Summary: चरंदासपुर में शुरू होती है रहस्यों की सीरीज, ‘मंडला मर्डर्स’ का ट्रेलर दर्शकों को कर गया हैरान
नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘मंडला मर्डर्स’ का ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है, जिसमें वाणी कपूर, वैभव राज गुप्ता और सुरवीन चावला मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस रहस्यमयी सीरीज़ की कहानी एक कस्बे 'चरंदासपुर' में हो रही रहस्यमय हत्याओं पर आधारित है।
Mandla Murders Trailer: नेटफ्लिक्स ने “मंडला मर्डर्स” का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसमें वाणी कपूर, वैभव राज गुप्ता और सुरवीन चावला के साथ श्रिया पिलगांवकर, रघुबीर यादव, सिद्धांत कपूर और राहुल बग्गा जैसे शानदार एक्टर्स हैं। यह एक सीरीज है, जिसमें हर मोड़ पर एक नया सवाल उठता है और हर उत्तर अपने साथ एक नई साज़िश लेकर आता है। इसे गोपी पुथ्रन और मनन रावत ने डायरेक्ट किया है। इसके ट्रेलर रिलीज के साथ ही दर्शकों ने इसका इंतजार शुरू कर दिया है।
नेटफ्लिक्स ने रिलीज किया “मंडला मर्डर्स” का ट्रेलर
नेटफ्लिक्स ने अपने इंस्टाग्राम पर “मंडला मर्डर्स” के ट्रेलर को शेयर करते हुए लिखा, “कुछ रहस्य विज्ञान और विश्वास से परे हैं। मोल चुकाने का समय आ गया है।” यह लाइन ही इस शो की आत्मा को दर्शाती है। यहां न तो विज्ञान पूरी सच्चाई है, न ही आस्था। बल्कि कहीं बीच में एक ऐसी जमीन है जहां सवाल खड़े होते हैं और वहीं से मंडला मर्डर्स की असली शुरुआत होती है।
क्या है “मंडला मर्डर्स” की कहानी
इस सीरीज की कहानी चारंदासपुर नामक एक रहस्यमयी कस्बे से शुरू होती है, जहां कुछ अजीबोगरीब हत्याएं सामने आती हैं। ये साधारण हत्याएं नहीं, बल्कि कर्मकांडीय हत्याएं हैं, जिनका संबंध किसी गुप्त समाज से जुड़ा हुआ है और जो सदियों से अंधेरे में काम करता आ रहा है। सीरीज में दो जासूस इस केस की तह में जाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जितना आगे बढ़ते हैं, उतना ही अतीत का अंधेरा और गहरा हो जाता है। हर हत्या एक संकेत छोड़ जाती है, किसी ऐसी सच्चाई की, जिसे दुनिया ने जानबूझकर भुला दिया है।
शानदार स्टारकास्ट
वाणी कपूर, वैभव राज गुप्ता और सुरवीन चावला जैसे एक्टर्स इस सीरीज की जान हैं। इन तीनों ने अपने किरदारों में जो गहराई, असमंजस और भावनात्मक परतें दिखाई हैं, वह कमाल की हैं। इस सीरीज में श्रिया पिलगांवकर, रघुबीर यादव, सिद्धांत कपूर और राहुल बग्गा जैसे एक्टर्स भी हैं, जो इस रहस्य की परतों को खोलने में अपना अहम योगदान देते हैं।
कसा हुआ निर्देशन
गोपी पुथ्रन और मनन रावत का निर्देशन इस सीरीज को एक अलग ही ऊंचाई पर ले जाता है। एक तरफ जहां दृश्य खूबसूरत और भव्य हैं, वहीं दूसरी तरफ हर फ्रेम में एक असहज करने वाला सन्नाटा भी छिपा है। गोपी पुथ्रन कहते हैं, “हमने ऐसा संसार गढ़ा है जो असामान्य होते हुए भी यथार्थ के बहुत करीब लगता है। हर जवाब के साथ एक नया सवाल उठे, यही हमारी कोशिश थी।” सह-निर्देशक मनन रावत जोड़ते हैं, “हर एपिसोड एक नई परत खोलता है। हमने जो कहानी बुनी है, उसमें हर किरदार आपको धोखा दे सकता है या फिर आपको सच्चाई की ओर ले जा सकता है।”
कब और कहां देखें “मंडला मर्डर्स?
“मंडला मर्डर्स” 25 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर देखने के लिए उपलब्ध होगा। यदि आप थ्रिलर, रहस्य और पुरातन गूढ़ रहस्यों के शौकीन हैं, तो आपको यह सीरीज जरूर देखनी चाहिए। लेकिन यह केवल एक क्राइम स्टोरी नहीं है, यह आपके विश्वास और समझ को चुनौती देने वाला अनुभव भी है।
