Summary: राहुल वैद्य और निया शर्मा ने इंडिगो की महंगी टिकट्स की ओर दिलाया ध्यान
इंडिगो की फ्लाइट में पिछले दिनों हुई भारी कैंसिलेशन से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। राहुल वैद्य और निया शर्मा जैसे सेलिब्रिटी भी इससे प्रभावित हुए और बताया कि उन्हें एक टिकट के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़े।
Indigo Flight Issue: पिछले कुछ दिनों से एयरलाइन इंडिगो की फ्लाइट ने पूरे देश के यात्रियों को परेशान कर दिया है। कोई अपनी मीटिंग मिस कर रहा है, तो कोई किसी जरूरी ईवेंट में नहीं पहुंच पा रहा है। इसी अफरातफरी का शिकार बने सिंगर राहुल वैद्य और टीवी एक्ट्रेस निया शर्मा, जिन्होंने अपने-अपने अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किए। राहुल वैद्य ने गोवा से मुंबई की फ्लाइट पर 4.2 लाख उर निया शर्मा ने 54 हजार रुपये खर्च किए।
राहुल वैद्य की अब तक की सबसे महंगी घरेलू फ्लाइट

राहुल वैद्य अपने काम के सिलसिले में गोवा से मुंबई जा रहे थे और वहीं से उन्हें कोलकाता में होने वाले एक शो के लिए आगे जाना था। लेकिन इंडिगो की फ्लाइट के लगातार कैंसिल होने से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर थके हुए चेहरे के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा, “आज उड़ान भरने का सबसे बुरा दिन है। कोलकाता में आज रात शो है, और हमें अब तक पता नहीं कि हम वहां कैसे पहुंचेंगे”।
यही नहीं, उन्होंने यह भी बताया कि सिर्फ गोवा से मुंबई तक पहुंचने के लिए उन्हें 4.2 लाख रुपये खर्च करने पड़े। उनके हाथ में कई बोर्डिंग पास दिखाई दिए, जिनके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “ये बोर्डिंग पास 4.20 लाख के हैं… और यह सिर्फ बॉम्बे तक का सफर है। मुंबई से कोलकाता की फ्लाइट तो अभी अलग से लेनी होगी। यह मेरे जीवन का सबसे महंगा घरेलू सफर बन गया है।”
निया शर्मा को भी चुकाने पड़े 54 हजार रुपये

टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस निया शर्मा भी इस संकट से बच नहीं पाईं। वह भी अपनी यात्रा के दौरान फ्लाइट कैंसिल होने से परेशान रहीं और उन्हें मजबूरन महंगी टिकट खरीदनी पड़ी। उन्होंने अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “मेरा बोर्डिंग पास 54 हजार का है और यह सिर्फ एक घरेलू फ्लाइट के लिए!” निया की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, और लोगों ने एयरलाइन की लापरवाही पर सवाल उठाए। कई यात्रियों ने कमेंट्स में लिखा कि वे घंटों एयरपोर्ट पर बिना किसी जानकारी के फंस गए।
इंडिगो ने मांगी माफी
यात्रियों की नाराजगी सोशल मीडिया पर बढ़ती देख इंडिगो ने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट रिलीज किया है। एयरलाइन ने कहा कि पिछले दो दिनों में उनके नेटवर्क में मैनेजमेंट की समस्या बनी हुई है और उनकी टीम इसे सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। इंडिगो के अनुसार, इस समय रोजाना 170-200 फ्लाइट कैंसिल हो रही हैं, जो नॉर्मल से कहीं ज्यादा है। इस वजह से देश भर के कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहीं लोग घंटों लाइन में खड़े हैं, तो कहीं उन्हें इस सिलसिले किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
क्या लिखा इंडिगो ने?
एयरलाइन ने अपने स्टेटमेंट में लिखा है, “हम उन सभी यात्रियों और इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स से दिल से माफी मांगते हैं, जिन्हें इस स्थिति की वजह से परेशानी हुई है। हमारी टीम, MOCA, DGCA, BCAS और एयरपोर्ट अथॉरिटी की मदद से पूरी कोशिश कर रही है कि देरी का असर कम से कम हो और स्थिति जल्दी नॉर्मल हो सके।”
