Summary: आलोचना के बाद टूटीं मैरी कॉम, वीडियो पोस्ट कर कहा—मेरी बातों को गलत समझा गया
‘एक रुपया भी नहीं कमाया’ वाले बयान को लेकर हुए विवाद के बाद मैरी कॉम भावुक हो गईं और उन्होंने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। बॉक्सिंग चैंपियन ने कहा कि उनकी बातों को गलत संदर्भ में लिया गया और उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।
Mary Kom Controversy: बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम इन दिनों अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। पति ओनलर कॉम से तलाक और उसके बाद दिए गए एक बयान ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। दरअसल, मैरी कॉम ने एक टॉक शो में अपने पूर्व पति को लेकर कहा था कि “एक रुपया भी नहीं कमाया”, जिसके बाद उनकी कड़ी आलोचना हुई। अब इस विवाद पर विराम लगाने के लिए मैरी कॉम ने एक स्पष्टीकरण वीडियो जारी कर माफी मांगी है।
छह बार विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया और उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बातें उनके निजी अनुभवों और दर्द से जुड़ी थीं, न कि किसी व्यक्ति या समुदाय को नीचा दिखाने के उद्देश्य उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मेरी हिंदी पूरी तरह परफेक्ट नहीं है, इसलिए कृपया मेरी बातों को सही संदर्भ में समझें। जो कहना चाहती हूं, उसे स्पष्ट करने के लिए मैंने सबटाइटल्स भी जोड़े हैं।”
क्या था मामला
टॉक शो के दौरान मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति ओनलर कॉम पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि ओनलर उनकी कमाई पर निर्भर थे और उनकी जानकारी के बिना 10 लाख रुपये निकाल लिए, साथ ही करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने नाम कर ली।
उन्होंने कहा था कि ओनलर ने उनके नाम पर कर्ज लिया और उनकी संपत्ति को गिरवी रखा। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। हालांकि, ओनलर कॉम ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और उन्हें बेबुनियाद बताया है।
‘गली फुटबॉल’ बयान पर भी दी सफाई
बाइचुंग भूटिया और सुनील छेत्री का जिक्र करते हुए मैरी कॉम ने माफी मांगी। दरअसल, ‘आप की अदालत’ कार्यक्रम में मैरी कॉम ने अपने तत्कालीन पति का जिक्र करते हुए कहा था कि वह ‘गली फुटबॉल’ खेलते थे और उनका करियर कभी सफल नहीं रहा। उन्होंने कहा था, “उनका कोई बड़ा करियर नहीं है। गली फुटबॉल तो बहुत से लोग खेलते हैं, लेकिन इससे हर कोई बाइचुंग भूटिया या सुनील छेत्री नहीं बन जाता।”
मैरी कॉम के इस व्यंग्यात्मक बयान से कुछ लोग आहत हो गए, जिसके बाद उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनके शब्दों को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ियों सुनील छेत्री और बाइचुंग भूटिया का सम्मान करते हुए उन सभी लोगों से, खासकर पुरुषों से, माफी मांगी जिन्हें उनकी बातों से ठेस पहुंची हो। मैरी कॉम ने साफ किया कि उनका इरादा कभी किसी का अपमान करने या किसी वर्ग के बारे में सामान्यीकरण करने का नहीं था।

20 साल बाद लिया तलाक
मैरी कॉम और ओनलर कॉम की शादी को 20 साल से ज्यादा का वक्त हो चुका था। दोनों के तलाक की खबर 2025 में सामने आई, जिसने उनके प्रशंसकों को चौंका दिया। लंबे समय तक दोनों ने अपने अलग होने की वजहों पर चुप्पी साधे रखी थी, लेकिन हालिया बयानों के बाद यह मामला सार्वजनिक बहस का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहीं मैरी कॉम
इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर मैरी कॉम के खिलाफ गुस्से की लहर पैदा कर दी। कई यूज़र्स ने उनके निजी मामलों को सार्वजनिक करने पर नाराज़गी जताई, जबकि कुछ ने ओनलर कॉम के आरोपों पर भी सवाल उठाए। मामला अब सिर्फ एक निजी विवाद नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक बहस और ट्रोलिंग का विषय बन चुका है।
