश रोशन की तबीयत में सुधार है और परिवार उम्मीद कर रहा है कि वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। फैंस भी उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
