Summary: नोरा फतेही का ब्राइडल लुक वायरल, मनीष मल्होत्रा के लहंगे में ढाया कहर
मनीष मल्होत्रा की ब्राइडल कलेक्शन हमेशा खास होती है। हाल ही में दुबई में पेश हुई उनकी नई कलेक्शन INAYA 2025/26 की सबसे बड़ी स्टार बनीं नोरा फतेही। डांस और ग्लैमरस लुक के लिए जानी जाने वाली नोरा ने इस बार रैंप पर दुल्हन बनकर सबको चौंका दिया।
Nora Fatehi Ramp Walk: फैशन की दुनिया में हर साल नए ट्रेंड आते हैं, लेकिन जब बात मनीष मल्होत्रा की ब्राइडल कलेक्शन की हो तो वह हमेशा खास होती है। हाल ही में दुबई में उनकी नई ब्राइडल कलेक्शन INAYA 2025/26 पेश की गई, और इस शो की सबसे बड़ी खासियत रही नोरा फतेही।नोरा फतेही हमेशा अपने डांस और ग्लैमरस अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सबको चौंका दिया जब वह रैंप पर एक दुल्हन के रूप में नज़र आईं। उनकी एंट्री इतनी खूबसूरत थी कि फैंस की नजरें पलभर के लिए जैसे ठहर गए। मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए ब्राइडल आउटफिट में नोरा फतेही बेहद खूबसूरत लग रही थीं। तो आइए जानते हैं कि आखिर उन्होंने किस तरह का आउटफिट पहना था।
नोरा फतेही का लहंगा

नोरा ने गहरे लाल रंग का मखमली लहंगा पहना था। यह लहंगा बहुत ही खास था क्योंकि इसकी कढ़ाई पर करीब 1400 घंटे का समय लगा। इसमें सोने और चांदी के धागों से बारीक डिज़ाइन बनाए गए थे। रेशम के धागों से फूल-पत्तियों की बेलें बनाई गईं। छोटे-छोटे सिक्विन, मोती और कटदाना से इसे शाइनी लुक दिया गया। लहंगे का बॉर्डर सबसे खास था, जो चौड़ा और भारी था, मानो सोने-चांदी की लेस हो।
लहंगे के साथ ब्लाउज़ और दुपट्टे का लुक
इस लहंगे के साथ नोरा ने डीप नेक वाला ब्लाउज पहना था। ब्लाउज पर ज्योमेट्रिक और लाइन वाले पैटर्न की कढ़ाई की गई थी। इसका डिजाइन लहंगे के फूलों और बेलों से बिल्कुल अलग था, जिससे एक अच्छा कॉन्ट्रास्ट बना। ब्लाउज की शाइनी एंब्रॉयडरी ने पूरे लुक को और भी स्टाइलिश बना दिया। वहीं दुपट्टे की बात करें तो उन्होंने ट्रांसपेरेंट दुपट्टा पहन रखा था। इसके किनारों पर कढ़ाई की गई थी और बीच-बीच में फूलों की बेलें बनाई गई थीं।
मेकअप और हेयरस्टाइल
नोरा का मेकअप बहुत सिंपल और खूबसूरत रखा गया था। उनकी आंखों पर हल्का स्मोकी मेकअप किया गया था और होंठों पर न्यूड कलर की लिपस्टिक लगाई गई थी। चेहरे पर हल्की चमक ने उनकी खूबसूरती को और बढ़ा दिया। बालों को भी साफ और स्टाइलिश तरीके से बनाया गया था, जिससे उनका चेहरा और गहने और ज्यादा अच्छे लग रहे थे।
ज्वेलरी
नोरा ने अपने लुक को पूरा करने के लिए पन्ना और हीरे की ज्वेलरी पहनी। इसमें भारी चोकर नेकलेस, बड़े झुमके और मांग-टीका शामिल थे। खास बात यह थी कि इस ज्वेलरी में 200 कैरेट से ज़्यादा पन्ना लगा हुआ था। साथ ही डायमंड का हाथफूल भी था, जो उनके हाथों को बेहद खूबसूरत बना रहा था। नोरा का यह देसी लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है और इसमें वह बेहद खूबसूरत भी लग रही थीं। नोरा को अक्सर वेस्टर्न लुक्स के लिए जाना जाता है, लेकिन मनीष मल्होत्रा की ब्राइडल मॉडल बनकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह देसी कपड़ों में भी उतनी ही दिलकश दिखती हैं।
