Delhi Flood Update: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार बारिश के चलते जगह-जगह बाढ़ का असर नजर आ रहा है। वहीं लगातार बढ़ते यमुना के जल स्तर के कारण दिल्लीवालों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आज यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर तक ऊपर पहुंच गया। लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने की वजह से यमुना का स्तर बढ़ता जा रहा है।
आज इसका असर दिल्ली मैट्रो पर भी नजर आया। बाढ़ के कारण पिंक और रेड लाइन पर मैट्रो की स्पीड कम कर दी गई। वहीं दूसरी तरफ बाढ़ से प्रभावित इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
पानी की सप्लाई बाधित

इसके अलावा बाढ़ की वजह से तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं, जिसकी वजह से आने वाले कुछ दिनों तक सप्लाई बाधित होगी। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी भर चुका है, जिससे काफी बड़ी संख्या में लोग सड़क पर आ गए हैं। 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाढ़ से दूर के इलाकों में पहुंचाया गया है।
यह भी देखें-मलाला यूसुफजई के पति असर मलिक ने उनके 26वें जन्मदिन पर शेयर की मनमोहक पोस्ट: Malala Yousafzai Birthday
छतों पर रह रहे लोग

वहीं दिल्ली के ‘लोहा पुल’ इलाके में लोगों के घरों में पानी घुस चुका है, जिसकी वजह से वो घर की छतों और मंदिर की छतों पर रहने के लिए मजबूर हो गए हैं। ऐसे में लोगों को बिजली लाइन से दूर रहना चाहिए और जरूरत होने पर हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
