Largest Dinosaur Skeleton: पुर्तगाल के पोंबल शहर में स्थित एक घर में जमीन की खुदाई के दौरान हड्डियों का ढांचा बरामद हुआ है, जो किसी सामान्य जीव का नहीं बल्कि डायनासोर का हैं। शोध के बाद वैज्ञानिकों ने कहा है कि ये कंकाल एक ब्रैकियोसोरस का है, जो शाकाहारी डायनासोर की श्रेणी में आते हैं। इनकी लंबाई करीब 82 फीट हुआ करती थी और वे आज से करीबन 15 करोड़ साल पहले धरती पर थे।
इस बारे में यूनिवर्सिटी ऑफ लिस्बन के एक शोधकर्ता एलिसाबेट मलाफिया का कहना है कि इस तरह के किसी जानवर की सभी हड्डियों और पसलियों का एक साथ मिलना किसी अचंभे से कम नहीं। दरअसल, साल 2017 में एक व्यक्ति ने जब अपने घर के आंगन में कुछ निर्माण कार्य के लिए खुदाई करवानी आरंभ की, तो उस समय कुछ हड्डियों के टुकड़े मिले थे। तभी मकान मालिक ने इसकी सूचना रिसर्च टीम को दी और उन्होंने खुदाई का काम आरंभ करवाया। लेकिन लंबे अध्ययन के बाद इस महीने पुर्तगाल और स्पेन के जीवाश्म वैज्ञानिकों ने इस बात का खुलासा किया है कि उन्हें जो ढांचा बरामद हुआ था वो 39 फीट ऊंचे और 82 फीट लंबे सॉरोपोड डायनासोर का था।
