Overview: इस एक्टर ने लगाए पूजा भट्ट पर करियर तबाह करने के आरोप
पहली फिल्म 'धोखा' के दौरान डायरेक्टर पूजा भट्ट ने मुजम्मिल इब्राहिम को टॉर्चर किया था, जिसकी वजह से वह सालों तक सदमे से बाहर नहीं निकल पाए।
Muzammil Ibrahim Accuses Pooja Bhatt of Ruining his Career: जाने-माने कश्मीरी मॉडल और एक्टर मुजम्मिल इब्राहिम को वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स सीजन 2’ में देखा गया था। उन्होंने ने हाल ही में बॉलीवुड में अपने शुरुआती दिनों के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पहली फिल्म ‘धोखा’ के दौरान डायरेक्टर पूजा भट्ट ने उन्हें बहुत टॉर्चर किया था, जिसकी वजह से वह सालों तक उस सदमे से बाहर नहीं निकल पाए।
2003 में ग्लैडरैग्स मैनहंट कॉन्टेस्ट जीतने के बाद मुजम्मिल ने फैशन की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने राखी सावंत के साथ सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘परदेसिया’ किया। 21 साल की उम्र में उन्हें पूजा भट्ट की फिल्म ‘धोखा’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने का मौका मिला, लेकिन उनका यह अनुभव बेहद कड़वा रहा।
पूजा भट्ट पर टॉर्चर करने का आरोप
मुजम्मिल ने ‘हिंदी रश’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि ‘धोखा’ के सेट पर माहौल बहुत ही टॉक्सिक था। उन्होंने कहा, “मैंने पहले कभी इतना टॉक्सिक माहौल नहीं देखा था। मुझे गाली देने की आदत नहीं थी। मेरे लिए ये बहुत ही खराब एक्सपीरियंस था। बहुत टॉर्चर किया गया।”मुजम्मिल ने बताया कि वह उस समय बहुत मजबूर थे क्योंकि वह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे। यही वजह थी कि वह गलत होते हुए भी आवाज नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा, “मैं बहुत दुखी रहता था क्योंकि मेरे ऊपर उस वक्त इतनी जिम्मेदारी थी कि जो मैं गलत के खिलाफ आवाज नहीं उठा पा रहा था।”
सिर्फ डायरेक्टर ने ही परेशान किया
मुजम्मिल ने साफ किया कि उन्हें सिर्फ डायरेक्टर पूजा भट्ट ने ही परेशान किया, जबकि फिल्म की बाकी टीम बहुत अच्छी थी। उन्होंने बताया कि ‘धोखा’ के बाद महेश भट्ट ने उन्हें लगभग तीन और फिल्मों का ऑफर दिया था, लेकिन सेट पर अपने खराब अनुभव की वजह से उन्होंने उन ऑफर्स को ठुकरा दिया। मुजम्मिल ने यह भी बताया कि उन्होंने मोहित सूरी की ‘राज 2’ भी यह जानते हुए रिजेक्ट कर दी थी कि यह एक बड़ी फिल्म थी।
पूजा भट्ट एक्टर्स को कुत्ता समझती हैं
मुजम्मिल ने पूजा भट्ट पर आरोप लगाते हुए कहा कि फिल्म करने से मना करने पर उन्होंने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। “उन्होंने मेरे खिलाफ मीडिया में अफवाहें फैलाईं और मुझे नीचा दिखाने के लिए ‘वुमन कार्ड’ खेला।” मुजम्मिल ने बताया कि पूजा का रवैया ऐसा था जैसे वह एक्टर्स को अपने गुलाम समझती हों। “उनका एटीट्यूड ऐसा था कि एक्टर को कुत्ते जैसा होना चाहिए। अगर मैं तुम्हें बैठने को कहूं तो बैठो और खड़े होने को कहूं तो खड़े हो।” उन्होंने कहा कि वह पूजा के व्यवहार को कभी समझ नहीं पाए। “आज मेरी उम्र उतनी है, जितनी उनकी उस फिल्म के दौरान थी। अगर आज मुझे किसी 20 साल के लड़के से डील करना हो तो मैं अच्छे से पेश आऊंगा।”
पूजा भट्ट पर पक्षपात का आरोप
मुजम्मिल ने बताया कि सेट पर उनके साथ भेदभाव भी हुआ। “उन्होंने कभी आउटसाइडर्स को बच्चा नहीं समझा। वो लोग मुझे मर्द कहते थे। हालांकि भट्ट साहब के लिए वह बच्ची थीं।” मुजम्मिल ने इस बात पर हैरानी जताई कि जहां भट्ट परिवार के बच्चों को उनके बर्ताव के बावजूद हमेशा बच्चा माना जाता था, वहीं बाहर से आए कलाकारों से छोटी-सी गलती होने पर उन्हें अपराधी समझा जाता था।
मुजम्मिल ने कहा कि पूजा भट्ट चाहती थीं कि वह उनकी चमचागिरी करें, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। “न झुका और न ही टूटा। और इसका खामियाजा भी मुझे भुगतना पड़ा।” मुजम्मिल ने आरोप लगाया कि पूजा ने उनका करियर बर्बाद करने के लिए उनके खिलाफ कई लेख छपवाए और यह अफवाह फैलाई कि उनके साथ काम करना मुश्किल है और उनका रवैया बहुत खराब है।
