Miss World 2023 को लेकर सामने आई बड़ी खबर, भारत को मिला यह सुनहरा मौका: Miss World 2023 News
Miss World 2023 News

Miss World 2023 News: मिस वर्ल्ड 2023 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारत मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इस इंटरनेशनल इवेंट को होस्ट करने का मौका भारत को लगभग तीन दशक बाद मिला है। इससे पहले भारत ने आखिरी बार साल 1996 में इंटरनेशनल इवेंट की मेजबानी की थी। मिस वर्ल्ड का 71 वां संस्करण इस साल नवंबर या दिसंबर माह में आयोजित होने की उम्मीद है। हालांकि इसकी तारीख फिलहाल तय नहीं की गई है।

इन्होंने की घोषणा

दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिस वर्ल्ड संगठन की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मॉर्ले ने घोषणा की कि 71वां मिस वर्ल्ड 2023 ‘अतुल्य भारत’ में अपनी एक महीने की यात्रा में 130 नेशनल चैंपियन की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा। क्योंकि हम 71वां और अब तक का सबसे शानदार मिस वर्ल्ड फाइनल पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम आपकी अनूठी और विविध संस्कृतियों को विश्व स्तर की आकर्षक जगहों को दुनियाभर में साझा करने का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं। मिस वर्ल्ड 2022 कैरोलिना बिलावस्का भारत की संस्कृति को जानने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होने कहा कि एक महीना भारत को जानने के लिए काफी नहीं है।

ये होगा प्रतियोगिता में 

यह प्रतियोगिता करीब एक माह चलेगी। इसमें दुनियाभर के 130 देशों की ब्यूटी क्वीन हिस्सा लेंगी। सभी इस दौरान अपने प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगी। इन प्रतियोगिताओं में खेल चुनौतियों के साथ ही धर्मार्थ मुद्दों, दान के मुद्दों आदि पर चर्चा भी शामिल है। इस प्रतियोगिताओं का उद्देश्य है प्रतिभागियों के सभी गुणों को उजागर करना। इसी आधार पर उनके अंक भी तय होते हैं। 

सिनी शेट्टी करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व 

मिस वर्ल्ड-2023 प्रतियोगिता का मेजबान भारत है, ऐसे में देश के लिए यह इवेंट और भी महत्वपूर्ण हो गया है। इस प्रतियोगिता में सिनी शेट्टी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आपको बता दें कि भारत और वेनेजुएला सबसे ज्यादा मिस वर्ल्ड जीतने वाले देश हैं। दोनों ही देशों की ब्यूटी क्वीन्स ने छह-छह बार मिस वर्ल्ड ताज अपने नाम किए हैं। भारत की रीता फारिया ने साल  1966 में पहली बार मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद साल 1994 में ऐश्वर्या राय, 1997 में डायना हेडन, 1999 में युक्ता मुखी, 2000 में प्रियंका चोपड़ा और साल 2017 में मानुषी छिल्लर  ने यह खिताब अपने नाम किया। 

क्या आप जानते हैं ये फैक्ट्स 

1. वेनेजुएला विश्व में सबसे ज्यादा मिस यूनिवर्स के खिताब जीतने वाला देश है। यह देश सात बार मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम कर चुका है। इसी के साथ यह आठ मिस इंटरनेशनल खिताब, छह मिस वर्ल्ड खिताब और दो मिस अर्थ के खिताब भी जीत चुका है।  

2. दुनिया का पहला मिस वर्ल्ड खिताब 19 अप्रैल, 1951 को मिस स्वीडन, किकी हॉकिंसन ने जीता था।

3. मिस वर्ल्ड सबसे पुरानी इंटरनेशनल ब्यूटी कॉम्पीटिशन में से एक है। इसे साल 1951 में एरिक मॉर्ले ने यूनाइटेड किंगडम में शुरू किया था।  

4. मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को पहली बार 1959 में पूरी तरह से टेलीविजन पर प्रसारित किया गया था।

5. मिस वर्ल्ड सबसे ज्यादा देखा जाने वाला एनुअल टेलीविजन शो है, जो करीब 2 अरब दर्शकों तक पहुंचता है और 180 से अधिक देशों में प्रसारित होता है।

6. मिस वर्ल्ड का ताज ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के ज्वैलर्स गारर्ड्स द्वारा बनाया गया था।