Overview: प्रभास की स्पिरिट के लिए फैंस को करना होगा लंबा इंतजार
प्रभास की फिल्म स्पिरिट की घोषणा के तीन साल बाद भी इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पाई है और बार-बार कोई न कोई रुकावट आ रही है।
Fans Will Have to Wait Long Time For Spirit Film: ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल‘ की अपार सफलता के बाद, निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की अगली फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं, खासकर जब फिल्म में तेलुगू सिनेमा के ‘डार्लिंग’ प्रभास मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि, फैंस के लिए यह निराशाजनक खबर है कि इस बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा के तीन साल बाद भी इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पाई है और बार-बार कोई न कोई रुकावट आ रही है।
‘स्पिरिट’ को लेकर पहले भी विवाद हुए। शुरुआती खबरों के अनुसार, फिल्म की लीड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और संदीप रेड्डी वांगा के बीच कुछ विवाद हुआ, जिसके परिणामस्वरूप दीपिका ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया। इसके बाद, उनकी जगह एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी को कास्ट किया गया, जिससे यह उम्मीद जगी थी कि फिल्म अब पटरी पर लौट आएगी। लेकिन नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट एक बार फिर बड़े डिले का सामना कर रहा है।
अब मार्च 2026 में शुरू होगी स्पिरिट की शूटिंग
वर्तमान में, भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास अपनी आगामी फिल्म ‘द राजा साब’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, वह निर्देशक हनु राघवपुडी के साथ भी एक फिल्म कर रहे हैं, जिसका टाइटल पोस्टर 23 अक्टूबर को रिलीज होने वाला है और समझा जा रहा है कि फिल्म का नाम ‘फौजी’ होगा।
पहले यह माना जा रहा था कि प्रभास ‘द राजा साब’ के बाद सीधा ‘स्पिरिट’ की शूटिंग में जुट जाएंगे, जो फरवरी 2025 से शुरू होने वाली थी। लेकिन अब सामने आई एक नई रिपोर्ट के अनुसार, प्रभास की दो अन्य फिल्मों के पूरा होने में हो रही देरी के कारण ‘स्पिरिट’ को बार-बार टालना पड़ रहा है। ‘ओटीटीप्ले’ ने फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों के हवाले से बताया है कि ‘स्पिरिट’ की शूटिंग शुरू होने के लिए दर्शकों को कुछ और महीनों का इंतजार करना पड़ेगा। अब इसकी शूटिंग मार्च 2026 से पहले शुरू होने की संभावना नहीं है।
प्रभास की चोट और व्यस्तता बनी देरी का कारण
रिपोर्ट में इस देरी का एक अन्य कारण भी बताया गया है। पिछले दिनों प्रभास के पैर में लगी चोट के कारण भी शूटिंग के शेड्यूल पर असर पड़ा था। अब जबकि एक्टर ठीक हो चुके हैं, वे अपनी बाकी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में लगे हैं। प्रभास ने हाल ही में ‘द राजा साब’ की शूटिंग पूरी की है और अब हनु राघवपुडी की फिल्म में व्यस्त हैं। इस फिल्म को पूरा करने में कम से कम चार महीने का समय और लगेगा, जिसके बाद ही वह ‘स्पिरिट’ को समय दे पाएंगे।
प्री-प्रोडक्शन का काम तेजी से जारी
प्रभास की व्यस्तता के बावजूद, निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम काफी हद तक पूरा कर लिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर का काम लगभग 80% तक पूरा हो चुका है। उन्होंने बाकी कास्टिंग भी फाइनल कर ली है। अब बस पूरी यूनिट को प्रभास की डेट्स का इंतजार है, ताकि फिल्म फ्लोर पर आ सके।
फिल्म में प्रभास का डबल लुक और तृप्ति का डेब्यू
सूत्रों के मुताबिक, स्पिरिट में प्रभास एक पुलिस अधिकारी की चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाएंगे। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि फिल्म में प्रभास दो अलग-अलग लुक में नजर आएंगे। एक सख्त पुलिस अफसर का लुक होगा, जबकि दूसरा एक मस्तमौला हीरो का। यह फिल्म तृप्ति डिमरी के लिए तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू भी साबित होगी। ‘स्पिरिट’ का निर्माण संदीप रेड्डी वांगा की भद्रकाली पिक्चर्स और टी-सीरीज मिलकर कर रही है। फिल्म की शूटिंग मुंबई और हैदराबाद के अलावा मेक्सिको और थाईलैंड जैसे विदेशी लोकेशंस पर बड़े पैमाने पर की जाएगी।
